ग़ोला के सरयू में समा गई जिंदगी: विसरा तट पर मिला किसान का शव, परिवार में मचा कोहराम

नदी किनारे कपड़े और पैर फिसलने के निशान मिलने से हादसे की आशंका
गोला बाजार। सरयू नदी ने मंगलवार को एक परिवार की खुशियां छीन लीं। गोलाउपनगर के वार्ड संख्या-5 विसरा निवासी 58 वर्षीय किसान सुरजभान यादव की सरयू नदी में डूबने से मौत हो गई। मंगलवार सुबह नदी किनारे उनका शव मिलने के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार विसरा निवासी सुरजभान यादव पुत्र अम्बिका यादव खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। सोमवार अपराह्न वह घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह घर नहीं पहुंचे तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद परिवार के लोग उनकी तलाश में जुट गए। रात भर परिजनों ने नदी किनारे सहित अन्य संभावित स्थानों पर खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
मंगलवार सुबह परिजन एक बार फिर खोजबीन करते हुए सरयू नदी के विसरा तट पर पहुंचे। इसी दौरान नदी में एक शव उतराता दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर शव की पहचान सुरजभान यादव के रूप में हुई। शव की पहचान होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *