विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री, उ0प्र0, के द्वारा किया गया नक्षत्रशाला का निरीक्षण

दिनांक 02.12.2024 को श्री अनिल कुमार, मा0 मंत्री जी, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, उ0प्र0 के द्वारा इन्दिरा गांधी नक्षत्रशाला, लखनऊ का निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण में मा0 मंत्री जी द्वारा इन्दिरा गांधी नक्षत्रशाला, लखनऊ के आधुनिकीकरण के कार्यों की समीक्षा की गयी। मा0 मंत्री जी के साथ श्री प्रसन्न चैधरी, विधायक, शामली विधानसभा भी उपस्थित थे। इस समीक्षा में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, उ0प्र0 के प्रमुख सचिव, श्री पन्धारी यादव, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, उ0प्र0 के सचिव एवं निदेशक श्री शीलधर सिंह यादव एवं परिषद के सभी संयुक्त निदेशक एवं वैज्ञानिक अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त मा0 मंत्री जी द्वारा इन्दिरा गांधी नक्षत्रशाला, लखनऊ के नक्षत्रशाला उपकरणों के बारे में निदेशक, विप्रौप0 से जानकारी ली। इन्दिरा गांधी नक्षत्रशाला, लखनऊ मेें पूर्व में आप्टोमैकेनिकल तकनीक पर आधारित उपकरण स्थापित थे। इन उपकरणों के माध्यम से संचालित किये जा रहे नक्षत्रशाला शो को जनसामान्य हेतु मार्च, 2023 से बन्द कर दिया गया। वर्तमान में इन्दिरा गांधी नक्षत्रशाला, लखनऊ केनक्षत्रशाला उपकरणों के आधुनिकीकरण का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। नक्षत्रशाला में आप्टोमैकेनिकल तकनीक के स्थान पर डिजिटल 3 डी/2डी 8के तकनीक पर आधारित नक्षत्रशाला उपकरण स्थापित किये गये हैं। इसके साथ ही नक्षत्रशाला में नैनोसीम डोम की भी स्थापना की गयी है जिससे नक्षत्रशाला में वास्तविक रात्रि आकाश के दर्शन किये जा सकते हैं। इन उपकरणों के माध्यम से एक दिन में कई विभिन्न नक्षत्रशाला शो 3 डी/2डी में संचालित किये जा सकते हैं। यह सुविधा पूर्व में नक्षत्रशाला में नहीं थी। नक्षत्रशाला उपकरणों के माध्यम से नये नक्षत्रशाला शो भी बनाये जा सकते हैं जिन्हें जनसामान्य हेतु संचालित किया जायेगा।
निदेशक, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, उ0प्र0 द्वारा यह भी अवगत कराया गया कि नक्षत्रशाला साफ्टवेयर के माध्यम से किसी भी स्थान के रात्रि आकाश का दस हजार वर्ष आगे एवं दस हजार वर्ष पीछे के रात्रि आकाश दर्शन एवं खगोलीय नक्षत्रों की स्थिति जानी जा सकती है। वर्तमान में स्थापित हो रहे नक्षत्रशाला उपकरणों के माध्यम से न सिर्फ स्पेस साइंस एवं एस्ट्रोनामी बल्कि विज्ञान की अन्य विधायें जैसे कि भौतिकी, जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान, कला इत्यादि से सम्बन्धित प्रस्तुतीकरण भी किये जा सकेंगे। नक्षत्रशाला में अत्याधुनिक साउण्ड सिस्टम भी स्थापित किया गया है तथा भूतल पर खगोलकी प्रदर्श स्थापित किये जाने की कार्यवाही की जा रही है।
मा0 मंत्री जी द्वारा इन्दिरा गांधी नक्षत्रशाला, लखनऊ को जनसामान्य हेतु शीघ्र ही संचालित किये जाने के निर्देश दिये गये। नक्षत्रशाला को जनसामान्य के लिए अधिक सुविधाजनक बनाने, सभी विद्यार्थियों तक नक्षत्रशाला की पहुंच बनाने एवं नक्षत्रशाला टिकट्स को टिकट बुकिंग साइट्स से जोड़े जाने के निर्देष मा0 मंत्री जी द्वारा दिये गये। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, उ0प्र0 द्वारा जनपद आगरा, जनपद वाराणसी, जनपद बरेली एवं जनपद बांदा में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी पार्क की स्थापना की जा रही है। इन सभी पार्कों में नक्षत्रशाला की स्थापना भी की जायेगी। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद,उ0प्र0 द्वारा जनपद गाजियाबाद में मिनी साइंस पार्क का संचालन किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त प्रदेश के सभी मण्डलों में विज्ञान पार्क एवं नक्षत्रशाला की स्थापना शीघ्र कराये जाने के निर्देश मा0 मंत्री जी द्वारा प्रदान किये गये।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *