सत्य, ज्ञान और ब्रह्म स्वरुप ‘देवरहा बाबा’ पर बनेगी फ़िल्म

“बड़े पर्दे पर दिखेगी ‘योगीराज देवरहा बाबा’ की अलौकिक गाथा, बायोपिक फिल्म बनाने की भव्य घोषणा”

भारत के महान संतों में शिरोमणि और अद्भुत सिद्धियों के स्वामी योगीराज ‘देवरहा बाबा’ के अलौकिक जीवन पर जल्द ही एक भव्य बायोपिक फिल्म बनने जा रही है। सदियों तक अपनी आध्यात्मिक चेतना और निष्काम भक्ति से करोड़ों श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करने वाले महासंत ‘देवरहा बाबा’ की जीवन यात्रा को अब बड़े पर्दे पर जीवंत किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि योगिराज ‘देवरहा बाबा’ का प्रभाव केवल आम जनमानस तक ही सीमित नहीं था। प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, अटल बिहारी वाजपेयी और मदन मोहन मालवीय जैसी महान राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां उनका आशीर्वाद लेने उनके आश्रम पहुंचती थीं।विदित हो कि देवरहा बाबा का जीवन रहस्यों और असीम कृपा से भरा रहा है। गंगा और सरयू नदी के तट पर लकड़ी के ऊंचे मचान पर रहकर साधना करने वाले बाबा अपने मस्तक-स्पर्श और चरणों के आशीर्वाद से श्रद्धालुओं के सभी दुख-दर्द दूर कर देते थे। वे कभी अन्न ग्रहण नहीं करते थे और वर्षों तक केवल नदी का जल पीकर साधना में लीन रहे। फिल्म में उनकी अद्भुत जल-सिद्धियों, वन्य जीवों पर उनके प्रेम और बिना किसी आधुनिक संचार साधन के देश-दुनिया की खबर रखने की अलौकिक क्षमता को प्रमुखता से दर्शाया जाएगा।

फिल्म निर्मात्री ने बताया कि ‘योगीराज ‘देवरहा बाबा’ के अलौकिक जीवन पर बनने जा रही यह सिनेमा इतिहास में आध्यात्मिक क्षेत्र पर बनने वाली अब तक की सबसे बड़ी और शोध-आधारित फ़िल्म होगी।’ उन्होंने आगे कहा कि ‘योगीराज देवरहा बाबा की जीवनी, आध्यात्मिक यात्रा, मचान से आशीर्वाद, अद्भुत दीर्घायु और राजनीतिक दिग्गजों से जुड़ाव आदि वर्णन सिल्वर स्क्रीन पर दिखाया जाएगा। उक्त फ़िल्म की शूटिंग उत्तर प्रदेश की पावन स्थली वृंदावन, देवरिया, प्रयागराज और वाराणसी के घाट पर की जाएगी।’

फिल्म के निर्देशक ने बताया कि ‘देवरहा बाबा किसी एक युग या कालखंड के संत नहीं थे। उन्होंने कई पीढ़ियों को सत्य और भक्ति का मार्ग दिखाया। हमारी कोशिश उनके आध्यात्मिक दर्शन और जन-कल्याणकारी जीवन को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।’ उन्होंने आगे बताया कि ‘इस फिल्म का गीत-संगीत को अध्यात्म से परिपूर्ण मधुर एवं कर्णप्रिय बनाया जा रहा है, ताकि दर्शकों को सिनेमाघर में ही शांति और भक्ति का अनुभव हो सके। फिल्म के कलाकारों और आधिकारिक शीर्षक की घोषणा जल्द ही एक भव्य कार्यक्रम में की जाएगी।’

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *