सहजनवा कस्बे में स्थित मुरारी इंटर कालेज में शनिवार को कुछ अलग ही नज़ारा देखने को मिला। विद्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों ने स्वयं शिक्षक की भूमिका निभाई और कक्षाओं में जाकर बच्चों को पढ़ाया। इस अनोखे आयोजन का उद्देश्य छात्रों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और शिक्षकों के प्रति आदर की भावना को जागृत करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना गीत से हुई, जिसके बाद वरिष्ठ विद्यार्थियों को विभिन्न कक्षाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई। विद्यार्थियों ने, वाणिज्य, गणित, विज्ञान, हिंदी, अंग्रेजी व सामाजिक विज्ञान जैसे विषयों को अपने ढंग से पढ़ाया। बच्चे उत्साहपूर्वक कक्षा में भाग लेते दिखे और पढ़ाई के इस अनोखे अंदाज़ का भरपूर आनंद उठाया।
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस तरह के आयोजन से छात्रों को यह अनुभव होता है कि एक शिक्षक किस तरह जिम्मेदारी, धैर्य और समर्पण के साथ शिक्षा प्रदान करता है। वहीं शिक्षकों ने भी छात्रों के प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे उनमें संवाद कौशल और अनुशासन की भावना विकसित होती है।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों को पुष्पगुच्छ, कार्ड और स्मृति चिह्न भेंट कर आभार व्यक्त किया। पूरे दिन विद्यालय का वातावरण गुरु-शिष्य परंपरा और उत्साह से सराबोर रहा।
Leave a Reply