Category: ब्रेकिंग न्यूज़

  • पत्रकार विवेक अस्थाना के परिवार को सीएम योगी ने दिया आर्थिक संबल

    गोरखपुर ब्यूरो निष्पक्ष टुडे :-

    विवेकाधीन कोष से पांच लाख रुपये का चेक पत्नी व बच्चों को सौंपा

    गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के अनुरोध पर 19 घंटे के भीतर सीएम से मिली मदद

    गोरखपुर, 3 दिसंबर। हर जरूरतमंद के साथ आत्मिक संवेदना रखते हुए भरपूर सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह दिवंगत पत्रकार विवेक अस्थाना के परिवार को आर्थिक संबल प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय अस्थाना की पत्नी और दोनों बच्चों को विवेकाधीन कोष से पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा और उन्हें आश्वस्त किया कि दुःख की इस घड़ी में वह परिवार के साथ हैं।

    गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के आजीवन सदस्य, पत्रकार, रंगकर्मी विवेक अस्थाना का पांच जनवरी को हृदयाघात से निधन हो गया था। वह परिवार के एकमात्र आयार्जक सदस्य थे। परिवार की सहायता के लिए गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब की तरफ से, बुधवार दोपहर बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रार्थना पत्र देकर अनुरोध किया गया था। सीएम योगी ने त्वरित संवेदना दिखाई और 19 घंटे के भीतर परिवार को आर्थिक सहायता मिल गई।

    मुख्यमंत्री ने गुरुवार सुबह विवेक अस्थाना की पत्नी निहारिका, दोनों बच्चों दिव्य और देव से गोरखनाथ मंदिर के बैठक कक्ष में मुलाकात की। उनका दुःख बांटा। पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई के बारे में पूछा और खूब मन लगाकर पढ़ने के लिए प्रेरित किया।

     

    सीएम ने परिवार को यह भी भरोसा दिया कि उनकी हर संभव मदद की जाएगी। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक प्रदीप शुक्ल, सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी, एडीएम वित्त एवं राजस्व विनीत कुमार सिंह भी मौजूद रहे।

  • अरेराज पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 100 लीटर शराब और मोटरसाइकिल के साथ तस्कर गिरफ्तार

    अरेराज पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 100 लीटर शराब और मोटरसाइकिल के साथ तस्कर गिरफ्तार

    संवाददाता : अनुनय कु० उपाध्याय, मोतिहारी।

    अरेराज (पूर्वी चंपारण) : थाना अध्यक्ष प्रत्याशा कुमारी के नेतृत्व में पुलिस ने गश्ती के दौरान बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 100 लीटर देसी चुराई शराब और एक मोटरसाइकिल के साथ धंधेबाज परवेज देवान (गोविंदा पुर, हरसिद्धि) को गिरफ्तार किया है। थाना अध्यक्ष ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। शराब माफियाओं के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

    संबंधित खबरें :

    – अरेराज पुलिस ने नशा तस्कर को पकड़ा: भारी मात्रा में शराब बरामद, चुनाव के मद्देनजर कार्रवाई।

    – दो अलग-अलग जगहों से 100 लीटर शराब बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार।

  • टूटेगा गोड़धोइया नाला का जर्जर पुल, सीएम ने अफसरों से कहा- नया बनाएं

    टूटेगा गोड़धोइया नाला का जर्जर पुल, सीएम ने अफसरों से कहा- नया बनाएं

    “निरीक्षण कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश”

    “गोड़धोइया नाला परियोजना के कार्यों की भी सीएम ने ली जानकारी, मार्च तक पूर्ण करने के निर्देश”

    गोरखपुर, 7 जनवरी। गोरखपुर-पिपराइच मार्ग पर संत हुसैन नगर के समीप गोड़धोइया नाला पर स्थित जर्जर पुल टूटेगा। मुख्यमंत्री ने इस पुल के स्थान पर नया पुल बनाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने यह हिदायत भी दी है कि गोड़धोइया नाला परियोजना के तहत पूर्व निर्धारित सभी कार्य मार्च माह तक जरूर पूर्ण कर लिए जाएं।

    बुधवार को निर्माणाधीन गोरखपुर – पिपराइच फोरलेन का निरीक्षण कर वापस लौटते वक्त सीएम योगी आदित्यनाथ संत हुसैन नगर के पास गोड़धोइया नाला पर बने पुल पर रुके। उन्हें यह पुराना पुल जर्जर स्थिति में दिखा। इस पर उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया यह पुल भविष्य में खतरा हो सकता है। इसके स्थान पर नया पुल बनाया जाए। इस अवसर पर उन्होंने गोड़धोइया नाला परियोजना के कार्यों की अद्यतन स्थिति की भी जानकारी ली और मार्च माह तक इसे पूर्ण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से शहर के उत्तरी छोर के लिए जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा।

    उल्लेखनीय है कि गोड़धोइया नाला कई दशकों तक उपेक्षा और गंदगी का पर्याय बना रहा। अतिक्रमण के कारण यह एक तरह से विलुप्त होने के कगार पर पहुंच गया था। मुख्यमंत्री ने इसके जीर्णोद्धार के लिए पक्का नाला निर्माण, डायवर्जन, इंटरसेप्शन और ट्रीटमेंट की परियोजना बनवाई। यह परियोजना 474.42 करोड़ रुपये की लागत वाली है।

    “सीएम का निर्देश, और तेज करें विरासत गलियारा का निर्माण”

    गोड़धोइया नाला का पुराना पुल देखने और जरूरी निर्देश देने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रेती चौक पहुंचे और धर्मशाला से पाण्डेयहाता तक सड़क चौड़ीकरण की निर्माणाधीन परियोजना विरासत गलियारा का भी जायजा लिया। उन्होंने इसके निर्माण कार्य में और तेजी लाने के लिए कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देशित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण में अवरोधक हटाने के सभी कार्य 15 जनवरी के पहले तक पूरे कर लिए जाएं। विरासत गलियारा का निर्माण 3.5 किमी लंबाई में 555.56 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। इसके कार्य अप्रैल 2026 तक पूर्ण किए जाने हैं।

  • मादुरो पहले कलावा पहनते थे..!

    मादुरो पहले कलावा पहनते थे..!

    नेशनल डेस्क निष्पक्ष टुडे :-

    वह सत्य साई बाबा के एक प्रसिद्ध अनुयायी हैं।

    हिंदू धर्म में मादुरो की रुचि इसके मूल प्रतीकों तक फैली हुई है।

    “वेनेजुएला सरकार ने राष्ट्रीय दिवस के निमंत्रण पत्रों पर हिंदू प्रतीक “ओम” (ॐ) का भी इस्तेमाल किया है।”

  • महानगर में वोटर ड्रॉप सूची का प्रकाशन, 6.45 लाख से अधिक नाम हटे

    महानगर में वोटर ड्रॉप सूची का प्रकाशन, 6.45 लाख से अधिक नाम हटे

    “13 प्रपत्रों में से किसी एक के साथ निवास साक्ष्य देकर जुड़ सकेगा नाम – डीएम”

    गोरखपुर। जनपद गोरखपुर में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के अंतर्गत “वोटर ड्रॉप” (नाम विलोपन) से संबंधित अद्यतन आंकड़ों का आज औपचारिक रूप से प्रकाशन कर दिया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा ने कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में मीडिया को पूरी प्रक्रिया, आंकड़ों और आगे की कार्यवाही के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

    जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जनपद भर में घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन कराया गया। इस दौरान मृत मतदाता, स्थायी रूप से अन्यत्र स्थानांतरित हो चुके मतदाता, दोहरे पंजीकरण (डुप्लीकेट वोटर) तथा अपात्र पाए गए मतदाताओं के नाम नियमानुसार मतदाता सूची से हटाए गए हैं। इसी प्रक्रिया को वोटर ड्रॉप कहा जाता है। डीएम के अनुसार गोरखपुर जनपद में अब तक कुल 6,45,625 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं, जो कुल मतदाताओं का लगभग 9 प्रतिशत है।

    डीएम ने स्पष्ट किया कि यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और विधि सम्मत रही है। बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन किया गया, इसके बाद निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) स्तर पर सभी रिपोर्टों की जांच की गई। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम जानबूझकर नहीं हटाया गया है और सभी को अपनी बात रखने का पूरा अवसर दिया जा रहा है।

    जिलाधिकारी ने बताया कि जिन मतदाताओं के नाम वोटर ड्रॉप सूची में शामिल किए गए हैं, उनके पते पर बीएलओ द्वारा नोटिस भेजा जाएगा। नोटिस मिलने के बाद यदि किसी मतदाता का नाम गलती से कट गया है, तो वह निर्वाचन आयोग द्वारा जारी 13 प्रपत्रों में से किसी एक उपयुक्त प्रपत्र को भरकर, अपना नाम पुनः मतदाता सूची में जुड़वा सकता है।
    डीएम दीपक मीणा ने बताया कि इन प्रपत्रों के साथ अपने वर्तमान निवास स्थान का वैध साक्ष्य देना अनिवार्य होगा। निवास प्रमाण के रूप में निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य दस्तावेज—जैसे आधार कार्ड, राशन कार्ड, बिजली या पानी का बिल, बैंक पासबुक, किरायानामा अथवा अन्य अधिकृत दस्तावेज—संलग्न करने होंगे। बिना दस्तावेजी साक्ष्य के कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।

    उन्होंने बताया कि मतदाता यह प्रक्रिया अपने क्षेत्र के बीएलओ, तहसील कार्यालय या निर्वाचन कार्यालय में ऑफलाइन पूरी कर सकते हैं, वहीं ऑनलाइन माध्यम से भी आवेदन की सुविधा उपलब्ध है। 6 फरवरी तक दावा-आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं। इसके बाद प्राप्त आवेदनों की जांच कर नियमानुसार अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

    प्रेस वार्ता में डीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी मकान नंबर में बाहरी व्यक्तियों के नाम गलत तरीके से दर्ज हो गए हैं, तो संबंधित मकान स्वामी या निवासी आपत्ति दर्ज कराकर उन नामों को उस मकान नंबर से हटवा सकता है। जांच के बाद गलत प्रविष्टियों को हटाने की कार्यवाही की जाएगी।
    इसके साथ ही डीएम ने बताया कि यदि किसी मृत व्यक्ति का नाम गलती से मतदाता सूची में बना हुआ है, तो उसके संबंध में भी आवेदन देकर नाम हटवाया जा सकता है। सत्यापन के बाद मृतक का नाम मतदाता सूची से विलोपित कर दिया जाएगा, ताकि सूची पूरी तरह शुद्ध और अद्यतन बनी रहे।

    जिलाधिकारी ने विशेष रूप से कहा कि एक मतदाता केवल एक ही स्थान का मतदाता हो सकता है। यदि कोई व्यक्ति एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत पाया जाता है, तो नियमानुसार उसका नाम अतिरिक्त स्थानों से हटाया जाएगा। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन करते समय पूरी सावधानी बरतें और सही जानकारी व दस्तावेज ही प्रस्तुत करें।

    डीएम दीपक मीणा ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है। इससे फर्जी मतदान और गलत प्रविष्टियों पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा और आगामी चुनाव निष्पक्ष व पारदर्शी ढंग से संपन्न कराए जा सकेंगे। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी मतदाता प्रविष्टि अवश्य जांचें और किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर समय रहते सुधार के लिए आवेदन करें।
    प्रेस वार्ता के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनीत कुमार सिंह उप जिला निर्वाचन अधिकारी शंकर मिश्रा सहित निर्वाचन कार्यालय के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए वोटर ड्रॉप प्रक्रिया, आंकड़ों और आगे की कार्यवाही से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की।

  • सहजनवा में सड़क सुरक्षा को मिलेगी नई मजबूती, प्रधानमंत्री मोदी के ‘सुरक्षित सड़क–सुगम यात्रा’ विज़न को आगे बढ़ा रही योगी सरकार

    सहजनवा में सड़क सुरक्षा को मिलेगी नई मजबूती, प्रधानमंत्री मोदी के ‘सुरक्षित सड़क–सुगम यात्रा’ विज़न को आगे बढ़ा रही योगी सरकार

    सांसद रवि किशन के अनुरोध पर केंद्र की सक्रिय पहल, नितिन गडकरी का जताया आभार

    गोरखपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुरक्षित सड़क, सुगम आवागमन और आधुनिक बुनियादी ढांचे के राष्ट्रीय विज़न को धरातल पर उतारते हुए केंद्र सरकार निरंतर ठोस कदम उठा रही है। इसी कड़ी में गोरखपुर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या–27 (गोरखपुर–लखनऊ) पर स्थित सहजनवा क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को और अधिक मजबूत किए जाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई है।

    इस विषय को गंभीरता से उठाते हुए गोरखपुर के लोकप्रिय सांसद रवि किशन शुक्ल ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर सहजनवा कस्बा/बाजार क्षेत्र में फ्लाईओवर एवं सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों की आवश्यकता से अवगत कराया था। सांसद के अनुरोध पर मंत्रालय द्वारा मामले की जांच कर आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है।

    केंद्र – राज्य समन्वय का उदाहरण

    केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गोरखपुर सांसद रवि किशन शुक्ला को पत्र के माध्यम से अवगत कराया कि सहजनवा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-27 पर सड़क सुरक्षा, यातायात सुगमता और जाम की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर केंद्र सरकार पूरी तरह संवेदनशील और प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि सड़क उपयोगकर्ताओं की सुविधा, सुरक्षा और स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए फ्लाईओवर सहित आवश्यक बुनियादी ढांचा विकास के लिए संबंधित विभागों के माध्यम से जरूरी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। मंत्री नितिन गडकरी ने आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर राज्य सरकार के सहयोग से शीघ्र प्रभावी कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया है जिससे सहजनवा और आसपास के क्षेत्र की जनता को यातायात में बड़ी राहत मिलेगी।

    यह पहल उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जीरो टॉलरेंस ऑन एक्सीडेंट्स और बेहतर कनेक्टिविटी के संकल्प के अनुरूप है। योगी सरकार के नेतृत्व में प्रदेश में एक्सप्रेसवे, हाईवे और शहरी–ग्रामीण सड़कों का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है, जिससे उत्तर प्रदेश आज देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो चुका है।

    जनता को मिलेगा सीधा लाभ

    सहजनवा क्षेत्र में प्रस्तावित सुधार कार्यों से स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, छात्रों और यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। यातायात सुचारु होगा, दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी और क्षेत्र के आर्थिक व सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी।

    नितिन गडकरी का जताया आभार

    माननीय सांसद रवि किशन शुक्ल ने इस त्वरित और सकारात्मक कार्रवाई के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय सहजनवा की जनता के लिए अत्यंत हितकारी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज डबल इंजन सरकार में जनप्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुना जाता है और समाधान भी समयबद्ध तरीके से किया जाता है।

    विकास की राह पर आगे बढ़ता सहजनवा

    प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री योगी के विकसित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य के तहत सहजनवा सहित पूरे गोरखपुर क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं को लगातार सशक्त किया जा रहा है। आने वाले समय में यह पहल क्षेत्र की पहचान को और मजबूत करेगी।

