महिला सिपाही की शिकायत से मचा हड़कंप, इंस्पेक्टर पर गंभीर आरोप, एसएसपी ने दिए जांच के आदेश

महिला सिपाही की शिकायत से मचा हड़कंप, इंस्पेक्टर पर गंभीर आरोप, एसएसपी ने दिए जांच के आदे

सूर्य प्रकाश ओझा

गोरखपुर। सिकरीगंज थाने में तैनात एक महिला सिपाही की शिकायत ने गोरखपुर पुलिस महकमे में खलबली मचा दी है। महिला सिपाही ने इंस्पेक्टर पर दुर्व्यवहार और उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं।

शिकायत में कहा गया कि उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है और ड्यूटी के नाम पर बार-बार ऐसी जिम्मेदारियां सौंपी जाती हैं, जिनसे वह असहज महसूस करती है। मामला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तक पहुंचा तो उन्होंने तुरंत एसपी साउथ को जांच सौंपी। शुरुआती जांच में कुछ अलग तस्वीर सामने आ रही है, लेकिन पूरे प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधिकारी अब हर बिंदु पर गहन पड़ताल कर रहे हैं। इस मामले ने पुलिस विभाग की कार्यशैली पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

गोरखपुर के सिकरीगंज थाने में तैनात महिला सिपाही ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को दिए प्रार्थना पत्र में गंभीर आरोप लगाए। महिला ने कहा कि थाने पर उसे बार-बार परेशान किया जाता है। उसे जानबूझकर ऐसी ड्यूटी दी जाती है जिससे वह मानसिक दबाव में आ जाए। उसने आरोप लगाया कि जब उसने इस व्यवहार का विरोध किया तो थानेदार का रवैया और खराब हो गया। महिला का कहना है कि उसके साथ व्यक्तिगत बातचीत के दौरान भी अभद्र व्यवहार किया गया और कई बार उसे अप्रत्याशित ड्यूटी पर देर रात बुलाया गया।
महिला सिपाही की शिकायत मिलते ही उच्चाधिकारियों के कान खड़े हो गए। गोरखपुर एसएसपी ने इस मामले की गंभीरता को समझते हुए एसपी साउथ को पूरे प्रकरण की जांच सौंप दी। पुलिस विभाग की छवि को लेकर भी इस मामले में सतर्कता बरती जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि विवाद की जड़ छुट्टी को लेकर भी हो सकती है, लेकिन अधिकारी अब अन्य पहलुओं पर भी बारीकी से जांच कर रहे हैं, जिसमें महिला सिपाही के आरोपों की गहराई और कार्यस्थल की परिस्थितियों का विश्लेषण शामिल है।
शुरुआती जांच में सामने आया कि महिला सिपाही ने एक महीने की छुट्टी के लिए आवेदन दिया था, जो त्योहार और स्टाफ की कमी के कारण स्वीकृत नहीं हो सकी। इसके बाद उसने शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, जांच कर रहे अधिकारियों का कहना है कि मामला सिर्फ छुट्टी का नहीं लग रहा। महिला सिपाही ने जिन ड्यूटी शिफ्ट्स और व्यवहार की शिकायत की है, वह सामान्य प्रक्रिया से अलग दिख रही है। अधिकारियों के अनुसार, महिला सिपाही ने ड्यूटी समय और इंस्पेक्टर के व्यवहार को लेकर जो बातें कहीं हैं, उसमें व्यक्तिगत दबाव और अनुचित व्यवहार के संकेत भी नजर आ रहे हैं।

एसपी साउथ इस पूरे प्रकरण की जांच कर रहे हैं और जल्द ही अपनी रिपोर्ट एसएसपी को सौंपेंगे। पुलिस महकमे में भी इस मामले की चर्चा तेज हो गई है। यदि जांच में महिला सिपाही के आरोप सही पाए जाते हैं, तो इंस्पेक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई तय मानी जा रही है। वहीं, यदि शिकायत गलत पाई जाती है तो महिला सिपाही पर भी विभागीय कार्रवाई संभव है। फिलहाल पूरा विभाग इस मामले की रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है, क्योंकि इससे पुलिस की छवि और आंतरिक कार्यशैली पर भी बड़ा असर पड़ने वाला है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *