“ग्रामीणों ने लगाया जाम, रक्षाबंधन से पहले टूटा परिवार का सहारा।”
संवाददाता– एस.पी. सिंह
सहजनवा, (गोरखपुर)।
गीडा थाना क्षेत्र के जैतपुर-बोकटा मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में कक्षा 9 की छात्रा की जान चली गई। स्कूल जा रही 15 वर्षीय मुस्कान को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार बालू लदे ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क को जाम कर दिया, जिसे पुलिस ने पहुंचकर किसी तरह शांत कराया।
मृतका की पहचान बेलवाडाडी निवासी गंगेश कुमार की पुत्री मुस्कान के रूप में हुई है। वह प्रतिदिन की तरह सुबह करीब 7 बजे साइकिल से स्कूल जा रही थी। घर से महज 500 मीटर दूर जैतपुर-बोकटा मार्ग पर पीछे से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने उसे रौंद दिया।
सूचना मिलने पर गीडा थाना प्रभारी अश्वनी पांडेय और चौकी इंचार्ज संतोष सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रक और चालक को हिरासत में ले लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
“आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया सड़क जाम।”
छात्रा की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने जैतपुर-बोकटा मार्ग को घंटों जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि टोल टैक्स बचाने के लिए बड़ी संख्या में भारी वाहन इस मार्ग का इस्तेमाल करते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने मांग की कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर तत्काल रोक लगाई जाए।
“बहन की मौत से सूनी हो गई भाइयों की कलाई।”
रक्षाबंधन से एक दिन पहले यह हादसा परिवार पर पहाड़ बनकर टूटा। मुस्कान अपने दो भाइयों मोयन और निक्कू की इकलौती बहन थी। पिता गंगेश कुमार रोज़गार के सिलसिले में कोयंबटूर में काम करते हैं। बेटी की असामयिक मौत ने पूरे परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया है। रक्षाबंधन से पहले भाइयों की कलाई सूनी रह गई।
Leave a Reply