एनसीसी कैडेटों का संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर प्रारंभ

551 कैडेट्स कर रहे प्रशिक्षण, आत्मनिर्भरता व अनुशासन का मिलेगा संदेश।

गोरखपुर। 44 यू.पी. बटालियन एनसीसी, गोरखपुर के तत्वावधान में सेन्ट्रल पब्लिक एकेडमी, चौरी चौरा, गोरखपुर में संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-164 का भव्य शुभारंभ किया गया। यह दस दिवसीय शिविर 8 अक्टूबर से 17 अक्टूबर 2025 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें कुल 551 कैडेट्स प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।

शिविर के उद्घाटन अवसर पर कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल रमन तिवारी ने कैडेटों को संबोधित करते हुए कहा कि एनसीसी केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा,

अनुशासन, नेतृत्व और आत्मनिर्भरता का विद्यालय है। उन्होंने कैडेटों से देशहित में सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया।
सूबेदार मेजर एम. अब्राहम ने कैडेटों को बताया कि इस शिविर में उन्हें हथियार संचालन, फायरिंग प्रशिक्षण, आत्मरक्षा, मानचित्र अध्ययन और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण से न केवल शारीरिक क्षमता बढ़ती है, बल्कि नेतृत्व और आत्मविश्वास भी विकसित होता है।

शिविर में डिप्टी कैंप कमांडेंट कैप्टन सी पी त्रिपाठी, कैंप एजुटेंट अनिल गुप्ता, लेफ्टिनेंट वंदिता त्रिपाठी, सूबेदार कंवराज भाटी एवं पी.आई. स्टाफ उपस्थित रहे।

यह प्रशिक्षण शिविर युवा कैडेटों में देशभक्ति, अनुशासन और नेतृत्व भावना को सशक्त बनाने की दिशा में एक प्रेरक पहल माना जा रहा है। वहीं इस शिविर में इंटर ग्रुप बास्केटबाल कंपटीशन का भी आयोजन किया जाएगा।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *