ब्यूरो प्रभारी —-विनय तिवारी
बडहलगंज/गोरखपुर(निष्पक्ष टुडे) बड़हलगंज क्षेत्र के बेलसडी गांव से आजमगढ़ जनपद के जीयनपुर क्षेत्र में मंगलवार रात एक बारात में चाकूबाजी में बेलसडी गांव निवासी अमीर चंद्र साहनी की मौत हो गई। बुधवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव गांव पहुंचा, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
शव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और घर का माहौल गमगीन हो गया। आसपास के लोग भी मृतक के घर पहुंच गए। कई परिजन बार-बार बेहोश हो रहे थे, वहीं गांव के लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
बताया जा रहा है कि बड़हलगंज क्षेत्र के बेलसडी गांव निवासी परमानंद निषाद के बेटे की बारात मंगलवार को आजमगढ़ के जीयनपुर क्षेत्र में गई थी। इस बारात में गांव के अमीर चंद्र साहनी (26) पुत्र मिठाईलाल अपने साथियों के साथ बारात में गए हुए थे।
बारात में जयमाल कार्यक्रम के दौरान कूलर की हवा किस दिशा में जाएगी, इसी मामूली बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। और देखते ही देखते यह विवाद हिंसक हो गया और मारपीट में चाकूबाजी होने लगी। इस हमले में अमीर चंद्र साहनी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
वहीं, राजकुमार साहनी, अभिलाष साहनी और साहिल यादव भी गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। गांव में हर ओर शोक का माहौल में बदल गया।
Leave a Reply