Category: ब्रेकिंग न्यूज़

  • ईष्ट देव के अपमान पर भड़का सिंधी समाज

    ईष्ट देव के अपमान पर भड़का सिंधी समाज

    “छत्तीसगढ़ के रायपुर और बेलासपुर में सिंधी कर रहे आंदोलन
    अपमान करने वाले के खिलाफ तहरीर देंगे समाज के लोग, की बैठक”

    गोरखपुर। ईष्ट देव के अपमान पर सिंधी समाज में उबाल है। छत्तीसगढ़ के रायपुर और बेलासपुर में समाज के लोग आंदोलन कर रहे हैं। रायपुर में क्रांतिकारी सेना प्रमुख अमित बघेल के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराने के बाद सिंधी समाज पूरे देश के हर जिले में एफआइआर दर्ज कराने के लिए आंदोलन शुरू करने जा रहा है।

    शनिवार को सिंधी सभा की सूरजकुंड में बैठक हुई। अध्यक्ष राजेश नेभानी ने कहा कि अमित बघेल द्वारा दिया गया बयान न सिर्फ धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाता है वरन समाज में जातीय वैमनस्य और सांप्रदायिक तनाव फैलाने का प्रयास भी कर रहा है। छत्तीसगढ़ शांति और सद्भाव का प्रदेश है, ऐसे में इस प्रकार की टिप्पणी अस्वीकार्य है। पूरे देश में अमित बघेल के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई जाएगी। गोरखपुर में पुलिस अधीक्षक नगर अभिनव त्यागी से मुलाकात कर तहरीर दी जाएगी और एफआइआर दर्ज कराने का अनुरोध किया जाएगा। कहा कि सिंधी समाज देश के विकास में अहम योगदान दे रहा है। ऐसे में समाज के लोगों को पाकिस्तानी कहा गया। हमने पाकिस्तान न जाने कब का छोड़ दिया और भारत माता के लिए समर्पित हो चुके हैं। हमारे आराध्य और समाज पर टिप्पणी हम कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे। इस दौरान राजेश कारवानी, विक्की कुकरेजा, अमित केसवानी, राकेश जुमनानी, विनोद मृगवानी, गेंदा सिंह, इंदु बजाज, हरीश तुलसानी आदि मौजूद रहे।

  • CM योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में सुनीं 200 फरियादें, बोले – अन्याय किसी के साथ नहीं होगा

    CM योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में सुनीं 200 फरियादें, बोले – अन्याय किसी के साथ नहीं होगा

    सूर्य प्रकाश ओझा

    गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह संकल्पबद्ध है। किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनसुनवाई में आने वाली हर शिकायत का शीघ्र, पारदर्शी और संतोषजनक निस्तारण करें।

    गोरखनाथ मंदिर में आयोजित हुआ जनता दर्शन

    प्रतिकूल मौसम के कारण इस बार जनता दर्शन का आयोजन गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में किया गया। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए वहां पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद सभागार में मौजूद लगभग 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। विशेष रूप से महिलाओं की संख्या इस बार अधिक रही। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक व्यक्ति की बात ध्यानपूर्वक सुनी और अफसरों को निर्देश दिया कि किसी भी पीड़ित को न्याय मिलने में देरी न हो।

    अपराध और अवैध कब्जे पर सख्त निर्देश

    मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को साफ शब्दों में कहा कि जमीन कब्जाने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि कोई भी गरीब या जरूरतमंद व्यक्ति अन्याय का शिकार न हो। अपराध संबंधी शिकायतों पर सीएम ने पुलिस अधिकारियों को अपराधियों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

    बीमारों के इलाज के लिए मिले भरोसे

    जनता दर्शन में इस बार भी कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर पहुंचे। इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि “धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा।” उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जरूरतमंदों के लिए तुरंत चिकित्सा का इस्टीमेट बनवाकर शासन को भेजा जाए ताकि सरकार तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध करा सके।

    सरकार जनता के साथ खड़ी है

    मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का हर प्रयास जनता की सेवा और न्याय के लिए है। अफसरों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए ताकि कोई भी व्यक्ति खुद को असहाय महसूस न करे। उन्होंने यह भी कहा कि शासन और प्रशासन का दायित्व है कि वह हर पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के दिलाए।

     

