गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) नौका विहार के पास स्थित ताल बाजार और स्ट्रीट फूड कोर्ट में पर्यटकों की आवाजाही को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रहा है। प्राधिकरण ने मुख्य मार्ग से सीधे ताल बाजार और स्ट्रीट फूड कोर्ट तक पहुंचने के लिए एक नया प्रवेश और निकास मार्ग बनाने की योजना तैयार की है, ताकि नौकायन रोड से सीधे ये स्थान दिखाई दें। इसके अलावा, अवैध स्ट्रीट वेंडरों से सख्ती से निपटने का भी निर्णय लिया गया है।
इस परियोजना के लिए लगभग 2.50 करोड़ से 3 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। इसे लेकर दुकानदारों ने प्राधिकरण की पहल का स्वागत किया है, क्योंकि उन्हें लंबे समय से ग्राहकों की कमी की शिकायत थी। दुकानदारों का मानना है कि मुख्य मार्ग से सीधा प्रवेश मिल जाने से ग्राहक आसानी से इन स्थानों तक पहुंच सकेंगे।
सहायक अभियंता राजबहादुर सिंह के अनुसार, इस परियोजना के तहत ताल बाजार और स्ट्रीट फूड कोर्ट के लिए नए डिजाइनों पर काम शुरू हो चुका है। इसमें स्मारक, लैंडस्केपिंग, और सीटिंग एरिया जैसे सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा, तिकोना पार्क में महापुरुष के नाम पर एक स्मारक स्थल भी बनाने की योजना है, जिसे नए साल में शुरू किया जाएगा।
ताल बाजार के व्यापारियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे व्यापार के लिए फायदेमंद बताया है। व्यापारियों में अभिषेक द्विवेदी, ओम प्रकाश लखमानी, फरीद खान, केतन, शाहरूख खान, कामरान, अमित नायक, आदर्श केशरी और अजय सिंह प्रमुख हैं।
Leave a Reply