  • रिटायर्ड लेखपाल के घर लूट की वारदात से हड़कंप, एडीजी जोन व डीआईजी रेंज ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

    रिटायर्ड लेखपाल के घर लूट की वारदात से हड़कंप, एडीजी जोन व डीआईजी रेंज ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

    संवाददाता : शिशिर श्रीवास्तव।

    गोरखपुर। रिटायर्ड लेखपाल बालेंदु सिंह के घर हुई लूट की सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए उच्चस्तरीय निगरानी में जांच के निर्देश दिए हैं।

    घटना की गंभीरता को देखते हुए एडीजी जोन मुथा अशोक जैन एवं डीआईजी रेंज एस. चिनप्पा मंगलवार की दोपहर घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का गहन निरीक्षण किया। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने सबसे पहले पीड़ित रिटायर्ड लेखपाल बालेंदु सिंह से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली। पीड़ित ने अधिकारियों को बताया कि किस तरह बदमाशों ने घर में घुसकर लूटपाट की और फरार हो गए। अधिकारियों ने पीड़ित को आश्वस्त किया कि पुलिस पूरी गंभीरता के साथ मामले का खुलासा करेगी और दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।

    निरीक्षण के दौरान एडीजी जोन और डीआईजी रेंज ने घटनास्थल की स्थिति, घर के अंदर और बाहर के रास्तों, संभावित प्रवेश और निकास मार्गों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से अब तक की गई कार्रवाई, जुटाए गए साक्ष्य और जांच की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
    वरिष्ठ अधिकारियों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को तत्काल खंगालने, तकनीकी साक्ष्यों का अधिकतम उपयोग करने और संदिग्ध व्यक्तियों से गहन पूछताछ करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पूर्व में घटित समान घटनाओं से भी लिंक जोड़कर जांच की जाए, ताकि बदमाशों के नेटवर्क तक पहुंचा जा सके।

    एडीजी जोन मुथा अशोक जैन ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में पुलिस गश्त को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। रात्रि पेट्रोलिंग बढ़ाने, संवेदनशील इलाकों की निगरानी तेज करने और स्थानीय स्तर पर मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि आमजन में सुरक्षा की भावना बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

    डीआईजी रेंज एस. चिनप्पा ने कहा कि इस तरह की आपराधिक घटनाओं से निपटने के लिए पुलिस को पूरी तत्परता के साथ काम करना होगा। उन्होंने कहा कि अपराधियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
    पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के संबंध में विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही लूट की इस वारदात का खुलासा किया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि पीड़ित को न्याय दिलाने के साथ-साथ क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए।

  • छुआछूत सबसे बड़ा पाप – मनोज जी, हिन्दू सम्मेलन में बोले नेता गण कुरीतियों को दूर करने का आह्वाहन

    छुआछूत सबसे बड़ा पाप – मनोज जी, हिन्दू सम्मेलन में बोले नेता गण कुरीतियों को दूर करने का आह्वाहन

    ब्यूरो प्रभारी —-विनय तिवारी

    बड़हलगंज/गोरखपुर(निष्पक्ष टुडे) बड़हलगंज देश व समाज की सुरक्षा के लिये जरूरी है कि देश का प्रत्येक हिन्दू, समाज में व्याप्त छुआछूत जैसी कुरीतियों को खत्म करने का संकल्प ले, छुआछूत मानने वालों को भगवान कभी माफ नहीं करते हैं, यह सबसे बड़ा पाप है।

    सोमवार को बड़हलगंज के रामलीला मैदान में आयोजित हिन्दू सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रहे आरएसएस के क्षेत्र सम्पर्क प्रमुख मनोज जी ने भगवान राम और शबरी प्रसंग का उदाहरण देते हुए कहा कि भगवान श्रीराम ने शबरी के जूठे बेर खाकर सामाजिक समानता और मानव मात्र एक समान का संदेश दिया था। दुर्भाग्य ही है कि समयांतराल में हम राम को मानने वालों का देश छुआछूत जैसी कुरीति का शिकार होकर धर्मांतरण के चक्रव्यूह में फंस गया।

    राष्ट्र और परिवार पर महत्वपूर्ण विचार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि व्यक्ति का मूल्यांकन जाति, भाषा या संपत्ति से नहीं होना चाहिए और सामाजिक समरसता के लिए भेदभाव खत्म करना जरूरी है।

    मनोज जी ने कहा कि संघ का उदय नागपुर की एक छोटी शाखा से हुआ था, जो आज हिन्दू एकता का संदेश लेकर पूरे देश में फैल चुका है। उन्होंने कहा कि सामाजिक एकता की पहली शर्त मन से भेदभाव की भावना को खत्म करना और हर व्यक्ति को अपना समझना है।

    हिन्दू सम्मेलन को विचित्र वीर्य हनुमान मन्दिर के महंत राजकिशोर दास, ब्रह्माकुमारी रेखा दीदी, संजीव कुमार ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता हरपाल दास नागवानी और संचालन वेदव्रत मिश्र ने किया।

    इस अवसर पर संघ प्रांत प्रचारक डा. अवधेश जी, प्रांत सह सम्पर्क प्रमुख रविभूषण जी, जिला प्रचारक दीपक जी, जिला कार्यवाह पवन यादव, सह जिलाकार्यवाह शुकदेव मिश्र, प्रचारक आकाश जी, चेयरमैन प्रीति उमर, चेयरमैन प्रतिनिधि महेश उमर, गुलाब दत्त जायसवाल, सत्यम जायसवाल, बृजेश उमर, रामदेव वर्मा, सुरेश उमर, मनोज निगम, अमित, उमेश वर्मा, एड. वीरेन्द्र गुप्ता वीरू, राजीव पाण्डेय, अष्टभुजा सिंह, दीपक शर्मा, पवन यादव, धीरेन्द्र तिवारी, अजीत राव, राजकुमार भारती, कन्हैया तिवारी, श्याम तिवारी आदि मौजूद थे।

  • भाजपा विधायकों की मांग के बाद योगी सरकार का बड़ा फैसला

    भाजपा विधायकों की मांग के बाद योगी सरकार का बड़ा फैसला

    लखनऊ ब्यूरो निष्पक्ष टुडे ;-

    भाजपा विधायक शलभमणि त्रिपाठी, अनिल त्रिपाठी, सहित कई विधायकों ने सीएम योगी आदित्यनाथ से की थी मांग।

    पुलिस भर्ती में 3 साल की आयु सीमा सभी वर्गों के लिए बढई गई।

  • आग से जली हार्डवेयर की दुकान

    आग से जली हार्डवेयर की दुकान

    ब्यूरो प्रभारी-वेद प्रकाश यादव

    गोलाबाजार_ गगहा थाना एरिया के रकहट चौराहे पर रविवार की रात हार्डवेयर की दुकान में आग लगने से दुकान का सामान खाक हो गया.दुकान के मालिक प्रवीण पांडेय पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात लोगो पर दुकान में आग लगाने का आरोप लगाया है. रकहट चौराहे पर स्थानीय निवासी प्रवीण उर्फ बंटी की दुकान है.रविवार रात करीब ग्यारह बजे दुकान से धुंआ उठता देख किसी ने दुकान मालिक को दी. सूचना के बाद जुटे ग्रामीण किसी तरह आग को बुझाया. आग से दुकान का अधिकांश सामान जलकर खाक हो गया.सूचना पाकर 112 पुलिस भी मौके पर पहुंची थी.प्रवीण पांडेय का आरोप है का करीब दो वर्ष पहले भी किसी ने दुकान में आग लगाई थी.वही पुलिस चौराहे पर लगे सीसी कैमरे की फुटेज के आधार पर जांच कर रही है.