भू-माफियाओं पर संगठित ठगी और जबरन वसूली का आरोप, गुलरिहा थाने में केस

ब्यूरों रिपोर्ट,निष्पक्ष टुडे (गोरखपुर)।

गोरखपुर। गुलरिहा इलाके के हरसेवकपुर नंबर दो में जमीन की बिक्री के नाम पर 2 लाख से अधिक की ठगी और धमकी देने के मामले में गुलरिहा थाने में बुधवार को चार आरोपियों के खिलाफ संगठित भू-माफिया गिरोह के तहत केस दर्ज हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, देवरिया जनपद के पुरवा चौराहा निवासी दुधनाथ मिश्रा पश्चिम बंगाल के बंकोला एरिया कालोनी, पश्चिम बर्धमान में नौकरी करतें हैं। उन्होंने गुलरिहा पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनकी पत्नी सरिता मिश्रा के नाम आराजी नं0-1951, शताब्दीपुरम कालोनी में 3 हजार वर्ग फिट जमीन है। आरोप है कि 1500 वर्गफिट जमीन बेचने के लिए 2024 में सोशल मीडिया के माध्यम से सोनू जायसवाल से संपर्क हुआ। सोनू ने जमीन खरीदने का झांसा देकर 30 अगस्त 2024 को पीड़िता के खाते में 2,01,000 रुपये आरटीजीएस से भेजा और कहा कि बाकी पैसा जल्द देकर जमीन रजिस्ट्री करा लेंगे।

कुछ महीने बाद सोनू ने अपने मित्र शाहपुर के इंद्रप्रस्थपुरम कॉलोनी निवासी सुमित धर द्विवेदी और उसके दोस्त सूर्या सिंह को आगे कर दिया। आरोप है कि सुमित धर ने बहाने से 14 मई 2025 को 50 हजार रुपये और फिर 22 अक्टूबर 2025 को 1.51 लाख रुपये वापस ले लिए। पैसा वापस मिलने के बाद भी आरोपी ने पीड़ित को धमकी दी कि इसी मोहल्ले में रहते हैं, बहुत नुकसान करेंगे, देखते हैं कौन जमीन खरीदता है।

पीड़ित के अनुसार 9 फरवरी 2026 को उसकी पत्नी के खाते में एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा 1 लाख रुपये डाल दिया गया, जिसकी सूचना उन्होंने एसबीआई कतरा, बोकारो और थानाध्यक्ष बोकारो थर्मल को दी। बाद में हरसेवकपुर नंबर- दो के लक्ष्मीपुर निवासी सूर्या सिंह ने फोन कर बताया कि पैसा उन्होंने ही डलवाया है। बैंक प्रक्रिया से वह पैसा 22 मई 2026 को वापस कर दिया गया और उसी दिन पीड़िता ने 15 सौ वर्ग फिट जमीन किसी और को रजिस्ट्री कर दी।
इसके बाद विभीषण शर्मा नाम के व्यक्ति द्वारा यह दावा किया जाने लगा कि उसने पीड़िता को 2.10 लाख रुपये और नकद 2 लाख रुपये दिए हैं, जबकि पीड़ित का कहना है कि वह विभीषण शर्मा को न जानता है, न कभी मिला है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि सुमित धर द्विवेदी, सोनू जायसवाल, विभीषण शर्मा और सूर्य प्रकाश सिंह उर्फ सूर्या सिंह ने मिलकर सुनियोजित साजिश के तहत जमीन न बिकने देने और धन उगाही के लिए यह कूट रचना की है।

बुधवार गुलरिहा पुलिस बीएनएस 316(2) की धारा में चारों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर विवेचना उप निरीक्षक अजीत कुमार यादव को सौंपी गई है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *