बांसगांव। बांसगांव-माल्हनपार मार्ग पर जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज के पास एक दुखद सड़क हादसे में फुलहर बुजुर्ग निवासी इमरान अंसारी (48 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय सुलेमान अंसारी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि इमरान किसी जरूरी काम से मोटरसाइकिल से बांसगांव जा रहे थे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल इमरान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांसगांव लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इमरान अंसारी फुलहर बुजुर्ग (थाना बांसगांव) के निवासी थे और अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। पत्नी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही बांसगांव पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के पुत्र रहमान की तहरीर पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Leave a Reply