Category: ब्रेकिंग न्यूज़
-

लखनऊ डीएम विशाख जी. अय्यर ने 6 मार्च को होने वाली आबकारी ई लॉटरी प्रक्रिया का किया निरीक्षण
लखनऊ डीएम विशाख जी. अय्यर ने कल 6 मार्च 2025 को होने वाली आबकारी ई लॉटरी प्रथम चरण प्रक्रिया की व्यवस्थाओं का जायज़ा लेने के उद्देश्य इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित जुपिटर हाल का किया निरीक्षण।
“लाॅटरी की प्रक्रिया प्रातः 10ः00 बजे से 11ः45 तक होगी तो आवेदकों को प्रातः 09ः30 बजे उपस्थित होना अनिवार्य”
लखनऊ, 5 मार्च। कल 6 मार्च 2025 को होने वाली आबकारी ई लाॅटरी प्रथम चरण प्रक्रिया की व्यवस्थाओं का जायज़ा लेने के उद्देश्य से जिलाधिकारी लखनऊ श्री विशाख जी0 द्वारा इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित जुपिटर हाल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (नगर-पूर्वी) श्री अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री राकेश सिंह, जिला आबकारी अधिकारी श्री करुणेन्द्र सिंह, डी0सी0पी0 पूर्वी श्री शशांक सिंह, डीआईओ एनआईसी श्री सौरभ उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान आबकारी अधिकारी द्वारा आवेदकों के बैठने की व्यवस्था के बारे में अवगत कराया गया कि हाॅल में 2000 लोगों के बैठने की व्यवस्था है, शेष लोगों को लाटरी प्रक्रिया का सजीव प्रसारण देखने हेतु हाॅल के बाहर व्यवस्था की गई है। आबकारी लाॅटरी की लाइव स्क्रीनिंग हेतु हाॅल के अन्दर प्रवेश द्वार के पास 4 स्क्रीन तथा 1 एल0ई0डी0 स्क्रीन की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त हाॅल के बाहर भी एक स्क्रीन की व्यवस्था की गई है, जिसके माध्यम से हाॅल के बाहर बैठे आवेदकों को लाइव सूचना प्राप्त होती रहेगी। जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिए गए कि परिसर में पेयजल के लिए वाटर डिस्पेंसर और डस्टबिन की व्यवस्था को भी सुनिश्चित कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिए गए कि आवेदकों की सूची हाल के बाहर सूचनापट लगाकर प्रदर्शित की जाए। साथ ही आवेदकों को पूर्व में ई लाॅटरी की प्रक्रिया की जानकारी देना सुनिश्चित किया जाए। *लाॅटरी की प्रक्रिया प्रातः 10ः00 बजे से 11ः45 तक होगी तो आवेदकों को प्रातः 09ः30 बजे उपस्थित होना अनिवार्य होगा।* आवेदकों के पास लॉटरी पोर्टल से निर्गत फोटोयुक्त पंजीकरण स्लिप व मूल पहचानपत्र होना आवश्यक है। प्रत्येक प्रवेश द्वार पर डी0एफ0एम0डी0 की व्यवस्था को सुनिश्चित कराया जाए। मीडिया कर्मियों व पत्रकार बंधुओं के बैठने की व्यवस्था हाॅल के अन्दर बनी गैलरी में की जायेगी। उक्त के साथ ही मुख्य चिकित्साधिकारी को लाटरी स्थल पर एम्बुलेंस की व्यवस्था और अग्निशमन विभाग को फायर टेंडर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक प्रवेश द्वार व परिसर के एंट्री/एग्जिट पॉइंट्स पर मजिस्ट्रेट व पुलिस की टीम की तैनाती सुनिश्चित की गई है।
-

फूड विभाग की टीम ने राजघाट हार्वर्ड बंधे के पास पकड़ा मिलावटी जीरा
गोरखपुर । आम जनमानस को सुरक्षित खाद्य पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी होली पर्व और रमजान, ईद के त्यौहार के दृष्टिगत रखते हुए सहायक आयुक्त खाद्य डॉ सुधीर कुमार सिंह व मुख्य सुरक्षा अधिकारी हितेंद्र मोहन त्रिपाठी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मुखबिर खास की सूचना पर राजघाट थाना क्षेत्र के हॉवर्ड बंधे के पास से मिलावटी जीरा और बादाम को बरामद किया गया है। प्रथम दृष्टया जीरा में मिलावट प्रतीत होने पर उसके नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला हेतु जांच के लिए भेजा गया है।
सहायक आयुक्त खाद्य डॉ सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य पदार्थों की जांच के लिए टीम गठित की गई है मुखबिर खास से सूचना मिली कि एक गाड़ी पर मिलावटी जीरा और बादाम लाद कर साहबगंज मंडी लाया जा रहा है टीम ने घेराबंदी करके गाड़ी को रोक कर चेक किया गया तो उसमें 20 बोरी जीरा 40 किलो में मिला है। जीरे के पैकेट पर 150 रुपए लिखा होने पर संदेह हुआ और उसकी जांच की गई तो उसमें सौफ के बीज, लकड़ी और मिट्टी मिला पाया गया। जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। जिसका नमूना लेकर सामान को जप्त कर लिया गया है । गाड़ी पर 20 बोरी जीरा और बादाम लगा था हालांकि बादाम के मालिक वर्मा किराना स्टोर ने बादाम को अपना बताया है उसके सैंपल लिए गए हैं जीरा के मालिक अभी सामने नहीं आए हैं बिल वाउचर ले लिया गया है और इस मामले में मुकदमा भी दर्ज कराया जा रहा है । जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि जो कारोबारी बार-बार मिलावटी सामान की बिक्री करते पाए जाएंगे तो उनके लाइसेंस को हमेशा के लिए निरस्त किया जाएगा और उनके और उनके परिवार के किसी भी सदस्य को लाइसेंस जारी नहीं किया जाएगा और उनके नाम को अखबारों में भी प्रकाशित कराया जाएगा।
-

मुख्यमंत्री पहुंचे गोरखपुर, कल करेंगे ब्याज मुक्त लोन का वितरित
गोरखपुर ब्रेकिंग न्यूज़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज शाम को गोरखनाथ मंदिर पहुंच कर, महायोगी बाबा गुरु गोरखनाथ और महंत अवैद्यनाथ जी का दर्शन-पूजन कर लिया आशीर्वाद।
कल, 6 मार्च को सीएम योगी बाबा गंभीर नाथ प्रेक्षा गृह में 2500 लाभार्थियों को ₹125 करोड़ का ब्याज मुक्त लोन वितरित करेंगे।
-

होली पर सीएम योगी की नरसिंह शोभायात्रा: रूट के घरों का पुलिस ने किया वेरिफिकेशन
“होली पर सीएम योगी की नरसिंह शोभायात्रा: रूट के घरों का पुलिस ने किया वेरिफिकेशन”
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की परंपरागत नरसिंह शोभायात्रा को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। शोभायात्रा के रूट पर आने वाले घरों का पुलिस द्वारा डोर-टू-डोर वेरिफिकेशन किया जा रहा है। होली के दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हर साल की तरह घंटाघर से निकलने वाली नरसिंह शोभायात्रा में शामिल होंगे। यह यात्रा गोरखपुर के विभिन्न इलाकों से होते हुए निकलेगी। इसी को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
“पुलिस ने लिए आधार कार्ड और किरायेदारों की जानकारी”
मंगलवार को तिवारीपुर थाना क्षेत्र के घासी कटरा में पुलिस ने घर-घर जाकर परिवार के सदस्यों की संख्या, उनके आधार कार्ड और किराएदारों की जानकारी जुटाई। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से यह भी पूछा कि होली के दिन घर में कितने लोग मौजूद रहेंगे।
“पूरे रूट पर सघन जांच”
पुलिस प्रशासन शोभायात्रा के पूरे रूट पर हर घर का वेरिफिकेशन कर रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने सभी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की हिदायत दी है। प्रशासन का कहना है कि शोभायात्रा को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
-

तेज हवाओं ने बढ़ाई दिल्ली में ठंड
राजधानी दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में मंगलवार यानी 4 मार्च से तेज हवाओं का सिलसिला जारी है. आज (5 मार्च) सुबह के वक्त भी ये हवाएं चल रही हैं. इससे तापमान में भी कमी देखने को मिल रही है. तेज हवाओं से दिल्ली का न्यूनतम तापमान आज घटकर 11 डिग्री सेल्सियस हो सकता है और अधिकतम तापमान भी 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
-

सीएम योगी को बम से उड़ाने की धमकी
“सीएम योगी को बम से उड़ाने की धमकी, VIDEO वायरल होने के बाद मचा हड़कंप”
सीएम योगी आदित्यनाथ को एक व्हाट्सएप ग्रुप पर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी भरा वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। धमकी देने वाले की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
-

‘एक नाविक परिवार ने कुंभ में 45 दिन में 30 करोड़ की कमाई की’
‘एक नाविक परिवार ने कुंभ में 45 दिन में 30 करोड़ की कमाई की’
CM योगी के मुताबिक ;
नाविक परिवार के पास टोटल नाव थीं: 130 ,
45 दिन में एक नाव की कमाई: 23 लाख की कमाई।
एक नाव की प्रतिदिन इनकम: करीब 50-52,000 रुपये।
-

होली त्योहार मनाने पर विद्वत्जनों ने दिया अपना मत
“होली त्योहार मनाने पर विद्वत्जनों ने दिया अपना मत”
“शास्त्रीय मतानुसार होली 15 मार्च को मनेगा-पं बृजेश पाण्डेय ज्योतिषाचार्य”
संवाददाता: सूर्य प्रकाश ओझा
गोरखपुर। विद्वत् जनकल्याण समिति द्वारा संचालित भारतीय विद्वत् महासंघ की एक आवश्यक बैठक होली महापर्व को लेकर उपजी भ्रांतियों को देखते हुए किया गया। बैठक में शास्त्रीय मत से निर्णय हुआ कि होली 15 मार्च दिन शनिवार को मनाई जाएगी।
महासंघ के महामंत्री पं बृजेश पाण्डेय ज्योतिषाचार्य ने बताया कि फाल्गुन शुक्ल पक्ष पुर्णिमा तिथि रात्रि में मिलने पर होलिका दहन किया जाना चाहिए तथा भद्रा भी न हो,भद्रा में होलिका जलाने से अमंगलकारी माना जाता है और समाज व राष्ट्र हित मे अशुभ होता है। इसलिए इस बार 14 मार्च को रात में पूर्णिमा नहीं मिल रही है। इसलिए 13 मार्च दिन बृहस्पतिवार को दिन में 10 बजकर 2 मिनट से पुर्णिमा लग जा रहा है तथा 14 मार्च को दिन में 11 बजकर 11 मिनट तक ही है, तथा 13 मार्च को 10 बजकर 37 मिनट रात्रि तक भद्रा है।तत्पश्चात होलिका दहन करना श्रेयस्कर होगा।14 मार्च को उदया तिथि में प्रतिपदा न मिलने के कारण 15 मार्च को औदायिकी में होली खेलना श्रेयस्कर होगा।इस दिन बसन्तोत्सव,रंगोत्सव،साभ्यंग स्नान,चूतकुसुम प्रकाशन,रतिकांम महोत्सव आदि मनाया जाना चाहिए।इसका उपस्थित पदाधिकारियों व सदस्यों ने समर्थन किया तथा सभी ने कहा कि सभी आम जनमानस 15 मार्च को ही होली का पर्व मनाएं।बैठक में पं रबिंद्रनाथ मिश्र अध्यक्ष, पं राजेश कुमार मिश्र उपाध्यक्ष,पं बृजेश पाण्डेय ज्योतिषाचार्य महामंत्री, पं शेषमणि पाण्डेय कोषाध्यक्ष पं रमेश पाण्डेय मंत्री, पं अश्वनी कुमार तिवारी संयुक्त मंत्री, पं अश्वनी कुमार मिश्र सलाहकार, पं वैद्यनाथ द्विवेदी अध्यक्ष ज्योतिष यज्ञ संस्कार समिति,पं मनोज कुमार तिवारी उपाध्यक्ष ज्योतिष यज्ञ संस्कार समिति पं अरविंद पाण्डेय,पं नवरत्न दूबे, पं उमेश शुक्ला,पं रमानाथ उपाध्याय,पं सुनील मणि तिवारी,पं कमलाकांत ओझा, पं रामप्रसन्न मिश्र , पं राधा कृष्ण पाठक, पं प्रमोद पाण्डेय,पं राधेश्याम तिवारी,पं पवन तिवारी,पं धनंजय द्विवेदी, पं राजू मिश्र आदि लोगों की उपस्थिति एवं सहमति हुयी। -

गोरखपुर की बेटी निहारिका को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का स्नेहिल आशीर्वाद
“गोरखपुर की बेटी निहारिका को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का स्नेहिल आशीर्वाद – प्रतिभा, परिश्रम और प्रेरणा की अद्वितीय मिसाल”,
गोरखपुर। भारत के गौरवशाली भविष्य की आधारशिला रखने वाले इंडिया इंटरनेशनल आर्बिट्रेशन सेंटर ( आईआईएसी ) के भव्य कोलोकियम में एक ऐतिहासिक क्षण तब साकार हुआ जब देश के उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ ने गोरखपुर की प्रतिभाशाली बेटी निहारिका से हाथ मिलाया और उनकी उपलब्धियों की सराहना की। यह केवल एक साधारण भेंट नहीं थी, बल्कि यह भारत के युवा प्रतिभाओं के सम्मान और स्वीकृति का एक गौरवशाली प्रतीक था। इस महत्वपूर्ण अवसर पर आईआईएसी के चेयरमैन, सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश हेमंत गुप्ता भी मंच पर उपस्थित थे, जिन्होंने देश में आर्बिट्रेशन और वैकल्पिक विवाद समाधान प्रणाली को नई दिशा देने पर विचार साझा किए।
“निहारिका: संकल्प, साधना और सफलता की त्रिवेणी”
गोरखपुर की पावन धरा, जो साहित्य, शिक्षा, संस्कृति और अध्यात्म की अमूल्य धरोहर रही है, ने निहारिका जैसी मेधावी संतान को जन्म दिया, जिसने अपनी लगन, परिश्रम और ज्ञान के बल पर न केवल अपने परिवार और नगर बल्कि संपूर्ण देश का नाम रोशन किया है।
गोरखपुर के प्रतिष्ठित कार्मल गर्ल्स इंटर कॉलेज से अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त करने के उपरांत, निहारिका ने अपनी अद्भुत मेधा और प्रखर बुद्धि के बल पर बीटेक (सिविल) की उपाधि जेएसएस नोएडा से प्राप्त की। सिविल इंजीनियरिंग, जो किसी भी राष्ट्र की अधोसंरचना और प्रगति की नींव होती है, उसमें उत्कृष्टता हासिल करना यह सिद्ध करता है कि निहारिका न केवल तकनीकी दक्षता में निपुण हैं, बल्कि उनके भीतर राष्ट्र निर्माण की भावना भी समाहित है। उनकी सोच, उनके विचार और उनके कार्य, समाज के विकास और प्रगति के प्रति उनकी गंभीर प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
“माता-पिता: निहारिका की सफलता के प्रेरणा स्तंभ”
किसी भी व्यक्ति की सफलता के पीछे उसकी पारिवारिक पृष्ठभूमि और उसके अभिभावकों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। निहारिका अपनी इस उपलब्धि का संपूर्ण श्रेय अपने माता-पिता को देती हैं। उनके पिता, वरिष्ठ पत्रकार श्री पीपीएन उपाध्याय जी और माता श्रीमती सीमा उपाध्याय जी, उनके लिए केवल माता-पिता नहीं, बल्कि जीवन के मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत भी हैं।
श्री पीपीएन उपाध्याय जी, जिन्होंने पत्रकारिता जगत में निष्पक्षता, सत्यनिष्ठा और निर्भीकता के नए प्रतिमान स्थापित किए, उनके विचारों और सिद्धांतों ने निहारिका को न्याय और कर्तव्यपरायणता का पाठ पढ़ाया। वहीं, उनकी माता श्रीमती सीमा उपाध्याय जी ने उन्हें संस्कार, आत्मविश्वास और धैर्य का पाठ पढ़ाकर एक सशक्त और आत्मनिर्भर व्यक्तित्व प्रदान किया। माता-पिता के आशीर्वाद और शिक्षाओं का ही परिणाम है कि निहारिका आज देश के शीर्ष मंचों पर अपनी पहचान बना रही हैं।
“गोरखपुर: एक ऐतिहासिक नगर, जो मेधा और मेधा-सृजन का केंद्र है”
गोरखपुर केवल एक नगर नहीं, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, साहित्य, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण की संजीवनी भूमि है। यह वही भूमि है जिसने महात्मा बुद्ध को ज्ञान दिया, गोरखनाथ को तपस्या का स्थान दिया, फिराक गोरखपुरी को साहित्य में विशिष्ट पहचान दी और अनगिनत शिक्षाविदों, वैज्ञानिकों, समाजसेवियों और पत्रकारों को जन्म दिया।
इस पुण्यभूमि की माटी में जन्मी निहारिका ने यह सिद्ध कर दिया कि अगर संकल्प अडिग हो और मार्गदर्शन सही हो, तो भारत के छोटे शहरों के युवा भी विश्व मंच पर अपनी चमक बिखेर सकते हैं। उपराष्ट्रपति द्वारा निहारिका से की गई भेंट इस बात का प्रमाण है कि देश की युवा शक्ति अब केवल परिधि में सीमित नहीं, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना परचम लहरा रही है।
“गौरवमयी क्षण: जब उपराष्ट्रपति ने निहारिका को सराहा”
यह क्षण केवल निहारिका के लिए ही नहीं, बल्कि गोरखपुर और संपूर्ण उत्तर प्रदेश के लिए गौरवशाली था, जब देश के उपराष्ट्रपति ने उनके कार्यों को मान्यता दी। इस भेंट ने यह सिद्ध कर दिया कि प्रतिभा किसी क्षेत्र, परिवार, वर्ग या परिस्थिति की मोहताज नहीं होती। जिनमें आत्मविश्वास, मेहनत और ईमानदारी होती है, वे अपनी पहचान स्वयं बना लेते हैं।
“निहारिका का भविष्य: संभावनाओं का असीम विस्तार”
यह उपलब्धि निहारिका के लिए मात्र एक पड़ाव नहीं, बल्कि एक नए युग की शुरुआत है। उनके ज्ञान, दृष्टिकोण और नवोन्मेषी सोच ने यह सिद्ध कर दिया कि वे आने वाले समय में राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए पूर्ण रूप से सक्षम हैं। तकनीकी दक्षता के साथ-साथ उनकी नेतृत्व क्षमता और विचारशीलता उन्हें वैश्विक स्तर पर भी प्रतिष्ठा दिलाएगी।
“युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत”
निहारिका की यह सफलता संपूर्ण गोरखपुर के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। यह संदेश देती है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मार्गदर्शन सही मिले, तो कोई भी कठिनाई सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकती। उनकी यह उपलब्धि यह दर्शाती है कि सच्ची लगन और आत्मविश्वास के साथ कोई भी व्यक्ति असाधारण ऊँचाइयों तक पहुँच सकता है।
“निहारिका को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ”
निहारिका की यह सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि एक संकेत है भारत की नारी शक्ति के उत्थान का, एक प्रतीक है भारतीय युवाओं की सृजनात्मक क्षमता का और एक प्रेरणा है उन सभी के लिए, जो अपने सपनों को साकार करने के लिए तत्पर हैं।
“शिक्षा, संकल्प और श्रम के समन्वय से आगे बढ़ती निहारिका सफलता के नित नए शिखरों को स्पर्श करें – यही मंगलकामनाएँ !”









