कस्बाई क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं :गिरधारीलाल
गोलाबाजार । बैडमिंटन क्लब गोला व चंद्राश फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में उपनगर गोला के एक मैरेज हाउस में आयोजित जिलास्तरीय बैडमिंटन चैंपियनशिप प्रतियोगिता का समापन देर शाम पुरस्कार वितरण के साथ हुआ। तीन दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे खिलाड़ियों ने जबरदस्त खेल कौशल और खेल भावना का परिचय दिया।
फाइनल मुकाबले में मुबारकपुर की जोड़ी अजित एंड पार्टनर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि सराय मिल की दिलशाद एंड पार्टनर की टीम ने कड़े मुकाबले के बाद उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। समापन अवसर पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि महंत श्रीश दास एवं पूर्व चेयरमैन गिरधारीलाल स्वर्णकार ने विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी व पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए बड़ी संख्या में खेलप्रेमी,स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान मुख्य अतिथियों ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का आधार है। खेल से न केवल शारीरिक व मानसिक मजबूती मिलती है, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना भी विकसित होती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण व कस्बाई क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत है तो बस ऐसे आयोजनों की जो खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करें। मुख्य अतिथियों ने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद इस तरह की प्रतियोगिता का सफल आयोजन सराहनीय है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी ऐसे आयोजन होते रहेंगे, जिससे स्थानीय खिलाड़ी जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
कार्यक्रम के अंत में बैडमिंटन क्लब अध्यक्ष संजय गुप्ता व चंद्रांश फाउंडेशन के संस्थापक व आयोजकों ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस दौरान अनिल कुमार,पवन वर्मा,अनिरूद्ध कसौधन,डा मनीष त्रिपाठी सहित तमाम खेल प्रेमी मौजूद थे।
Leave a Reply