ईंट भट्ठे की चिमनी में आग लगाने के दौरान दो मजदूरों की मौत
ईंट भट्ठे की चिमनी में आग लगाने के दौरान दो मजदूरों की मौत,
खजनी के महिलवार गांव के दुर्गा मार्का ईंट भट्ठे की घटना,
ब्यूरो प्रभारी : संतोष कुमार त्रिपाठी
(तहसील खजनी ,गोरखपुर)
खजनी गोरखपुर। थाना क्षेत्र के महिलवार गांव में स्थित दुर्गा मार्का ईंट भट्ठे पर बीती रात मध्य रात्रि के बाद भट्ठे की चिमनी में आग लगाने के लिए उतरे दो मजदूरों की दम घुटने के कारण मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों मजदूरों के शवों को बाहर निकलवा कर कब्जे में लेकर पंचनामे के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दोनों मृतकों की शिनाख्त विकास सरोज पुत्र मोहनलाल
सरोज 27 वर्ष निवासी ग्राम रानीगंज थाना सदर कोतवाली तथा मुरली सरोज पुत्र रामलखन 50 वर्ष निवासी ग्राम ढेरौना थाना सदर कोतवाली जिला प्रतापगढ़ के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार बीती रात अपने साथी मजदूरों के साथ दोनों चिमनी के भीतर आग पूरी तरह से लगी या नहीं इसकी जांच करने के लिए भीतर उतरे थे। चिमनी के निचले हिस्से में धुंए के गुबार में फंसने से दोनों मजदूरों का दम घुटने लगा था, कड़ी मशक्कत के साथ उन्हें बाहर निकालने के साथ ही घटना की सूचना पुलिस को दी गई। हादसे में काले पड़ चुके दोनों मजदूरों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अर्चना सिंह ने बताया कि अभी दोनों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है। दाह संस्कार के बाद तहरीर मिलने पर जांच और कार्रवाई की जाएगी।
इस संदर्भ में श्रम प्रवर्तन अधिकारी धीरज सिंह ने बताया कि मृत मजदूरों को विभागीय स्तर पर हर संभव आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी।
Leave a Reply