चाकू से गोदकर युवक की हत्या, खेत में फेका शव

Written by

in

गोला। थाना क्षेत्र के खिरकिटा दीगर उर्फ मटियरिया गांव में सरकारी ट्यूबवेल के पास गेहूं के खेत में बगल के गांव खिरकिटा दूबे के युवक का शव शनिवार की सुबह मिला, जिसकी चाकू से गोदकर हत्या की गई थी और शव को लाकर फेका गया था। सूचना मिलते ही एसपी साउथ जितेंद्र कुमार तोमर के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने फोरेंसिक टीम व डाग स्क्वायड को बुलवाया। जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाने लगा लेकिन स्वजनों ने शव रखे वाहन को रोक लिया। खबर लिखे जाने तक गांव के पास वाहन में रखा शव पड़ा हुआ था। वें लोग आरोपितों की गिरफ्तारी, सरकारी नौकरी और 50 लाख रूपया सरकारी सहायता की लिखित मांग कर रहे हैं।
मृतक के बड़े भाई पवन ने तहरीर में लिखा है कि मेरा छोटा भाई 23 वर्षीय सत्यम शुक्रवार की शाम को साढ़े छह बजे घर से बिना बताए कहीं निकला था। रात आठ बजे हमने उसको फोन किया तो उसने मेरा फोन काट दिया। पूरी रात घर नहीं आया। शनिवार को सुबह मैं थाने पर गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखाने जा रहा था, अभी रास्ते में ही था कि पिता के द्वारा फोन पर सूचना मिली कि उसकी हत्या कर दी गई है। उसका शव खिरकिटा दीगर उर्फ मटियरिया गांव के एक खेत में पड़ा हुआ है। मैंने मौके पर जाकर देखा तो पाया कि मेरे भाई की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या की गई है। उसने खिरकिटा दीगर उर्फ मटियरिया गांव के आठ लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दिया है।

पुरानी रंजिश में हुई हत्या : स्वजनों का आरोप है कि हत्या पुराने रंजिश में की गई है। मटियरिया गांव में हर साल रामलीला का मेला लगता है। दो साल पूर्व उस मेले में मृतक से मटियरिया के लोगों से विवाद हो गए था, जिसमें दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। उसके बाद दोनों पक्षों में दो से तीन बार मारपीट हो चुकी है। जिसका थाने में मुकदमा भी दर्ज है।

हत्या के बाद दूर तक तक घसीटा शव : शव को गेहूं के खेत में घसीट कर ले जाने की आशंका है। उसके शरीर पर कच्छी के अलावा कोई वस्त्र मौजूद नहीं था। फोरेंसिक टीम को शव स्थल से लेकर घटना स्थल तक जगह – जगह गिरा हुआ खून मिला है। पुलिस टीम को घटना स्थल पर मृतक का मोबाइल, मोबाइल लीड और चप्पल मिला है, जिसे सुरक्षित कर लिया गया।

सेना में भर्ती की तैयारी कर रहा था मृतक : मृतक गोला कस्बा के एक कालेज से स्नातक की डिग्री लेने के बाद सेना में भर्ती के लिए तैयारी कर रहा था। वह दो भाई और दो बहनों में सबसे छोटा था। अभी उसकी शादी नहीं हुई थी। उसके पिता रामनेवास घर पर रहकर खेती-बारी करते हैंं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *