संवाददाता: अनुनय कुमार उपाध्याय, निष्पक्ष टुडे ( मोतिहारी, बिहार )
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को कथित तौर पर पाकिस्तान के शहजाद भट्टी से धमकी मिलने का मामला सामने आया है. यह धमकी हिजाब विवाद से जुड़ी हुई है, जिसमें नीतीश कुमार पर एक मुस्लिम महिला डॉक्टर का हिजाब हटाने का आरोप लगा था. सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में शहजाद भट्टी ने नीतीश कुमार से माफी मांगने की चेतावनी दी है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए बिहार पुलिस मुख्यालय पूरी तरह सतर्क हो गया है. पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं. जांच की जिम्मेदारी पटना के पुलिस महानिरीक्षक (IG) को सौंपी गई है. डीजीपी ने कहा कि वीडियो की प्रामाणिकता, स्रोत और लोकेशन की तकनीकी जांच कराई जा रही है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, साइबर विशेषज्ञों की टीम वीडियो के डिजिटल फुटप्रिंट्स खंगाल रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि वीडियो वास्तव में पाकिस्तान से अपलोड किया गया या कोई साजिश है. साथ ही, मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है ताकि किसी संभावित खतरे से निपटा जा सके.
डीजीपी विनय कुमार ने मीडिया को बताया कि धमकी को गंभीरता से लिया गया है और पटना IG पूरे मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह मुख्यमंत्री की सुरक्षा और प्रतिष्ठा से जुड़ा मुद्दा है, इसलिए वरिष्ठ स्तर पर जांच हो रही है. किसी भी साजिश या अफवाह की गहन पड़ताल की जाएगी.
Leave a Reply