गोरखपुर। यूको बैंक की बेलघाट शाखा में 31 लाख रुपये की जालसाजी का मामला सामने आया है। बैंक की आंतरिक जांच में कैशियर द्वारा 34 ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी की पुष्टि हुई है।
जांच के अनुसार, उरुवा क्षेत्र के गुचियारी गांव निवासी कैशियर मो. कलीम ने ग्राहकों के जमा धन को हड़प लिया और बैंक में जमा नहीं किया। अयोध्या की क्षेत्रीय शाखा के उप प्रमुख नीरज कुमार ने इस मामले को लेकर एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर को पत्र लिखते हुए मुकदमा दर्ज कराने का अनुरोध किया है।
पत्र में बताया गया है कि शाहपुर स्थित बेलघाट शाखा में कैशियर ने योजनाबद्ध तरीके से ग्राहकों से पैसे लेकर जालसाजी की। बैंक प्रशासन ने इसे गंभीर मामला मानते हुए संबंधित कैशियर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
एसएसपी गोरखपुर ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। बैंक से जुड़े ग्राहक और स्थानीय लोग इस धोखाधड़ी से हैरान हैं और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Leave a Reply