बाइक से पीछा कर पकड़ने,पीटने और घसीटकर ले जाने का आरोप
गोलाबाजार। गोला बाजार क्षेत्र में एक युवक के साथ सरेआम मारपीट और उसे दौड़ाकर पकड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो 24 जनवरी की शाम करीब 5:20 बजे का है, जो गोला के पश्चिमी चौराहे के सीसीटीवी फुटेज का बताया जा रहा है।
वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि एक युवक जान बचाकर भागता हुआ नजर आ रहा है। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन लोग पीछे से उसका पीछा करते हैं, जिसमें बाइक के बीच में बैठे युवक द्वारा चलती बाइक से ही भाग रहे युवक की गर्दन पकड़ ली जाती है। इसके तुरंत बाद पीछे से चार अन्य लोग दौड़ते हुए आते हैं, युवक को पकड़ लेते हैं और उसके साथ बेरहमी से मारपीट करते हुए उसे घसीटकर ले जाते हैं।
———–
मार्ट के कर्मचारियों पर मार-पीट का आरोप…
मामले की पड़ताल में सामने आया है कि पीड़ित युवक की पहचान प्रिंस साहनी पुत्र दौलत साहनी के रूप में हुई है, जिसका ननिहाल गोला उपनगर में बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार युवक गोला स्थित एक मार्ट में खरीदारी करने गया था,जहां उस पर कर्मचारियों द्वारा चोरी का आरोप लगाते हुए मारपीट की गई। बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान युवक किसी तरह वहां से जान बचाकर भाग निकला, जिसके बाद मार्ट के कर्मचारी बाइक और पैदल उसका पीछा करते हुए निकल पड़े। जिस गली में युवक पहुंचा, वहीं उसे दौड़ाकर पकड़ लिया गया और बुरी तरह पीटते हुए घसीटकर ले जाया गया।
——–
बाद में पुलिस के हवाले,पीड़ित ने दी तहरीर….
सूत्रों के अनुसार मारपीट के बाद मार्ट के कर्मचारियों द्वारा युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया। वहीं पीड़ित युवक ने भी पुलिस को लिखित शिकायत दी है और आरोप लगाया है कि वह केवल खरीदारी करने गया था, लेकिन कर्मचारियों ने बिना किसी ठोस सबूत के उसके साथ मारपीट की।
——–
रसूख के दबाव में मामला दबाने का आरोप…..
संबंधित मार्ट एक बड़े और नामचीन व्यक्ति से संबंधित बताया जा रहा है, जिसके चलते प्रशासन पर दबाव बनाकर मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की जा रही है। पीड़ित का कहना है कि यदि वीडियो सामने न आया होता तो शायद पूरी घटना दबा दी जाती। फिलहाल मामला पुलिस के संज्ञान में है, लेकिन वायरल वीडियो ने कानून-व्यवस्था, भीड़ द्वारा सजा देने और आम नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह होगा कि पुलिस निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई करती है।
Leave a Reply