ट्रिपल मर्डर से सनसनी, सनकी पोते ने दो बाबा और दादी को फावड़े से काटकर उतारा मौत के घाट

Written by

in

गोरखपुरः यूपी के गोरखपुर में शुक्रवार को तड़के ट्रिपल मर्डर से सनसनी फैल गई. सनकी पोते ने दो बाबा और दादी को फावड़े से काटकर मौत के घाट उतार दिया. आरोपी ने एक मवेशी को भी फावड़े से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी मानसिक रूप से विक्षिप्त है और उसने वारदात को किस वजह से अंजाम दिया है, इसके बारे में पूछताछ की जा रही है.

 

गोरखपुर के झंगहा थानाक्षेत्र के मोतीराम अड्डा कुईरान टोला में शुक्रवार 28 फरवरी को तड़के पोते रामदयाल मौर्य पुत्र विजय बहादुर ने बाबा कुबेर मौर्य (70 वर्ष) पुत्र स्व. गणेश, साधु मौर्य (75 वर्ष) पुत्र स्व. गणेश और दादी द्रौपदी देवी (70 वर्ष) पत्नी कुबेर को फावड़े से काटकर निर्मम हत्या कर दिया. सुबह‍ ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई, तो उन्‍होंने पुलिस को इसकी सूचना दी. मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम और डॉग स्‍क्‍वॉड ने जांच पड़ताल की. पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

 

घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी नार्थ जितेन्‍द्र कुमार श्रीवास्‍तव ने मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछताछ की. पुलिस ने आरोपी पोते रामदयाल मौर्य को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा है. यही वजह है कि उसने फावड़े से तीनों की हत्‍या करने के बाद एक मवेशी को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया है. हालांकि पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है. इसके बाद ही हत्‍या की वजह साफ हो पाएगी.

 

गोरखपुर के एसपी नार्थ जितेन्‍द्र कुमार श्रीवास्‍तव ने बताया कि झंगहा क्षेत्र में तीन लोगों की हत्‍या की सूचना मिली. वे सीओ और झंगहा इंस्‍पेक्‍टर मौके पर पहुंचे. यहां पर पोते ने अपने सगे बाबा, दादी और बाबा के सगे भाई की हत्‍या की गई है. आरोपी द्वारा फावड़े से काटकर हत्‍या की वारदात को अंजाम दिया गया है. एक पशु को भी मारा गया है. वो घायल है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. उसके पास से आलाकत्‍ल फावड़ा भी बरामद कर लिया गया है. उन्‍होंने बताया कि मृतकों के परिजनों की तहरीर पर अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है.

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *