बिहार राजस्व सेवा के अधिकारी सोमवार से सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। राजस्व सेवा संघ ने अपनी मांगों के समर्थन में यह निर्णय लिया है। संघ की ओर से इसकी लिखित सूचना विभाग के प्रधान सचिव सीके अनिल को पहले दे दी गई है।
दावा किया गया है कि इनके समर्थन में राजस्व कर्मचारी भी सामूहिक अवकाश पर जाएंगे। संघ की ओर से प्रधान सचिव को दिए गए पत्र में इस संवर्ग के अधिकारियों की अनदेखी का आरोप लगाया गया है।
संघ का कहना है कि पूर्व में उनके संवर्ग के लिए घोषित पदों पर बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारी तैनात किए जा रहे हैं।
अंचलाधिकारी के बाद के पद डीसीएलआर के पद पर भी उनकी तैनाती नहीं हो रही है। इस मामले में पटना हाई कोर्ट के आदेश को भी नजरअंदाज किया जा रहा है।
हाई कोर्ट ने पिछले साल जून में ही डीसीएलआर के पद पर बिहार राजस्व सेवा के अधिकारियों को तैनात करने का आदेश दिया था। लेकिन, इसे लागू नहीं किया गया।
यह मामला अब भी पटना हाई कोर्ट के विचाराधीन है। इस बीच राज्य सरकार ने राजस्व सेवा के अधिकारियों के लिए अनुमंडल राजस्व अधिकारी का पद सृजित कर दिया है। यह पद सृजन संघ को मंजूर नहीं है।
Leave a Reply