सरकारी आदेशों का उल्लंघन करने के आरोप में की सांसद के खिलाफ मामला दर्ज किया गया

अयोध्या पुलिस ने रोड शो के दौरान सरकारी आदेशों का उल्लंघन करने के आरोप में समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव के खिलाफ मामला दर्ज किया है.

सब-इंस्पेक्टर आलोक कुमार सिंह की शिकायत के आधार पर इनायत नगर थाने में कुछ कार्यकर्ताओं और सपा सांसद के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. न्यूज एजेंसी के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि शिकायत में अनुमति से अधिक वाहनों के इस्तेमाल समेत सरकारी आदेशों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया है. मिल्कीपुर के सर्किल ऑफिसर श्रीयश त्रिपाठी ने पुष्टि की कि “गुरुवार को आयोजित रोड शो के संबंध में एफआईआर दर्ज की गई है, जिसकी अगुवाई सपा सासंद डिंपल यादव ने की थी.”
श्रीयश त्रिपाठी ने आगे बताया कि कुमारगंज से मिल्कीपुर तक के रोड शो में भारी भीड़ के कारण रायबरेली हाइवे की दोनों लेन पर यातायात जाम हो गया था. फिलहाल, मामले की जांच चल रही है. जांच के बाद विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी. आपको बता दें कि बीते दिन मिल्कीपुर उपचुनाव में सपा प्रत्याशी के समर्थन में किए गए रोड शो की फोटोज डिंपल यादव ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भी शेयर की थीं. इसमें उनके रोड शो में भारी भीड़ और वाहनों की लंबी कतार नजर आ रही है.
डिंपल यादव सपा प्रत्याशी अजीत प्रसाद के समर्थन में चुनाव प्रचार के लिए मिल्कीपुर पहुंची थीं. इस दौरान उनके साथ पार्टी के कई नेता मौजूद रहे. जिसमें सांसद अवधेश प्रसाद, सांसद प्रिय सरोज, विधायक रागिनी सोनकर आदि बड़े नेता शामिल थे. मालूम हो कि समाजवादी पार्टी ने मिल्कीपुर सीट से सपा सांसद अवधेश प्रसाद के बेटे अजीत प्रसाद को उम्मीदवार बनाया है. वहीं, बीजेपी ने मिल्कीपुर से चंद्रभान यादव को चुनावी मैदान में उतारा है. इस सीट पर 5 फरवरी को वोटिंग होनी है और परिणाम 8 फरवरी को आएंगे.

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

More posts