संदिग्ध परिस्थितियों में सफाई कर्मी की मौत

“पुलिया के नीचे मिला सफाई कर्मी का शव पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर भेजा पोस्टमार्टम के लिए”

उनवल। खजनी ब्लॉक के सरया तिवारी गांव में तैनात सफाई कर्मी मनोज कुमार (35 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय झिनक, का शव ग्राम सभा रुद्रपुर के गौरापार में पुलिया के नीचे मिला, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मनोज मूल रूप से ग्राम सियर सरजू पार के रहने वाले थे और कुछ समय से ग्राम सभा रुद्रपुर में किराए के मकान में रह रहे थे। देर शाम वे घर से निकले थे, लेकिन सुबह पुलिया के नीचे उनका शव मिलने पर आसपास के लोग दहल उठे। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत सड़क दुर्घटना, गिरने या किसी अन्य कारण से हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

मनोज सरया तिवारी में सफाई कर्मी के पद पर कार्यरत थे। उनकी ससुराल खुटहना में है, जहां पत्नी सरिता रहती हैं। मनोज चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे, जिनमें से एक भाई भी खजनी ब्लॉक में सफाई कर्मी के रूप में तैनात है। परिवार और गांव में उनकी सादगी, मेहनत और शांत स्वभाव की काफी चर्चा रहती थी।

मनोज की अचानक मृत्यु से उनका परिवार गहरे सदमे में है। पत्नी सरिता का रो-रोकर बुरा हाल है और वे मानसिक रूप से टूट चुकी हैं। चार छोटे बच्चे विजयलक्ष्मी (कक्षा 7), साधना (प्राथमिक), नैना (कक्षा 3) और आर्यन (कक्षा 2)अपने पिता को खोजते हुए बिलखते नजर आए। घर की आर्थिक स्थिति पहले से कमजोर थी, ऐसे में बच्चों का भविष्य अधर में है।
घटना से सियर सरजू पार, रुद्रपुर और आस-पास के गांवों में शोक की लहर है।

इस संबंध में थाना प्रभारी खजनी ने बताया की पुलिया के नीचे युवक का शव मिला है। शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *