तीन महीने से वेतन न मिलने से आर्थिक संकट, उपजिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, नियमित भुगतान की मांग।
संवाददाता– एस.पी. सिंह
सहजनवां, (गोरखपुर)।
गोरखपुर। सहजनवां क्षेत्र में बिजली मीटर रीडिंग का कार्य करने वाले कर्मचारियों ने फ्लूएंटग्रीड लिमिटेड कंपनी पर तीन माह से वेतन न देने का आरोप लगाया है। कर्मचारियों ने सोमवार को तहसील दिवस पर उपजिलाधिकारी सहजनवां को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए लंबित वेतन का तत्काल भुगतान कराने की मांग की।
कर्मचारियों का कहना है कि वे लगातार कार्य कर रहे हैं, लेकिन पिछले तीन महीनों से उन्हें वेतन नहीं मिला, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट गहरा गया है। परिवार के भरण-पोषण में कठिनाइयाँ उत्पन्न हो रही हैं और रोजमर्रा के खर्च पूरे करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने बताया कि कई बार कंपनी प्रबंधन से संपर्क करने के बावजूद कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
शिकायती पत्र में कर्मचारियों ने मुख्य रूप से तीन मांगे रखी हैं। तीन माह का बकाया वेतन तत्काल दिलाया जाए, आगे से नियमित एवं समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए, और कंपनी प्रबंधन को जवाबदेह बनाकर समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में रामबुझारत, रामाधीन, नीरज, प्रदीप, उमाशंकर, गिरधारी, राजा, प्रमोद, विशाल समेत दर्जनों मीटर रीडर शामिल रहे।
Leave a Reply