  • दुनिया की बड़ी ताकत के रूप में एहसास करा रहा भारत : मुख्यमंत्री

    दुनिया की बड़ी ताकत के रूप में एहसास करा रहा भारत : मुख्यमंत्री

    दुनिया की धारणा बदलने वाला नेतृत्व ही समर्थ और प्रभावी : सीएम योगी

    सीएम योगी की उपस्थिति में 1300 छात्रों को वितरित किया गया सैमसंग इनोवेशन कैम्पस के प्रशिक्षण का प्रमाणपत्र

    कभी पहचान के संकट से गुजर रहा था भारत, आज वैश्विक स्तर पर मजबूत पहचान : सीएम योगी

     

    गोरखपुर, 1 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कभी पहचान के संकट के दौर से गुजरने वाला भारत आज दुनिया की बड़ी ताकत के रूप में एहसास करा रहा है। यह बदलाव लीडरशिप (नेतृत्व) की कार्यपद्धति से आया है। समर्थ और प्रभावी नेतृत्व वही होता है जो देश के प्रति दुनिया की धारणा बदलने का सामर्थ्य रखता हो। विगत 11 वर्षों से देश में ऐसी ही लीडरशिप देखने को मिल रही है।

    सीएम योगी शनिवार को योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में सैमसंग इनोवेशन कैंपस द्वारा आयोजित प्रमाणपत्र वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय और अन्य प्रौद्योगिकी संस्थानों के करीब 1300 छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से आठ विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि 2014 के पहले का भारत पहचान के संकट के दौर से गुजर रहा था। भ्रष्टाचार व्यवस्था पर हावी था। वैश्विक स्तर पर देश का सम्मान समाप्त हो रहा था। युवा पहचान को मोहताज हो रहे थे। पर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में विकास और जनहित के अनेक कार्यक्रमों के क्रियान्वयन से वैश्विक स्तर पर भारत की मजबूत पहचान स्थापित करने में सफलता मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा पीएम स्टार्टअप, पीएम स्टैंडअप, डिजिटल इंडिया जैसे कार्यक्रमों ने भारत को न केवल नई पहचान दी है बल्कि देश को दुनिया की चौथी अर्थव्यवस्था बनाने में भी भरपूर योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि यह बदलाव अचानक नहीं हुआ बल्कि इसके लिए सरकार के स्तर पर अनेक प्रयास किए गए।

    ईज ऑफ लिविंग बढ़ाने में सहायक हो सकती है तकनीकी

    सीएम योगी ने आमजन के जीवन को सुगम बनाने के लिए युवाओं से इमर्जिंग टेक्नोलॉजी और नवाचार पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। कहा कि ईज ऑफ लिविंग (जीवन सुगमता) बढ़ाने में तकनीकी काफी सहायक हो सकती है। आज तकनीकी के इस्तेमाल से ऐसे नवाचार जरूरी हैं जिससे जीवन को और भी सहज और सरल बनाया जा सके।

    एनईपी को समयबद्ध ढंग से लागू करें शिक्षण संस्थान

    मुख्यमंत्री ने देश के विकास और जीवन सुगमता के लिए तकनीकी के महत्व को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) -2020 में भी महत्व दिए जाने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश में और सकारात्मक बदलाव लाने में एनईपी बड़ी भूमिका का निर्वहन कर सकती है, बशर्ते सभी शिक्षण संस्थान इसे समयबद्ध ढंग से लागू करें। मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने एनईपी के उद्देश्यों के अनुरूप टाटा टेक्नोलॉजी के साथ 150 से अधिक आईटीआई से युवाओं को मॉडर्न वोकेशनल ट्रेनिंग से जोड़ने के कार्यक्रम को आगे बढ़ाया है।

    सिस्टम को कोसने की आदत से बचें, समस्या समाधान पर दें ध्यान

    सीएम योगी अपने संबोधन में विद्यार्थियों के समक्ष एक अभिभावक और शिक्षक की भूमिका में नजर आए। उन्होंने कहा कि व्यवस्था या सिस्टम को कोसना हममें से अधिकतर लोगों की आदत बन गई है। ऐसे लोगों को हर कार्य में सिर्फ सरकार दोषी लगती है। ऐसे लोग किसी समस्या पर अपनी खामी दूर करने की बजाय सिर्फ दूसरों की खामियों को निकालने में लगे रहते हैं। इसका परिणाम यह होता है कि समस्या असाध्य हो जाती है।

    समाधान से मिलेगा सफलता का मार्ग

    मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी समस्या के समाधान का मार्ग ही सफलता दिलाता है। सफलता प्राप्त करने के दो ही मार्ग हैं, एक, समाधान के लिए पहल या फिर उससे पलायन। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए समस्या के समाधान पर चर्चा करनी होगी। कोसने से समस्या का समाधान नहीं हो पाएगा बल्कि हम पलायन कर जाएंगे।

    सुविधा और सुरक्षा के लिए हैं ट्रैफिक के नियम

    सीएम योगी ने समस्या के समाधान से जुड़े अपने वक्तव्य को एक उदाहरण से स्पष्ट किया। कहा कि जाम की समस्या पर चर्चा तो सभी लोग करते हैं लेकिन उनमें से अधिकांश लोग ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन भी खुद ही करते हैं। ट्रैफिक के नियम सुविधा और सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं। यदि हम ट्रैफिक नियमों का पालन करें तो जाम नहीं लगेगा। कोई तो कारक होता ही है जाम लगने का। अक्सर देखा जाता है कि लोग मोटरसाइकिल चलाते समय हेलमेट या कार चलाते समय सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करते हैं। वाहन चलाते समय इयरफोन भी लगाए रहते हैं।

    पर्यावरण समस्या पूरी दुनिया के लिए बड़ी चुनौती

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर्यावरण की समस्या के प्रति भी सबका ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में पूरी दुनिया पर्यावरण समस्या से जुड़ी बड़ी चुनौती का सामना कर रही है। दिल्ली जैसा शहर गैस चैंबर बन गया है। वहां चिकित्सक श्वांस की समस्या से जुड़े लोगों को घर से बाहर न निकलने की सलाह दे रहे हैं। उन्होंने कहा इसका कोई तो कारण होगा। इसके लिए उन्होंने पराली जलाने की प्रवृत्ति की चर्चा करते हुए कहा कि सरकार की तरफ से पराली प्रबंधन के उपाय और इस संबंध में जागरूकता बढ़ाए जाने के बावजूद लोग पराली जलाते हैं। यह जानते हुए भी इससे निकलने वाली गैस भारी नुकसान पहुंचाएगी। इसी तरह से कई लोग अपने घर का कूड़ा सड़क और नाली में फेंक देते हैं।

    वही व्यवस्था प्रगति करती है जिसे समाज लीड करता है

    मुख्यमंत्री ने कहा कि दैनिक जीवन की कई समस्याओं के समाधान का मार्ग भी हमारे ही पास है। पुराने समय में गांव और कस्बों में मिलकर सफाई करने की व्यवस्था थी। कूड़े को खाद गड्ढे में डालकर कंपोस्ट बना दिया जाता था जो खेती के काम आता था। यह सारी व्यवस्था स्वतः स्फूर्त थी। सीएम योगी ने कहा कि वही व्यवस्था प्रगति करती है जिसे समाज लीड करता है। सरकार पर निर्भरता से समाज परावलम्बी होकर पिछड़ता नजर आता है।

    युवाओं के स्वावलंबन को बनाया 1000 करोड रुपये का फंड

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सैमसंग इनोवेशन कैंपस को स्वावलंबन मार्ग के लिए एक प्लेटफार्म के रूप में इंगित किया। उन्होंने कहा कि इससे जुड़कर युवा अपना स्टार्टअप शुरू कर सकते हैं। इसके लिए सरकार बड़े पैमाने पर सहयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं के स्वावलंबन के लिए यूपी सरकार ने 1000 करोड रुपये का फंड बनाया है। उन्होंने युवाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए उद्योग और संस्थानों को मिलकर काम करने और उद्योगों में युवाओं को इंटर्नशिप का अवसर देने का आह्वान किया। सीएम योगी ने कहा कि युवाओं को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ व्यवहारिक ज्ञान होना अपरिहार्य है, क्योंकि ज्ञान का व्यावहारिक स्वरूप ही जीवन के उपयोग में आने वाला है। मुख्यमंत्री ने युवाओं का आह्वान किया कि वह इमर्जिंग टेक्नोलॉजी से खुद को जोड़ें।

    यूपी में 50 से 60 फीसदी वर्किंग फोर्स युवाओं की

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ऐसे दौर में जब दुनिया में बुजुर्गों की संख्या बढ़ती जा रही है, भारत सर्वाधिक युवाओं वाला देश है। भारत में भी सबसे बड़ी युवा शक्ति उत्तर प्रदेश में है। यूपी में 50 से 60 फीसदी वर्किंग फोर्स युवाओं की है। यह युवा अपटूडेट प्रशिक्षण से जुड़कर खुद को स्वावलंबी बना सकते हैं, अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को तकनीकी से जोड़ने के लिए प्रदेश सरकार ने स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत 2 करोड़ युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन उपलब्ध कराने के कार्यक्रम को तेजी से आगे बढ़ाया है।

    देश में 55 प्रतिशत मोबाइल फोन का निर्माण यूपी में

    सीएम योगी ने कहा कि दुनिया की बड़ी इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग कंपनी सैमसंग ने यूपी को अपने निर्माण के ब्रांड एंबेसडर के रूप में चुना है। नोएडा में सैमसंग में अपना सबसे बड़ा प्लांट लगाया हुआ है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया में सबसे अधिक मोबाइल फोन और इंटरनेट का इस्तेमाल करने वाला देश है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में बनने वाले मोबाइल फोन में 55 फीसद की हिस्सेदारी अकेले यूपी की है। देश में बनने वाला 60 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी उत्तर प्रदेश में ही बनता है। यहां युवाओं के लिए व्यापक अवसर है।

    इनोवेशन और रिसर्च एंड डेवलपमेंट पर जोर देने वाला ही बनेगा महाशक्ति

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सैमसंग इनोवेशन कैंपस के जरिए प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि याद रखना होगा कि दुनिया में महाशक्ति वही बनेगा जो इनोवेशन तथा रिसर्च एंड डेवलपमेंट पर ध्यान देगा। इनोवेशन तथा रिसर्च एंड डेवलपमेंट पर जितना जोर दिया जाएगा, ताकत उतनी ही बढ़ेगी। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को प्रधानमंत्री इंटर्नशिप और मुख्यमंत्री इंटर्नशिप से जोड़ने, स्टार्टअप के लिए प्रेरित करने के लिए व्यापक प्रयास करने की भी अपील की। मुख्यमंत्री ने सैमसंग इनइनोवेशन कैंपस के माध्यम से देश में कुल 10000 युवाओं को प्रशिक्षित करने, उसमें से भी 5000 प्रदेश के युवाओं और 2000 गोरखपुर तथा आसपास के युवाओं को शामिल करने के लिए सैमसंग के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षण प्राप्त चार युवाओं ने प्रशिक्षण से जुड़ा अपना अनुभव मुख्यमंत्री के समक्ष साझा किया।

    वैश्विक नवाचार का हब बन रहा उत्तर प्रदेश : जेबी पार्क

    इस अवसर पर सैमसंग साउथ वेस्ट एशिया के प्रेसिडेंट और सीईओ जेबी पार्क ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में हो रहे विकास की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश वैश्विक नवाचार का अब बन रहा है। इसे देखते हुए सैमसंग ने अपना वर्ल्ड क्लास मैन्युफैक्चरिंग प्लांट यूपी में लगाया है। श्री पार्क ने कहा कि भारत दुनिया में तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था के साथ सबसे अधिक युवा मस्तिष्क वाला देश भी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के युवाओं को सशक्त बनाने के लिए सैमसंग इनोवेशन कैंपस के जरिए इस साल प्रदेश के 5000 युवाओं को लाभान्वित किया जा रहा है। श्री पार्क ने कहा कि उत्तर प्रदेश के युवा सकारात्मक परिवर्तन कर्ता बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि सैमसंग, उत्तर प्रदेश में युवाओं और समुदाय के लिए अपना निवेश जारी रखेगा।

    युवाओं के प्रशिक्षण को सीएम योगी से निरंतर मिला मार्गदर्शन और प्रोत्साहन : विनोद शर्मा

    कार्यक्रम में इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर स्किल कॉउंसिल ऑफ इंडिया (ईएसएससीआई) के अध्यक्ष विनोद शर्मा ने कहा कि सैमसंग इनोवेशन कैंपस के कार्यक्रम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निरंतर मार्गदर्शन और प्रोत्साहन दिया है। उनके मार्गदर्शन से युवा सशक्तिकरण को नई ऊंचाई प्राप्त हो रही है। श्री शर्मा ने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त युवा भारत के डिजिटल भविष्य को नई दिशा देंगे।

