स्वास्थ्य केंद्रों पर बढ़ाया जाए संस्थागत प्रसव- जिलाधिकारी जिलाधिकारी की अध्यक्षता में धनवंतरि सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित

देवरिया(सू0वि0) 27 जुलाई।  जिलाधिकारी दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में शनिवार को धनवंतरि सभागार में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अन्तर्गत गठित जिला स्वास्थ्य समिति बैठक की गयी। बैठक में जिलाधिकारी ने मातृत्व सुरक्षा योजना, बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, नियमित टीकाकरण, आशा कार्यक्रम समीक्षा, रोगी कल्याण, परिवार कल्याण, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, प्रतिरक्षण कार्यक्रम, हेल्थ एवं वेलनेस सेन्टर आदि की समीक्षा की। इस दौरान जिलाधिकारी ने सभी एमओआईसी को हिदायत दिया कि हर लाभार्थी तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचायी जाए। किसी हाल में लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
जिलाधिकारी ने समीक्षा के दौरान निर्देश दिये कि संस्थागत प्रसव को बढाया जाए। उन्होने कहा कि सभी चिकित्सक अपने दायित्वों का भली प्रकार से निर्वहन करते हुए अगले माह संस्थागत प्रसवों में बढोत्तरी लाना सुनिश्चित करें। जिन कारणों से संस्थागत प्रसवों में कमी आ रही है उनकी जांच कर आवश्यक कार्यवाही करें। एमओआईसी अपने अस्पताल परिसर से दलालों को दूर रखें। अगर कोई आशा कार्यकर्ता प्राइवेट अस्पताल में डिलेवरी कराती है तो आशा पर कार्यवाही की जाए । अगर कोई आशा प्राइवेट अस्पताल में डिलेवरी कराती है और उस गर्भवती की मृत्यु होती है तो एमओआईसी पर कार्यवाही करते हुए आशा कार्यकर्ता पर मुकदमा दर्ज कराया जाए। हेल्थ एण्ड वेलनेस सेन्टर पर स्वास्थ्य संबंधी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। परिवार कल्याण के अन्तर्गत जन सामान्य को जागरूक करते हुए प्रेरित किया जाए। जिलाधिकारी ने सभी एमओआईसी को बायोमेडिकल वेस्ट के निस्तारण की निगरानी करने का निर्देश भी दिया। उन्होंने कहा कि बायो मेडिकल वेस्ट का निस्तारण अत्यंत सावधानी के साथ कराना सुनिश्चित किया जाए। रोड पर यदि बायोमेडिकल वेस्ट बिखरे मिले तो कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय निकायों एवं बायोमेडिकल वेस्ट निस्तारण के लिए नामित फर्म के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई की जाए।
सीडीओ सीडीओ प्रत्यूष पांडेय ने कहा कि प्रत्येक गर्भवती के पंजीकरण के साथ उनकी चार बार जांच अवश्य की जाएं और उनकी समीक्षा प्रत्येक एएनएम वार की जाए। साथ ही यह सुनिश्चित कि जाए कि सभी लाभार्थी को इसका लाभ मिले। इसके साथ उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं जैसे गर्भवती पंजीकरण, बच्चों का टीकाकरण का आरसीएच पोर्टल पर शत प्रतिशत पंजीकरण अवश्य किया जाए। आशाओं के मानदेय का भुगतान समय से किया जाए। सीएमओ डॉ राजेश झा ने कहा कि आशाओं एवं आंगनबाडी कार्यकत्रियों की डोर-टू-डोर विजिट बढाई जाए ताकि नियमित टीकाकरण का लक्ष्य शत-प्रतिशत पूर्ण हो सके। सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में ओपीडी की संख्या बढाई जाए मरीजों को किसी समस्या का सामना न करना पड़े।
बैठक में सीएमएस डॉ एचके मिश्रा, एसीएमओ डॉ सुरेंद्र चौधरी, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एसके सिन्हा, जिला कार्यक्रम अधिकारी कृष्णाकांत राय, अर्बन नोडल अधिकारी डॉ आरपी यादव, जिला मलेरिया अधिकारी सीपी मिश्रा, डीपीएम पूनम, डीसीपीएम राजेश गुप्ता, जिला मातृ स्वास्थ्य परामर्शदाता विश्वनाथ मल्ल, एआरओ राकेश चंद्र सहित डब्ल्यूएचओ, यूनिसेफ, सीफार, पाथ, यूपीटीएसयू, यूएनडीपी, न्यूट्रिशन इंटरनेशनल के प्रतिनिधियों सहित सभी एमओआईसी मौजूद रहे ।
*प्रचारित प्रसारित द्वारा सूचना विभाग*

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *