दक्षिणांचल में हत्याओं की बौछार, खुलासे में फेल पुलिस!

वेद प्रकाश यादव /गोला बाजार/निष्पक्ष टुडे

18 दिन बाद भी ऋषभ हत्याकांड बना रहस्य, गगहा पुलिस पर उठे गंभीर सवाल — जनता की नजर अब कप्तान पर

गोरखपुर जिले के दक्षिणांचल क्षेत्र में लगातार हो रही हत्या की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। एक के बाद एक सामने आ रहे हत्या के मामलों से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल गहराता जा रहा है।

पुलिस प्रशासन भले ही अपराध पर “जीरो टॉलरेंस” का दावा कर रहा हो, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट नजर आ रही है। हत्या जैसे संगीन मामलों में भी पुलिस अब तक किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच पाई है।

सबसे ज्यादा सवाल गगहा थाना क्षेत्र की पुलिसिंग पर उठ रहे हैं। ऋषभ हत्याकांड को 18 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस खाली हाथ है, जिससे यह मामला अब भी रहस्य बना हुआ है। इसी बीच एक और महिला की हत्या ने पुलिस की कार्यशैली पर और भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय लोगों और सूत्रों का आरोप है कि पुलिस अपराध के खुलासे से ज्यादा मामलों को दबाने और लंबा खींचने में लगी हुई है। यही वजह है कि पीड़ित परिवारों को न्याय मिलने की उम्मीद कमजोर पड़ती जा रही है।

लोगों का कहना है कि अगर इसी तरह अपराध होते रहे और पुलिस उन्हें सुलझाने में नाकाम रही, तो आम जनता का भरोसा पूरी तरह से सिस्टम से उठ जाएगा।

अब पूरे दक्षिणांचल की निगाहें जिले के कप्तान साहब पर टिकी हैं। लोगों को उम्मीद है कि वे सख्त कदम उठाकर न सिर्फ हत्याओं का खुलासा करेंगे, बल्कि क्षेत्र में कानून का राज भी स्थापित करेंगे।

 पुलिस का पक्ष:

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर से दूरभाष पर संपर्क करने पर पीआरओ द्वारा जानकारी दी गई कि कप्तान साहब वर्तमान में वीसी में व्यस्त हैं।

उन्होंने आश्वासन दिया है कि ऋषभ हत्याकांड का खुलासा पुलिस जल्द करेगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *