क्रासर:पुराने वाहनों का निस्तारण, जर्जर भवनों का होगा ध्वस्तीकरण।
चित्र परिचय:
ब्यूरो प्रभारी वेद प्रकाश यादव
गोला/गोरखपुर
शनिवार को गोला थाना परिसर पहुंचे एडीजी अशोक मुथा जैन ने थाना परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया और जनसुनवाई में आए फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया।
दोपहर लगभग 12:30 बजे एसएसपी राजकरण नय्यर के साथ थाना पहुंचने के बाद एडीजी ने महिला हेल्पलाइन सेंटर, कार्यालय, बंदी कक्ष, कैंटीन, आवास सहित पूरे परिसर का गहन निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के उपरांत दैनिक भास्कर से विशेष बातचीत में उन्होंने कहा कि गोला थाना अत्यंत पुराना है, समय-समय पर बिना समुचित योजना के निर्माण होने से परिसर सीमित हो गया है। थाने में वर्षों से खड़े पुराने वाहन भी अत्यधिक स्थान घेरे हुए हैं, जिससे साफ-सफाई और सौंदर्य प्रभावित हो रहा है। ऐसे सभी वाहनों का शीघ्र निस्तारण कराया जाएगा। एडीजी ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद बड़ी संख्या में नए जवान जनपद को मिलेंगे, जिनके आवास की समुचित व्यवस्था आवश्यक है। इसके लिए जर्जर और अनुपयोगी भवनों को ध्वस्त कर नए भवनों के निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
————
ट्रैफिक नियंत्रण को मिलेगी मजबूती..
यातायात व्यवस्था पर एडीजी ने कहा कि डीजीपी की ट्रैफिक कोऑर्डिनेटिंग कमेटी की योजना को जनपद के कई थानों में लागू किया जा चुका है। एसएसपी को निर्देश दिए गए हैं कि रामजानकी मार्ग से होकर गुजरने वाले अत्यधिक यातायात को देखते हुए गोला में भी यह व्यवस्था शीघ्र लागू की जाए। समर्पित ट्रैफिक टीम के गठन से यातायात सुचारु और नियंत्रित रहेगा।
———–
शिकायतों पर सख्त रुख…
जनसुनवाई में राजस्व,खनन सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं, जिनकी व्यक्तिगत जांच के लिए एडीजी ने अपर पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया।
————
लेखपालों की समस्या पर समाधान..
जनसुनवाई के दौरान लेखपालों ने भूमि विवादों में पुलिस बल समय पर न मिलने की समस्या रखी। इस पर एडीजी ने कहा कि नए जवानों के आने के बाद राजस्व मामलों के लिए एक अलग पुलिस बल तैनात किया जाएगा, जो ऐसे प्रकरणों में सहयोग करेगा। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व मामलों में पुलिस सहायता के लिए पूर्व सूचना देना आवश्यक है, ताकि समय पर व्यवस्था की जा सके।
Leave a Reply