गोरखपुर। दिग्विजयनाथ स्नातकोत्तर महाविद्यालय के वाणिज्य विभाग में सोमवार को “रिसर्च प्रोजेक्ट एवं शैक्षणिक अनुसंधान पद्धति” विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में शोध के प्रति रुचि जागृत करना, अनुसंधान की प्रक्रिया को सरलता से समझाना तथा उच्च शिक्षा में रिसर्च आधारित अधिगम को प्रोत्साहित करना था।
मुख्य वक्ता डॉ. सुभाष कुमार गुप्ता ने शोध प्रोजेक्ट की रूपरेखा, उपयुक्त शोध शीर्षक का चयन, समस्या कथन, साहित्य समीक्षा, शोध पद्धति, डेटा संग्रहण, विश्लेषण और रिपोर्ट लेखन तक की संपूर्ण प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने उदाहरणों के माध्यम से शोध कार्य में आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान के तरीकों को भी स्पष्ट किया।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शोध समाज के विकास, ज्ञान-विस्तार और शैक्षणिक प्रगति का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से निष्पक्षता, ईमानदारी और मौलिकता को अनुसंधान की मूल भावना के रूप में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती रानी द्विवेदी ने किया, जबकि आभार ज्ञापन डॉ. चंडी प्रसाद पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. संजीव कुमार सिंह, डॉ. संजय कुमार त्रिपाठी, डॉ. अभय कुमार मालवीय, दीपक कुमार साहनी सहित छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
उक्त जानकारी डॉ. शैलेश कुमार सिंह, मीडिया प्रभारी ने दी।
Leave a Reply