गोरखपुर। भूमि विवाद में मारपीट होने की सूचना पर सोमवार को गुलरिहा के मानीराम टोला में पहुंचे सिपाहियों से मनबढ़ युवकों ने अभद्रता शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों के सामने ही दूसरे पक्ष को वह गाली दे रहे थे।
मोबाइल फोन से वीडियो बनाने पर सिपाहियों को गाली देने के साथ ही धक्का-मुक्की करने लगें। आरोप है कि उन्होंने मोबाइल फोन छीनने का प्रयास किया। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। गुलरिहा थाना पुलिस तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार गुलरिहा थाना क्षेत्र के महराजगंज ग्राम पंचायत के मानीराम टोले में रहने वाले गंगाराम और उनके पटीदार कपिल के बीच लंबे समय से भूमि बंटवारे को लेकर विवाद चला आ रहा है। सोमवार को कपिल के बेटे छोटू और अभिषेक का गंगाराम के परिजनों से विवाद हो गया।सूचना मिलने पर सरहरी चौकी से दो सिपाही मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवकों की हरकत को मोबाइल फोन में रिकॉर्ड करना शुरू किया। इसके बाद मनबढ़ युवक पुलिसकर्मियों से ही उलझ पड़े।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक नशे में थे और सिपाहियों से धक्का-मुक्की करते हुए उनका मोबाइल छीनने का प्रयास करने लगे।मौके पर मौजूद दूसरे व्यक्ति ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालांकि निष्पक्ष टुडे इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।घटना की जानकारी मिलते ही सरहरी चौकी प्रभारी विशाल राय मौके पर पहुंचे और तीनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने ले आए।
Leave a Reply