20 साल पुरानी सड़क बदहाल, जिम्मेदार मौन

नरहन बरहज ग्राम सभा के रामबारी मार्ग पर चलना बना जोखिम।

            ब्यूरो प्रभारी-वेद प्रकाश यादव

गोलाबाजार।गोला तहसील क्षेत्र अंतर्गत नरहन बरहज ग्राम सभा के रामबारी मुख्य संपर्क मार्ग की स्थिति अत्यंत जर्जर हो चुकी है। अब सवाल यह है कि आखिर जिम्मेदार विभाग कब जागेगा और ग्रामीणों को सुरक्षित व सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराएगा।

लगभग बीस वर्ष पूर्व वर्ष 2003 में निर्मित यह सड़क लंबे समय से मरम्मत के अभाव में बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, उखड़ी गिट्टियां और टूटे किनारे राहगीरों के लिए खतरा बना हुआ है। बरसात के दिनों में जलभराव की समस्या के कारण हालात और भी गंभीर हो जाते हैं। कीचड़ और पानी से भरे गड्ढों में दोपहिया वाहन अक्सर फिसल जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण के बाद आज तक न तो इसकी नियमित मरम्मत कराई गई और न ही पुनर्निर्माण की कोई ठोस योजना बनाई गई। इस जर्जर मार्ग से स्कूली बच्चों, किसानों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। आपात स्थिति में एंबुलेंस सहित अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों को भी आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों को शिकायत दी गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला।
—-
क्या कहते हैं प्रधान…
ग्राम प्रधान लाल मोहन ने बताया कि सड़क की बदहाल स्थिति से जिम्मेदार अधिकारियों और क्षेत्रीय विधायक को अवगत कराया गया है, बावजूद इसके अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि यह सड़क मात्र तीन मीटर चौड़ी है और वर्ष 2003 में निर्माण के बाद से आज तक मरम्मत की बाट जोह रही है। यदि समय रहते ध्यान दिया जाता तो यह सड़क कब की दुरुस्त हो चुकी होती।
——
क्या कहते हैं ग्रामीण…
ग्रामीण अरुण कुमार पांडेय, शिवमूरत, जवाहर, दयाशंकर, कौशल्या देवी, रामरूप, रूमाली देवी, ऊषा देवी चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही सड़क मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *