नागपंचमी पर गोरखनाथ मंदिर में होगी दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता

नागपंचमी पर गोरखनाथ मंदिर में होगी दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता
पुरस्कार वितरण एवं उत्साहवर्धन के लिए मौजूद रहेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ.
  गोरखपुर, 6 अगस्त। नागपंचमी के पावन पर्व पर गोरखनाथ मंदिर के मेला परिसर में आयोजित होने वाली कुश्ती प्रतियोगिता की परंपरा और समृद्ध होगी। गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप इस प्रतियोगिता का स्वरूप गत वर्ष से प्रदेश स्तरीय कर दिया गया है। कुश्ती संघ की तरफ से इस प्रदेश स्तरीय सीनियर प्राइजमनी पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता में विजेता पहलवानों में लाखों रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी। इस बार प्रतियोगिता में विश्व स्तरीय पहलवानों समेत 300 से अधिक पहलवान प्रतिभाग करेंगे। दो दिवसीय (8 व 9 अगस्त 2024) कुश्ती प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में उत्साहवर्धन तथा विजेताओं को पुरस्कृत करने के लिए मुख्यमंत्री 9 अगस्त को खुद मौजूद रहेंगे।    

यह जानकारी मंगलवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष एवं अंतरराष्ट्रीय पहलवान दिनेश सिंह ने दी। उन्होंने कहा कि नागपंचमी पर्व पर देशज खेलों की प्राचीन परंपरा रही है। गोरखनाथ मंदिर का भी इस परंपरा से गहरा जुड़ाव है। मंदिर में हर वर्ष इस पर्व पर कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन होता है। कुश्ती को बढ़ावा देने के लिए गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर बीते कुछ साल से प्रतियोगिता का स्वरूप विराट कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तरीय सीनियर प्राइजमनी पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता उत्तर प्रदेश केसरी, उत्तर प्रदेश कुमार व वीर अभिमन्यु तीन वर्गों में होगी। इसमें प्रदेश के विभिन्न मंडलों, कुश्ती छात्रावासों, स्पोर्ट्स कॉलेजों समेत गाजियाबाद, नोएडा, बनारस आदि जिलों व वके पहलवान भाग लेंगे। उत्तर प्रदेश केसरी के विजेता को पुरस्कार के रूप में 1.01 लाख रुपये नकद व गदा तथा उप विजेता को 51 हजार रुपये प्राप्त होंगे। उत्तर प्रदेश कुमार वर्ग में विजेता को 51 हजार रुपये नकद व गदा और उप विजेता को 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी। जबकि वीर अभिमन्यु का खिताब जीतने वाले को 51 हजार रुपये नकद व गदा तथा उप विजेता को 25 हजार रुपये का पुरस्कार प्राप्त होगा।   

 सिंह ने बताया कि कुश्ती प्रतियोगिता का उद्घाटन 8 अगस्त 2024 को दोपहर 12:30 बजे से होगा जबकि समापन व पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम 9 अगस्त 2024 को दोपहर बाद 3 बजे होगा। समापन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बतौर मुख्य अतिथि खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन व पुरस्कार वितरण के लिए उपस्थित रहेंगे। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी आले हैदर, जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष अरुणेश शाही और कुश्ती प्रशिक्षक चन्द्रविजय सिंह आदि भी उपस्थित रहे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

More posts