मान्यता से अधिक कक्षाएं चलाने पर शिक्षा विभाग की सख्ती, दो स्कूलों को नोटिस

एसडी मेमोरियल और एजेएम पब्लिक स्कूल में नियमों का उल्लंघन मिला, जांच अभियान जारी

गोला, गोरखपुर।शिक्षा विभाग ने मान्यता से अधिक कक्षाएं संचालित करने और अवैध रूप से चल रहे विद्यालयों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में खंड शिक्षा अधिकारी (एसडीआई) गोला उदय शंकर राय ने मंगलवार को क्षेत्र के कई विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पकड़ी स्थित एसडी मेमोरियल स्कूल में अनियमितता सामने आई। जांच में पाया गया कि विद्यालय को केवल कक्षा आठ तक की मान्यता प्राप्त है, जबकि मौके पर कक्षा नौ के छात्र पढ़ते हुए मिले। इस पर एसडीआई ने विद्यालय प्रबंधन को नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा और आगे कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

बुधवार को भी जांच अभियान जारी रहा। इस दौरान अतरौरा स्थित एजेएम पब्लिक स्कूल का निरीक्षण किया गया, जहां विद्यालय को केवल कक्षा पांच तक की मान्यता प्राप्त है। इसके बावजूद वहां कक्षा छह, सात और आठ का संचालन किया जा रहा था। इसे नियमों का उल्लंघन मानते हुए विद्यालय प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया।

वहीं झरकटा रोड स्थित एस. राम पब्लिक स्कूल की जांच में पाया गया कि विद्यालय अपनी निर्धारित मान्यता (कक्षा आठ तक) के अनुरूप ही संचालित हो रहा है। इसके चलते उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई, हालांकि विद्यालय प्रबंधन को नियमों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी गई।

खंड शिक्षा अधिकारी उदय शंकर राय ने स्पष्ट किया कि शिक्षा विभाग का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना मान्यता के या मान्यता से अधिक कक्षाएं संचालित करने वाले विद्यालयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर ऐसे विद्यालयों को सीज करने के साथ ही अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध और अनियमित रूप से संचालित विद्यालयों में हड़कंप मच गया है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *