तहसील सहजनवा में तैनात मालबाबू पर रिश्वत मांगने और धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। बरवलमाफी गांव निवासी चंद्रशेखर पुत्र स्व. राजमन ने उपजिलाधिकारी सहजनवा को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि मां के निधन के बाद उन्होंने भाई के साथ मिलकर वरासत हेतु आवेदन दिया था। खतौनी में दोनों भाइयों के नाम दर्ज भी हो गए हैं।
आरोप है कि 17 सितंबर 2025 को मालबाबू ने उन्हें फोन कर तहसील बुलाया और झूठा आरोप लगाया कि एक भाई का वरासत नहीं हुआ है तथा उसके खिलाफ शिकायत दर्ज है। जब पीड़ित ने समाधान पूछा तो मालबाबू ने 500 रुपये रिश्वत मांगी। रकम न देने पर मालबाबू ने धमकी देते हुए कहा कि “जहां शिकायत करनी हो कर लो”।
पीड़ित का कहना है कि जब उसने शिकायती पत्र देखा तो उस पर उसके भाई का फर्जी हस्ताक्षर बनाया गया था, जबकि खतौनी में दोनों भाइयों के नाम स्पष्ट दर्ज हैं। चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि मालबाबू मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न कर रहा है तथा घूस देने के लिए दबाव बना रहा है।
इस संबंध में पीड़ित ने एसडीएम सहजनवा को लिखित शिकायत देकर मालबाबू के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Leave a Reply