जनप्रिय विहार कॉलोनी में हजारों श्रद्धालुओं ने लिया भगवान शिव का आशीर्वाद, धार्मिक आयोजन ने दिया सामाजिक एकता और सेवा का संदेश।
गोरखपुर।जनप्रिय विहार कॉलोनी स्थित श्री श्री प्राचीन शिव मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक उत्सव का मंगलवार को सामूहिक रुद्राभिषेक और विशाल भंडारे के साथ भव्य एवं श्रद्धापूर्ण समापन हो गया। पूरे दिन मंदिर परिसर हर-हर महादेव और ॐ नमः शिवाय के जयघोष से गूंजता रहा।
सुबह आयोजित सामूहिक रुद्राभिषेक में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक एवं पूजन-अर्चन कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और विश्व कल्याण की कामना की।
धार्मिक अनुष्ठान के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।
शाम 6 बजे से प्रारंभ हुए विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। महिलाओं, बुजुर्गों, युवाओं और बच्चों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजन की गरिमा को बढ़ाया। मंदिर समिति एवं स्थानीय स्वयंसेवकों ने पूरे कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित ढंग से संभाला, जिसकी श्रद्धालुओं ने सराहना की।
इससे पहले वार्षिक उत्सव के अंतर्गत संगीतमय सुंदरकांड पाठ, महिला मंडल द्वारा शिव चर्चा तथा प्रसाद वितरण जैसे धार्मिक कार्यक्रम भी सफलतापूर्वक आयोजित किए गए, जिनमें क्षेत्र के लोगों की उल्लेखनीय भागीदारी रही।
मंदिर समिति ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, दानदाताओं, स्वयंसेवकों एवं क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आस्था, सेवा, भाईचारे और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं।
Leave a Reply