    कौशल से नवचार के मार्ग पर चल पड़े हैं यूपी के युवा : प्रो. पूनम टंडन

    कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन से उत्तर प्रदेश के युवा कौशल से नवाचार और नवाचार से रोजगार के मार्ग पर चल पड़े हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्रशिक्षण से एक नई यात्रा की शुरुआत कर ये युवा अपने कौशल से अपना भविष्य संवारने के साथ समाज और राष्ट्र के निर्माण में भी योगदान देंगे।
    इस अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ल, विधायक विपिन सिंह, श्रीराम चौहान डॉ. विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ला, सरवन निषाद, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी सहित कई गणमान्यजन तथा सैमसंग इनोवेशन कैंपस से जुड़े युवा उपस्थित रहे।

     

  • सीएम योगी की बच्चों से अपील- स्मार्टफोन की जगह अच्छी पुस्तकों में करें अपने समय का निवेश

    सीएम योगी की बच्चों से अपील- स्मार्टफोन की जगह अच्छी पुस्तकों में करें अपने समय का निवेश

    “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया गोरखपुर पुस्तक महोत्सव का शुभारंभ”

    “1 से 9 नवंबर तक दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में चलेगा पुस्तक मेला”

     “200 से अधिक स्टॉलों पर उपलब्ध होंगी विविध विषयों की पुस्तकें”

     “मुख्यमंत्री ने स्कूली बच्चों से की बातचीत, वितरित कीं पुस्तकें”

     “बोले मुख्यमंत्री, स्मार्टफोन पर निर्भरता युवाओं में अवसाद और विचलन बढ़ा रही है”

     “अच्छी पुस्तकें होती हैं व्यक्ति की सच्ची साथी : मुख्यमंत्री”

     “यूपी सरकार हर ग्राम पंचायत में पुस्तकालय स्थापित कर रही है : योगी आदित्यनाथ”

     “मुख्यमंत्री ने श्रीराम दरस मिश्र को दी श्रद्धांजलि”

    गोरखपुर, 1 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय (डीडीयू) परिसर में आयोजित गोरखपुर पुस्तक महोत्सव 2025 का शुभारंभ किया। यह पुस्तक मेला 1 से 9 नवंबर तक चलेगा। कार्यक्रम का आयोजन नेशनल बुक ट्रस्ट (एनबीटी) और डीडीयू विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में किया गया है। शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री ने बच्चों को पुस्तकें वितरित कीं और स्कूली विद्यार्थियों से संवाद भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यक्ति की सबसे सही मार्गदर्शक और सच्ची साथी अच्छी पुस्तकें होती हैं। उन्होंने भारत की श्रवण परंपरा और गुरु-शिष्य परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारे ऋषियों ने ज्ञान को लिपिबद्ध कर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की अद्भुत परंपरा विकसित की।

    “जब नागरिक पढ़ते हैं तभी देश आगे बढ़ता है”

    उन्होंने कहा कि यह पुस्तक महोत्सव आने वाले 9 दिनों तक 200 से अधिक स्टॉलों के माध्यम से गोरखपुर और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोगों को अपनी रुचि की पुस्तकें खरीदने का शानदार अवसर प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि पीएम मोदी हमेशा कहते हैं ‘वेन सिटिजन, कंट्री लीड’ यानी जब नागरिक पढ़ते हैं तभी देश आगे बढ़ता है। सीएम योगी ने कहा कि गोरखपुर की भूमि इसलिए भी विशेष है क्योंकि पिछले 100 वर्षों से गीता प्रेस भारत और विश्व में सनातन धर्म की विचारधारा को अपनी पुस्तकों के माध्यम से पहुंचा रहा है। उन्होंने साहित्यकार फिराक गोरखपुरी, मुंशी प्रेमचंद, प्रो. विश्वनाथ त्रिपाठी जैसे लेखकों का स्मरण किया और हाल ही में दिवंगत साहित्यकार श्रीराम दरस मिश्र को श्रद्धांजलि दी।

    “डबल इंजन की सरकार राज्यभर में पुस्तकालयों का जाल बिछा रही”

    मुख्यमंत्री ने कहा कि पुस्तकें हमेशा नई प्रेरणा देती हैं। हमें उनसे जुड़ना चाहिए। अगले 9 दिनों में यहां अनेक विमर्श, परिचर्चा, पुस्तकों के विमोचन और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। गोरखपुर विश्वविद्यालय के साथ शहर की सभी संस्थाओं को इसमें भागीदारी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार राज्यभर में पुस्तकालयों का जाल बिछा रही है। प्रदेश की 57,600 ग्राम पंचायतों में ग्राम सचिवालयों के साथ पुस्तकालय स्थापित किए गए हैं। 1.56 लाख से अधिक प्राथमिक विद्यालयों में से 1.36 लाख विद्यालयों का कायाकल्प किया गया है, जिनमें पुस्तकालय और डिजिटल लाइब्रेरी की व्यवस्था की गई है ताकि बच्चों में पढ़ने की संस्कृति विकसित हो सके।

    “स्मार्टफोन पर निर्भरता युवाओं में अवसाद और विचलन बढ़ा रही है”

    मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे स्मार्टफोन पर अनावश्यक समय व्यर्थ न करें और अपने समय का सदुपयोग पुस्तकों के अध्ययन में करें। उन्होंने कहा कि स्मार्टफोन पर निर्भरता युवाओं में अवसाद और विचलन बढ़ा रही है। प्रधानमंत्री मोदी की पुस्तक एग्जाम वारियर्स छात्रों के लिए एक उपयोगी मार्गदर्शक है। इसे हर विद्यार्थी को पढ़ना चाहिए। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अच्छी पुस्तकें न केवल परीक्षा में मदद करती हैं बल्कि जीवन के कठिन समय में भी मार्गदर्शन देती हैं। धार्मिक, पर्यावरणीय, तकनीकी और एआई से जुड़ी पुस्तकों से हमें ज्ञान और प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि हम सभी को स्मार्टफोन पर खर्च घटाकर पुस्तकों में निवेश करना चाहिए।

    कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देवोत्थान एकादशी है, यह शुभ अवसर भगवान विष्णु की कृपा का प्रतीक है। इसी पावन दिन पर पुस्तक महोत्सव का शुभारंभ हुआ है, यह पूरे प्रदेश के लिए शुभ संकेत है।

    “मुख्यमंत्री ने बच्चों और आंगनबाड़ी दीदियों को किया सम्मानित”

    इससे पहले मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में आंगनबाड़ी दीदियों को सम्मानित किया। इसमें निशा, चिंता, प्रेमलता, पुष्पा, बिंद्रावती को मुख्यमंत्री ने पुस्तकें भेंटकर सम्मानित किया। वहीं एनबीटी और डीडीयू की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में विजयी बच्चों को सम्मानित किया गया। इसमें श्रीजा शरण, अभय वर्मा, रश्मिका दुबे, आदेश कुंवर सिंह, दिव्या विश्वकर्मा, शिवम कुमार गुप्ता, तोषिका चौहान, शिवांगी पांडेय, निलय कुमार, अभिषेक सिंह, देवानंद गुप्ता और आयुष किशोर को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।

    इस अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ला, विधायकगण विपिन सिंह, प्रदीप शुक्ला, श्रीराम चौहान, श्रवण निषाद, विमलेश पासवान, महिला आयोग उपाध्यक्ष चारू चौधरी, डीडीयू की कुलपति प्रो पूनम टंडन, अवनीश अवस्थी, एनबीटी के चेयरमैन मिलंद सुधारक मराठे, युवराज मलिक, आचार्य पवन त्रिपाठी सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।

  • NCERT का बड़ा फैसला, अब स्कूलों में पढ़ाया जाएगा आयुर्वेद, बदलेगा स्कूलों का सिलेबस

    NCERT का बड़ा फैसला, अब स्कूलों में पढ़ाया जाएगा आयुर्वेद, बदलेगा स्कूलों का सिलेबस

     भारत की प्राचीन चिकित्सा पद्धति आयुर्वेद अब स्कूलों के साइंस सिलेबस का हिस्सा बनेगी।

     NCERT ने केंद्र सरकार के निर्देश पर कक्षा 6 से 8 तक की विज्ञान की किताबों में आयुर्वेद से जुड़े अध्याय शामिल किए हैं।

    इन नए अध्यायों में विद्यार्थियों को दिनचर्या ऋतुचर्या भोजन और स्वास्थ्य के आयुर्वेदिक सिद्धांतों की जानकारी दी जाएगी।

    इसका मकसद है कि बच्चे आधुनिक विज्ञान के साथ-साथ भारत की पारंपरिक वैज्ञानिक सोच को भी समझ सकें।

  • अमेरिकी बैंकों को लगाया 4000 करोड़ का चूना !!

    अमेरिकी बैंकों को लगाया 4000 करोड़ का चूना !!

    भारतीय बिजनेसमैन बैंकिम ब्रह्मभट्ट पर शिकंजा, खुद को किया दिवालिया घोषित..!

    अमेरिका में भारतीय मूल के एक बिजनेसमैन हैं, जिनका नाम बैंकिम ब्रह्मभट्ट है। उन पर कोई छोटा-मोटा नहीं, बल्कि 500 मिलियन डॉलर (यानी करीब 4,000 करोड़ रुपये) का चूना लगाने का आरोप लगा है।

    बैंकिम ब्रह्मभट्ट टेलीकॉम का बिजनेस करते हैं। उनकी ब्रॉडबैंड टेलीकॉम और ब्रिजवॉइस नाम की कंपनियां हैं।

  • जनता की सेहत से मजाक नहीं: दिल्ली HC !!

    जनता की सेहत से मजाक नहीं: दिल्ली HC !!

    ORS नाम से भ्रामक पेय बेचने वालों पर रोक बरकरार, दिल्ली HC ने कहा- ‘जनता की सेहत से मजाक नहीं’..!

     कोर्ट ने स्पष्ट किया कि वह फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के आदेश में कोई दखल नहीं देगी…, क्योंकि यह मामला सीधे लोगों की सेहत से जुड़ा है।

    दिल्ली हाईकोर्ट ने साफ-साफ शब्दों में कहा कि ORS नाम से बेचे जा रहे पेय पदार्थ जनता के स्वास्थ्य के लिए खतरा हैं और इस पर लगी रोक जारी रहेगी।

     

  • बहुचर्चित शिमला संजौली मस्जिद विवाद मामला

    बहुचर्चित शिमला संजौली मस्जिद विवाद मामला

    बड़ी खबर । मामले में जिला अदालत का बड़ा फैसला।

    वक्फ बोर्ड, संजौली मस्जिद कमेटी की याचिका खारिज।

    शिमला नगर निगम आयुक्त अदालत के फैसले को दी गई थी चुनौती।

  • उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने की स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक, बोले,  गोरखपुर चिकित्सा शिक्षा का प्रमुख केंद्र, बिहार में एनडीए बनाएगी पूर्ण बहुमत की सरकार

    उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने की स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक, बोले,  गोरखपुर चिकित्सा शिक्षा का प्रमुख केंद्र, बिहार में एनडीए बनाएगी पूर्ण बहुमत की सरकार

    गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री बृजेश पाठक बृहस्पतिवार को गोरखपुर आगमन पर सर्किट हाउस में पहुंचे, जहां उन्होंने चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में जनपद के जिलाधिकारी दीपक मीणा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा, बीआरडी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य सहित विभागीय अधिकारी, वरिष्ठ चिकित्सक व संबंधित कर्मी उपस्थित रहें।

    उपमुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान जिले के अस्पतालों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, दवा आपूर्ति, उपकरणों की स्थिति, भर्ती की व्यवस्था, चिकित्सकों की उपस्थिति तथा जनस्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता आमजन को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। प्रत्येक अस्पताल में मरीजों को दवाओं, जांच और आपात सेवाओं की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए।

    उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चिकित्सा शिक्षा संस्थानों में पढ़ाई की गुणवत्ता और प्रशिक्षण व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाए, ताकि यहां से निकलने वाले चिकित्सक जनसेवा में उत्कृष्ट योगदान दे सकें।

    डिप्टी सीएम ने कहा कि गोरखपुर जनपद और पूरा मंडल प्रदेश के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में विशेष महत्व रखता है, क्योंकि यहां न केवल बीआरडी मेडिकल कॉलेज जैसे प्रतिष्ठित संस्थान हैं बल्कि आयुष्मान भारत, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य जैसी योजनाओं में भी यह क्षेत्र अग्रणी है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में स्वास्थ्य सेवाओं को मॉडल स्वरूप देने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है।

    पत्रकारों द्वारा पूछे गए राजनीतिक सवालों का जवाब देते हुए उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भारत की विरासत, संस्कृति और परंपराओं की कोई समझ नहीं है। उन्होंने छठ पर्व जैसे आस्था के महान पर्व पर जो बयान दिया है, वह निंदनीय है। बिहारवासी इस अपमान का जवाब मतदान से देंगे। उन्होंने कहा कि बिहार में आगामी चुनाव में एनडीए गठबंधन पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगा, जबकि महागठबंधन पूरी तरह से फ्लॉप साबित हुआ है।

    उत्तर प्रदेश की राजनीति पर बोलते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर है। कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य, शिक्षा, निवेश और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में यूपी ने पूरे देश में अपनी नई पहचान बनाई है। उन्होंने आत्मविश्वास जताया कि वर्ष 2027 में भी भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी।

    डिप्टी सीएम ने कहा कि मतदाता सूची में जिन व्यक्तियों की नामांकन योग्यताएं हैं, उन्हें मतदान करने का पूर्ण अधिकार है। कोई भी व्यक्ति पात्र मतदाताओं को वोट देने से नहीं रोक सकता। उन्होंने जनता से अपील की कि वे आगामी चुनावों में लोकतंत्र को मजबूत करने हेतु अधिक से अधिक मतदान करें।

    बैठक के अंत में उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले में संचालित स्वास्थ्य योजनाओं को जमीनी स्तर पर और प्रभावी तरीके से लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं गोरखपुर की प्रगति को लेकर संवेदनशील हैं, इसलिए किसी भी योजना में ढिलाई नहीं बरती जानी चाहिए।

  • ट्यूमर ऑपरेशन के बाद पंचायत कर्मचारी की मौत से मचा बवाल, माल्हनपार चौराहे पर घंटों जाम

    ट्यूमर ऑपरेशन के बाद पंचायत कर्मचारी की मौत से मचा बवाल, माल्हनपार चौराहे पर घंटों जाम

    “इलाज में लापरवाही का आरोप, परिजनों ने न्याय और कार्रवाई की उठाई मांग”

    बांसगांव, गोरखपुर। गोरखपुर जनपद के बांसगांव क्षेत्र के माल्हनपार में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला पंचायत कर्मचारी की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने माल्हनपार चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। मृतका की पहचान राउतपार निवासी गीता देवी (40) पत्नी संजय प्रसाद के रूप में हुई है, जो स्थानीय पंचायत में सफाई कर्मचारी थीं और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी मुखलाल प्रसाद की पतोहु बताई जा रही हैं।

    जानकारी के अनुसार, गीता देवी को 23 अक्टूबर 2025 को माल्हनपार स्थित चंद हॉस्पिटल में ट्यूमर ऑपरेशन के लिए भर्ती कराया गया था। आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों की लापरवाही से उनकी नस कट गई, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई। स्थिति बिगड़ने पर परिजनों को तत्काल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। बाद में उन्हें पहले गोरखपुर और फिर लखनऊ के पीजीआई अस्पताल में रेफर किया गया, जहां कई दिनों तक इलाज चलने के बाद रविवार की देर रात उनकी मौत हो गई।

    सोमवार सुबह शव घर पहुंचते ही परिवार और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में लोग माल्हनपार चौराहे पर जुट गए और शव रखकर चक्का जाम कर दिया। मौके पर महिलाओं और युवाओं की भी बड़ी भीड़ रही। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए डॉक्टर पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने और न्याय दिलाने की मांग की।

    हंगामे के दौरान भीड़ ने अस्पताल के डॉक्टर से धक्का-मुक्की भी की, जिसे मौके पर मौजूद पुलिस ने किसी तरह सुरक्षित अपने घेरे में लेकर बाहर निकाला। तनाव को देखते हुए बांसगांव, गगहा, बड़हलगंज और खजनी थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई।

    एसडीएम बांसगांव, सीओ खजनी और थानाध्यक्ष बांसगांव के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन लगातार लोगों को समझाने का प्रयास करता रहा, मगर देर शाम तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। आक्रोशित भीड़ जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ी रही।

    स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मामला केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की चिकित्सा सुरक्षा से जुड़ा है। अगर अस्पताल प्रशासन की गलती साबित होती है, तो उस पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

    वहीं पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।

    इस घटना ने एक बार फिर निजी अस्पतालों की जवाबदेही और चिकित्सकीय लापरवाही के मुद्दे को सामने ला दिया है। ग्रामीणों और परिजनों की एक ही मांग है,  “गीता देवी को न्याय मिले और दोषियों पर कठोर कार्रवाई हो।”