एंबुलेंस और ट्रेलर में हुई टक्कर से दो की हुई मौत, सात लोग घायल

“लखनऊ से एंबुलेंस से नाना का मृतक शरीर लेकर जा रहे थे मधुबन”

ब्यूरो प्रभारी —-विनय तिवारी

बड़हलगंज/गोरखपुर(निष्पक्ष टुडे) बड़हलगंज क्षेत्र के गायघाट गांव के सामने रविवार की सुबह छः बजे रामजानकी मार्ग पर
एंबुलेंस और ट्रेलर में हुई टक्कर से एंबुलेंस में सवार दो की मौके पर ही मौत हो गई जबकि सात लोग बुरी तरह घायल हो गये।

घायलों से मिली जानकारी के अनुसार मऊ जनपद के मधुबन कस्बे के सत्येंद्र प्रसाद के पिता 75 वर्षीय जगलाल प्रसाद का लखनऊ मे इलाज के दौरान मौत हो गई थी। परिजन एंबुलेंस से उनका मृत शरीर लेकर लखनऊ से मधुबन जा रहे थे। एंबुलेंस मे नौ लोग सवार थे। गोरखपुर से देवरिया के रास्ते बड़हलगंज होकर मधुबन जा रहे थे। सुबह छः बजे एंबुलेंस बड़हलगंज क्षेत्र के गायघाट गांव के पास पहुंची थी कि तभी बड़हलगंज की तरफ से जा रहे ट्रेलर की उससे जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद चीख़-पुकार मच गई। घटनास्थल की तरफ ग्रामीण दौड़ पड़े। घायलों को एंबुलेंस से बाहर निकाला गया। मौके पर ही 40 वर्षीय लालबहादुर व 55 वर्षीय श्रीमती तारा देवी की मौत हो चुकी थी। जब कि सत्येंद्र प्रसाद (40), लक्ष्मी देवी पत्नी सत्येंद्र प्रसाद (38), स्वाति पुत्री सत्येंद्र प्रसाद (22), शौर्य पुत्र सत्येंद्र प्रसाद (8), सात्विक पुत्री सत्येंद्र प्रसाद (10), अनीता राय पत्नी विनोद राय (44) व बाराबंकी निवासी चालक जहांगीर (30) घायल हो गये। सभी घायलों को बड़हलगंज स्थित दुर्गावती हास्पिटल पर लाया गया। संचालक/चिकित्सक डा. मनोज यादव ने बताया कि सभी घायलों का समुचित इलाज किया जा रहा हैं। मृतक लालबहादुर पशुपालन विभाग मे अधिकारी के पद पर तैनात हैं। वह मृतक जगलाल के भतीजे थे।

घटना की सूचना के बाद एसडीएम प्रशांतवर्मा, सीओ मनोज कुमार पाण्डेय व नायब तहसीलदार जयप्रकाश ने अस्पताल पहुंच कर जानकारी ली।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *