एमसीए स्कूल बस की टक्कर से 18 माह की मासूम की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश

गोला, गोरखपुर. गोला थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में निजी स्कूल की बस की चपेट में आकर 18 माह की मासूम बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद जहां परिवार में कोहराम मच गया, वहीं ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है.
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत डेहरीभार धौसहर उर्फ बेलवाभारी निवासी सुनील कुमार की 18 माह की पुत्री नित्या सुबह करीब 6:30 बजे अपने घर के सामने मौजूद थी। बताया जा रहा है कि वह अपने बड़े भाइयों को स्कूल जाने के लिए छोड़ने बाहर आई थी। इसी दौरान एमसीए पब्लिक स्कूल गोला की बस तेज रफ्तार में वहां से गुजरी और मासूम को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसा इतना भीषण था कि बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया, घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल बस चालक अक्सर लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हैं, जिससे पहले भी हादसे की आशंका बनी रहती थी, लेकिन इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई.
###स्कूल वाहनों की जांच तेज करने की उठी आवाज
मृतका के पिता सुनील कुमार ने थाना गोला में तहरीर देकर बस चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि उनकी मासूम बच्ची की मौत के जिम्मेदार लोगों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में संचालित स्कूल वाहनों की नियमित जांच कराई जाए और लापरवाही बरतने वाले चालकों व संस्थानों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी.

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *