अंतिम चरण में सरयू महोत्सव की तैयारी, अधिकारियों ने देखी व्यवस्था

उपनगर के मुक्तिपथ पर होने वाले तीन दिवसीय सरयू अमृत महोत्सव की तैयारी अंतिम चरण में है। महोत्सव में कई मंत्रियों के आने की संभावना को देखते हुए एसडीएम, तहसीलदार व सीओ ने विधायक राजेश त्रिपाठी के साथ तैयारियों का जायजा लिया।

बुधवार की शाम सरयू अमृत महोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे विधायक राजेश त्रिपाठी व चेयरमैन प्रतिनिधि महेश उमर ने  एसडीएम राजू कुमार, तहसीलदार बृजमोहन शुक्ल, सीओ रत्नेश्वर सिंह, ईओ राम समुख, कोतवाल चंद्रभान सिंह के साथ बैठक कर जन सरोकार, कृषि, दिव्यांग, स्वास्थ्य मेला, वाहन पार्किंग, सरयू आरती, लोककला प्रदर्शन, गीत संगीत आदि व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। विधायक श्री त्रिपाठी ने बताया कि तीन दिवसीय महोत्सव का जिले के प्रभारी व कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह शुभारंभ करेंगे। पहले ही दिन कार्यक्रम के दूसरे चरण में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद भी शिरकत करेंगे। उन्होंने बताया कि तीनों दिन तक कई मंत्री व विधायक शिरकत करेंगे। महोत्सव में 70 वर्ष से अधिक आयु के लोगों का आयुष्मान कार्ड बनेगा, 300 दिव्यांगो को ट्राइसाइकिल वितरण के साथ ही स्वास्थ्य मेला, कृषि मेला के अतिरिक्त समाज कल्याण विभाग के भी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का मेला लगेगा। वहीं नेत्र के मोतियाबिंद का भी फ्री चेक अप और मुफ्त आपरेशन के लिए रजिस्ट्रेशन भी किया जाएगा। इस दौरान सभासद लक्ष्मण साहनी, सुरेश उमर, पवन यादव, अमरनाथ उमर, अनूप सिंह, सुनील कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहें।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *