ग्राम पंचायत लालपुर टीकर में सीडीओ की ग्राम चौपाल

ग्राम पंचायत लालपुर टीकर में सीडीओ की ग्राम चौपाल

ग्रामीणों की समस्याएँ सुनीं विभागों को मौके पर दिए निर्देश

पेंशन, राशन कार्ड, शौचालय, जल जीवन मिशन और स्वास्थ्य सेवाओं पर सबसे अधिक शिकायतें; अन्नप्राशन व गोदभराई कार्यक्रम भी संपन्न

गोरखपुर। ग्राम पंचायत लालपुर टीकर में शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) शाश्वत त्रिपुरारी की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी-अपनी समस्याएँ रखीं। सीडीओ ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही कार्यवाही के निर्देश दिए।

चौपाल में पेंशन, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, जल जीवन मिशन, पानी की टंकी निर्माण, व्यक्तिगत शौचालय, और राशन कार्ड जैसी समस्याएँ प्रमुख रहीं।

पेंशन न मिलने पर तुरंत बनाओ सूची: सीडीओ

ग्राम के श्रीराम, रामवृक्ष, भग्गन सहित अन्य ग्रामीणों ने शिकायत की कि अभी तक उन्हें वृद्धावस्था/विधवा/दिव्यांग पेंशन नहीं मिल रही है। इस पर सीडीओ ने समाज कल्याण विभाग के कर्मचारियों को मौके पर ही व्यक्तिगत रूप से पात्रता सूची तैयार करने और लंबित मामलों का निस्तारण करने के निर्देश दिए।

व्यक्तिगत शौचालय की माँग

सीमा व श्रीमती माला द्वारा व्यक्तिगत शौचालय न मिलने की शिकायत पर सीडीओ ने पंचायत सचिव को तुरंत प्रक्रिया पूर्ण कर लाभ दिलाने को कहा।

राशन कार्ड न मिलने की शिकायत

श्रीमती धानी, छोटेलाल सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि अभी तक उनका राशन कार्ड जारी नहीं हुआ है। इस पर सीडीओ ने खाद्य एवं रसद विभाग के कर्मचारी को तत्काल जाँच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

पानी की टंकी निर्माण अधूरा — जलकल विभाग को नोटिस जैसे निर्देश

कुछ ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत पानी की टंकी का निर्माण अधूरा होने और केवल पिलर तक ही कार्य रुका रहने की शिकायत की। इसे गंभीर मानते हुए सीडीओ ने जलकल विभाग को कार्य में तेजी लाने तथा देरी का कारण बताने का निर्देश दिया।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति की भी शिकायत

ग्रामवासियों ने प्राथमिक स्वास्थ्य उपकेंद्र में व्यवस्थाओं की कमी और अनियमितता की बात भी उठाई, जिस पर स्वास्थ्य विभाग को सुधार हेतु निर्देश दिए गए।

अन्नप्राशन व गोदभराई कार्यक्रम भी संपन्न

  • चौपाल के दौरान सीडीओ द्वारा नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन तथा गर्भवती महिलाओं का गोदभराई कार्यक्रम भी कराया गया।
  • इसके साथ ही उन्होंने विकास खण्ड खोराबार के विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण भी किया।
  • कार्यक्रम में निकाय, खण्ड एवं जिला स्तर के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *