महिलाओं के स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर का सफल आयोजन

Written by

in

बांसगांव, 28 फरवरी 2025:  महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाने और आवश्यक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बांसगांव में एम्स गोरखपुर के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग के तत्वावधान में एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।

इस शिविर में विभागाध्यक्ष डॉ. शिखा सेठ एवं एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. प्रीति प्रियदर्शनी ने भाग लिया और महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारी डॉ. के. एम. अग्रवाल ने इस शिविर के सफल आयोजन में अहम भूमिका निभाई।

महिलाओं को मिली निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श ,

शिविर के दौरान गर्भवती महिलाओं एवं अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रसित महिलाओं की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। उन्हें गर्भावस्था के दौरान संभावित जटिलताओं, उनके लक्षणों की पहचान और समय पर उपचार के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।

आशा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण ,

महिलाओं की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के लिए आशा स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को गर्भावस्था के दौरान उच्च जोखिम वाली स्थितियों की पहचान एवं प्रबंधन के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही, गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर की समय पर जांच एवं रोकथाम के लिए महिलाओं को प्रेरित किया गया।

एम्स गोरखपुर की निदेशक एवं सीईओ मेजर जनरल (डॉ.) विभा दत्ता ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वह हमेशा ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को बढ़ावा देने के लिए तत्पर रहती हैं, क्योंकि ये जनता के हित में बेहद लाभकारी होते हैं। उन्होंने आगे कहा कि एम्स गोरखपुर का उद्देश्य केवल उन्नत चिकित्सा सेवाएं प्रदान करना ही नहीं, बल्कि समुदाय में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाना भी है।

महिलाओं ने लिया लाभ, जागरूकता को मिला बढ़ावा ,

इस स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया। यह आयोजन गर्भवती महिलाओं एवं अन्य जरूरतमंद महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ। एम्स गोरखपुर भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा, जिससे समुदाय में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं और जागरूकता बढ़ाई जा सके।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

More posts