खरीद व्यवस्था से डीएम संतुष्ट, केंद्र पर टीन शेड और पेयजल की व्यवस्था कराने के दिए निर्देश।
संवाददाता– एस.पी. सिंह
सहजनवा, (गोरखपुर)।
मंगलवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा ने सहजनवा स्थित मंडी परिषद प्रथम और द्वितीय धान क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर चल रही धान खरीद प्रक्रिया का जायजा लिया और किसानों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली।
मौके पर उपस्थित किसान धनश्याम मिश्र, निवासी मिश्रावलिया, विश्वनाथ यादव, निवासी कटाई टिकर और विनय शुक्ल, निवासी मुंडा से डीएम ने बातचीत की। किसानों ने बताया कि केंद्र पर खरीद प्रक्रिया सुचारु रूप से चल रही है, जिससे डीएम संतुष्ट दिखे।
डीएम ने केंद्र प्रभारी से किसानों के रजिस्ट्रेशन और भुगतान प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। प्रभारी ने बताया कि किसान स्वयं अपना रजिस्ट्रेशन और वेरिफिकेशन कराकर आते हैं। भुगतान खरीद होने के 24 घंटे के भीतर किसानों के खाते में भेज दिया जाता है।
जिलाधिकारी ने धान उठान व्यवस्था की जानकारी भी ली, जिस पर बताया गया कि ठेकेदार के माध्यम से धान का उठान कराया जाता है। उन्होंने केंद्र पर किसानों की सुविधा के लिए टीन शेड और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया।
खरीद रजिस्टर की जांच में पता चला कि अब तक 48 किसानों से कुल 1338 कुंतल धान की खरीद की जा चुकी है।
निरीक्षण के दौरान केंद्र प्रभारी रंजन सिंह और मंडी सचिव श्याम सुंदर मौजूद रहे।
Leave a Reply