गोरखपुर में जेसीआई इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष का भव्य स्वागत, समाजसेवा के कई प्रोजेक्ट्स लॉन्च

गोरखपुर ब्यूरो निष्पक्ष टुडे :-

सस्टेनेबल सिपिंग, महिला सशक्तिकरण और सड़क सुरक्षा पर विशेष फोकस, मैक्स हॉस्पिटल के साथ हुआ अहम टाई-अप

गोरखपुर शहर के लिए यह दिन गर्व और प्रतिष्ठा का रहा, जब जेसीआई इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरपीपी भरत एन आचार्य का आधिकारिक दौरा सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर जेसीआई गोरखपुर मिडटाउन द्वारा कई सामाजिक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में सदस्यों, गणमान्य अतिथियों और नागरिकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय अध्यक्ष भरत एन आचार्य तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जोन अध्यक्ष गौरव सेठ की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान संगठन के सदस्यों को नेतृत्व, समाज सेवा और संगठनात्मक विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त हुए।

इस आयोजन के तहत समाजहित में कई अहम पहल की गईं। सस्टेनेबल सिपिंग प्रोजेक्ट के अंतर्गत पुनः उपयोग योग्य पानी की बोतलों का वितरण किया गया। वहीं सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए रेडियम जैकेट्स वितरित किए गए। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सिलाई मशीनों का वितरण भी किया गया। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए ऑर्गेनिक वेस्ट कम्पोस्टर को बढ़ावा दिया गया और नए एलओ एक्सटेंशन के माध्यम से संगठन का विस्तार किया गया।

नगर निगम, गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम में सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया, जबकि शाम को होटल रामाडा बाय विंडम में मुख्य समारोह का आयोजन हुआ, जहां सदस्यों के साथ संवाद और संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में मैक्स हॉस्पिटल, साकेत (नई दिल्ली) और जेसीआई इंडिया के बीच एक अहम टाई-अप स्थापित किया गया। इस अवसर पर मैक्स हॉस्पिटल के प्रतिनिधि विकास स्वरूप ने अस्पताल की आधुनिक सुविधाओं की जानकारी देते हुए औपचारिक समझौता पत्र सौंपा।

अपने संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने युवाओं की भूमिका, नेतृत्व विकास और सामुदायिक सहभागिता के महत्व पर जोर देते हुए सभी सदस्यों को समाज सेवा के कार्यों में निरंतर योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में प्रेसिडेंट सीए सौरभ अग्रवाल सहित कई पदाधिकारी, सदस्य और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और मीडिया बंधुओं का आभार व्यक्त किया।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *