Category: उत्तर प्रदेश

  • फर्जी निवेश योजना चलाकर करोड़ों की ठगी करने वाला अभियुक्त सुकान्ता बैनर्जी गिरफ्तार

    फर्जी निवेश योजना चलाकर करोड़ों की ठगी करने वाला अभियुक्त सुकान्ता बैनर्जी गिरफ्तार

    फर्जी निवेश योजना चलाकर करोड़ों की ठगी करने वाला अभियुक्त सुकान्ता बैनर्जी गिरफ्ता

    गोरखपुर। पुलिस ने धोखाधड़ी कर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह के वांछित सदस्य को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने सुकान्ता बैनर्जी पुत्र सुब्रत बैनर्जी, निवासी अर्वन एनआरआई आनन्दपुर, निकट रूबी हॉस्पिटल टावर नंबर 7, फ्लैट नंबर 3505, कोलकाता को दबोच लिया है। आरोपी के खिलाफ कई जनपदों में धोखाधड़ी और जालसाजी के गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।

    वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। बताया जा रहा है कि आरोपी सुकान्ता बैनर्जी खुद को एजिस फिनकैप कंसलटेंट लिमिटेड का चीफ कोऑर्डिनेटर और डायरेक्टर बताता था। वह लोगों को झूठे निवेश का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करता था।

    थाना रामगढ़ताल में दर्ज प्राथमिका के अनुसार, अभियुक्त ने निवेशकों को यह कहकर झांसा दिया कि कंपनी में एक रुपये का निवेश करने पर दो वर्षों में न्यूनतम 100 रुपये का लाभांश मिलेगा। इसी बहाने उसने बड़ी संख्या में लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी की। जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि निवेश योजना से जुड़े दस्तावेज पूरी तरह फर्जी और कूटरचित थे। मामले में थाना रामगढ़ताल पर तीन मुकदमे दर्ज किए गए हैं

    1. मु0अ0सं0 750/2025, धारा 420, 467, 468, 471, 120बी भादवि

    2. मु0अ0सं0 760/2025, धारा 419, 420, 467, 468, 471 भादवि

    3. मु0अ0सं0 761/2025, धारा 419, 420, 467, 468, 471, 120बी भादवि

    गिरफ्तार सुकान्ता बैनर्जी के विरुद्ध गोरखपुर और देवरिया जनपदों में कुल आठ मुकदमे पंजीकृत हैं। इनमें अधिकांश में धारा 419, 420, 467, 468, 471, 120बी, 506 भादवि के अंतर्गत धोखाधड़ी, जालसाजी और धमकी देने के गंभीर आरोप शामिल हैं।

    अभियुक्त को गोरखपुर से गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, वह कई राज्यों में ठगी का नेटवर्क चला रहा था। आरोपी से पूछताछ के दौरान अन्य सहयोगियों और ठगी के नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है।

    गोरखपुर पुलिस का कहना है कि ऐसे आर्थिक अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और निवेशकों को झांसा देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

  • मिस्टर मंडल बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप 2025 में सेमी खान बने मुख्य विजेता

    मिस्टर मंडल बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप 2025 में सेमी खान बने मुख्य विजेता

    एम.एस.आई. इंटर कॉलेज में गोरखपुर बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन द्वारा भव्य आयोजन, युवाओं में उत्साह का संचार

    गोरखपुर। गोरखपुर बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन के तत्वाधान में स्थानीय एम.एस.आई. इंटर कॉलेज के प्रांगण में आयोजित मिस्टर मंडल बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप 2025 का भव्य समापन हुआ। इस प्रतियोगिता में गोरखपुर मंडल के सभी जनपदों से सैकड़ों बॉडी बिल्डरों ने प्रतिभाग किया। भारी भीड़ और जोश के बीच मंच पर विजेताओं को सम्मानित किया गया।

    इस प्रतियोगिता में मिस्टर मंडल 2025 का खिताब सेमी खान (जी.ज़ेड.आई. जिम) ने अपने नाम किया। उन्हें ट्रॉफी, साइकिल, सर्टिफिकेट और अन्य उपहार देकर सम्मानित किया गया। वहीं रनर-अप 2025 के रूप में सोमनाथ (द राहुल फिटनेस) को पुरस्कृत किया गया।

    मेंस फिजिक कैटेगरी में अफजल हुसैन (द रॉक जिम) विजेता घोषित किए गए। उन्हें एलईडी टीवी, ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

    कार्यक्रम में निर्णायक मंडल की भूमिका में तनवीर खान (नेशनल जज, वाइस प्रेसिडेंट गोल्डन इंडिया बॉडी बिल्डिंग फेडरेशन, जनरल सेक्रेटरी एडवांस बॉडी बिल्डिंग ऑफ यूपी), मोहम्मद नाजिम (स्टेट जज, ज्वाइंट सेक्रेटरी एडवांस बॉडी बिल्डिंग ऑफ यूपी) तथा दीपक कुमार (स्टेट जज, लीगल एडवाइजर एडवांस बॉडी बिल्डिंग ऑफ यूपी) उपस्थित रहे। उनकी निष्पक्ष निर्णायकता की सभी ने सराहना की।

    कार्यक्रम का सफल संचालन गोरखपुर बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन के चेयरमैन फहीम खान ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के पार्षद एडवोकेट समद गुफरान उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता सैयद शाहाब अहमद (स्टेट प्रतिनिधि) ने की।

    एम.एस.आई. इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मुख्तार साहब, महबूब सैयद हारिस व उनकी टीम का योगदान विशेष रूप से सराहनीय रहा। कार्यक्रम में गोरखपुर के वरिष्ठ बॉडी बिल्डरों के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले युवाओं — हमजा खान, साहिल, टीपू, दानिश आदि — को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

    इस अवसर पर नेशनल जज तनवीर खान ने गोरखपुर बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहम्मद इस्लाम और चेयरमैन फहीम खान को स्टेट जज ऑफ उत्तर प्रदेश (एडवांस बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन) के टैग से सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि “गोरखपुर की यह टीम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शहर का नाम प्रदेश भर में रोशन कर रही है और आगे भी संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।”

    विभिन्न भार वर्गों के विजेता इस प्रकार रहे:

    • 0–55 किग्रा: सन्नी कुमार
    • 55–60 किग्रा: मनोज कुमार
    • 60–65 किग्रा: शोएब खान
    • 65–70 किग्रा: नितेश
    • 70–75 किग्रा: विवेक शर्मा, सगीर अहमद
    • 75 प्लस किग्रा: सेमी खान

    सभी विजेताओं को ट्रॉफी, सर्टिफिकेट और मेडल प्रदान किए गए।

    आयोजक समिति में चेयरमैन फहीम खान, अध्यक्ष मोहम्मद इस्लाम, सचिव अकील अहमद, ज़ी.ज़ेड.आई. जिम के प्रोपराइटर माज खान, वाइस प्रेसिडेंट आबिद, आसिफ, जफर इकबाल, बजरंगी गुप्ता, आमिर, शहाबुद्दीन अंसारी आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।

    कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशा व असामाजिक प्रवृत्तियों से दूर रखते हुए उन्हें फिटनेस और बॉडी बिल्डिंग के माध्यम से “स्वस्थ राष्ट्र निर्माण” की दिशा में प्रेरित करना रहा।

  • महिला सशक्तिकरण की दिशा में किया गया कार्य देश की मजबूती का आधार – कमलेश   

    महिला सशक्तिकरण की दिशा में किया गया कार्य देश की मजबूती का आधार – कमलेश

    108 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ हेतु भूमि पूजन सम्पन्न

    वीएस गुरुकुल का लोकार्पण

    केंद्रीय राज्य मंत्री ने सांसद निधि से पांच लाख मदद की घोषणा

    Dr. Deepti

    बड़हलगंज/गोरखपुर(निष्पक्ष टुडे) बडहलगंज महिला सशक्तिकरण की दिशा में किया गया कार्य देश की मजबूती का आधार है। महिलाओं की आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा का कार्य हम सबकी जिम्मेदारी है।

    सोमवार को बड़हलगंज स्थित राष्ट्रीय कन्या इण्टर कालेज के प्रांगण में आयोजित 108 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ के लिए भूमि पूजन और वीएस गुरुकुल की स्थापना के अवसर पर बतौर मुख्यअतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री कमलेश पासवान ने उक्त उदगार व्यक्त करते हुए विद्यालय परिवार को पांच लाख के मदद की घोषणा किया उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में राष्ट्रीय कन्या इण्टर कालेज और वी एस गुरुकुल सफलता के आयाम स्थापित करेगा, यह पूर्ण विश्वास है।

    समारोह के विशिष्ट अतिथि और चिल्लूपार विधायक राजेश त्रिपाठी ने इस अवसर पर कहा कि राष्ट्रजागरण,और नारी सशक्तिकरण को बल देने के लिये आयोजित होने जा रहे 108 कुण्डीय महायज्ञ के भूमिपूजन समारोह के साथ वीएस गुरुकुल की स्थापना देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महिला सशक्तिकरण और उनको अपने पैरों पर खड़ा होने की राह बनाने के सपने को साकार करने की दिशा में उठाया गया सशक्त कदम है।

    इसके पूर्व कालेज परिसर में 108 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ के लिए भूमि पूजन का कार्यक्रम गायत्री परिवार के सैकड़ों साधकों ने यज्ञ विधि-विधान के साथ चेयरमैन श्रीमती प्रीति उमर एवं चेयरमैन प्रतिनिधि महेश उमर द्वारा कराया गया।

    समारोह में मौजूद राष्ट्रपति भवन में कार्यरत आईएएस स्वाति शाही ने कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डाला और महिला शिक्षा एवं संस्कारयुक्त समाज के निर्माण में गुरुकुल की भूमिका पर अपना दृष्टिकोण साझा किया।                                           इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर विशाल मणि मिश्र, विधायक प्रतिनिधि आचार्य वेद प्रकाश त्रिपाठी, ब्लॉक प्रमुख राम आशीष राय, गायत्री परिवार के वरिष्ठ सदस्य लक्ष्मीनारायण गुप्त, आलोक सिंह, पुरुषोत्तम जायसवाल, महेंद्र जायसवाल, अतरवासी देवी, पवन यादव, डॉ. बी.बी. मिश्र, भाजपा मंडल अध्यक्ष दुर्गेश मिश्र, बृजेश वर्मा, जिप सदस्य माया शंकर शुक्ल, अष्टभुजा सिंह, ज्योतिनारायण सिंह, प्रशांत शाही, रंजन श्रीवास्तव, सभासद दीपक शर्मा, सूरज सोनकर, संजय सोनकर, दीपक गौड़, राकेश राय, प्रधानाचार्य विभा यादव, व्यापारी नेता श्रीकांत सोनी एवं रघुराज सिंह सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे।

  • एम्स गोरखपुर के सूक्ष्मजीवविज्ञान विभाग की दोहरी उपलब्धि

    एम्स गोरखपुर के सूक्ष्मजीवविज्ञान विभाग की दोहरी उपलब्धि

    एम्स गोरखपुर के सूक्ष्मजीवविज्ञान विभाग की दोहरी उपलब्धि

    एम्स गोरखपुर के सूक्ष्मजीवविज्ञान विभाग ने एक बार फिर संस्थान का नाम रोशन किया है। विभाग के जूनियर रेज़िडेंट्स ने राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं।

    डॉ. दीप्ति सिन्हा (JR-II) ने राष्ट्रीय सम्मेलन MICROCON 2025 में माइकोलॉजी विषय पर मौखिक शोध प्रस्तुति (Oral Paper Presentation) में तृतीय स्थान प्राप्त कर संस्थान को गौरवान्वित किया है।

    वहीं डॉ. अखिलेश कुमार (JR-II) को उनके एम.डी. शोध प्रबंध के लिए स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग (DHR), भारत सरकार द्वारा ₹1,00,000 की वित्तीय सहायता स्वीकृत की गई है।

    दोनों विद्यार्थियों का मार्गदर्शन डॉ. अतुल रुकड़िकार और डॉ. अरूप मोहंती द्वारा किया गया।

    इन उपलब्धियों से न केवल विभाग बल्कि संपूर्ण एम्स गोरखपुर परिवार को गर्व की अनुभूति हुई है।

    संस्थान के संकाय सदस्यों एवं सहकर्मियों ने दोनों रेज़िडेंट्स को हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी हैं।

  • ट्रेन से कटकर अधेड़ की मौत, सीमा विवाद के कारण देर से पहुंची पुलिस

    ट्रेन से कटकर अधेड़ की मौत, सीमा विवाद के कारण देर से पहुंची पुलिस

    संवाददाता– एस.पी. सिंह

    सहजनवा, (गोरखपुर)।

    सोमवार सुबह सीहापार हॉल्ट के पास एक अधेड़ की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घटना के बाद रेलवे ट्रैक पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर सहजनवा और खलीलाबाद रेलवे स्टेशन के बीच सीमा विवाद के चलते पुलिस को घटनास्थल पर पहुंचने में देर हुई। बाद में सहजनवा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया।

    मृतक की पहचान सहजनवा थाना क्षेत्र के मइला निवासी सुभाष सिंह (56 वर्ष) पुत्र घिसियावन सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुबह वे किसी कार्य से घर से निकले थे, तभी सीहापार हॉल्ट के पास ट्रेन की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

    परिवार में पत्नी रंभावती देवी हैं, जो ब्रेन हेमरेज के कारण कई वर्षों से बिस्तर पर हैं। मृतक के दो पुत्र दिलीप सिंह और प्रदीप सिंह हैं। दिलीप की पत्नी का निधन पहले ही हो चुका है, जबकि प्रदीप की शादी अभी नहीं हुई है।

    पुलिस ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। अब तक मृतक के परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।

  • एसडीएम ने धान क्रय केंद्रों का किया निरीक्षण, खरीद में तेजी लाने के दिए निर्देश

    एसडीएम ने धान क्रय केंद्रों का किया निरीक्षण, खरीद में तेजी लाने के दिए निर्देश

    संवाददाता– एस.पी. सिंह

    सहजनवा, (गोरखपुर)।

    किसानों की सुविधा के लिए शासन द्वारा संचालित धान क्रय केंद्रों पर खरीद प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसी क्रम मे सोमवार को उपजिलाधिकारी सहजनवा केशरी नंदन तिवारी ने मार्केटिंग धान क्रय केंद्र प्रथम एवं द्वितीय का औचक निरीक्षण किया।

    निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि केंद्रों पर अब तक केवल करीब 200 क्विंटल धान की खरीद हुई है। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को खरीद में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसान केंद्रों पर अपना धान लेकर आते हैं, इसलिए किसी को भी अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए और खरीदी की प्रक्रिया त्वरित की जाए।

    एसडीएम ने केंद्र पर बोरे की उपलब्धता, तौल व्यवस्था और रिकार्ड की भी जांच की, जिससे वे संतुष्ट दिखे। उन्होंने केंद्र पर मौजूद किसानों शेषमणि पांडेय, ओमप्रकाश पांडेय (निवासी डोहरिया खुर्द), कमलेश प्रजापति (निवासी मिनवा) और रविंद्र तिवारी (निवासी धर्मदास पट्टी) से बातचीत कर खरीदी की स्थिति जानी। किसानों ने बताया कि खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है।

    निरीक्षण के दौरान केंद्र प्रभारी शालिनी त्रिपाठी और प्रधान दिनेश कुमार जायसवाल उपस्थित रहे।

  • 25 हजार रुपये का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार, कई मामलों में था वांछित

    25 हजार रुपये का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार, कई मामलों में था वांछित

    25 हजार रुपये का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार, कई मामलों में था वांछित

    गोरखपुर।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे संगठित अपराधों के विरुद्ध अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना गीडा क्षेत्र से 25 हजार रुपये के इनामी वांछित गैंगस्टर विशाल गुप्ता पुत्र फूलचंद गुप्ता, निवासी ग्राम बरपार टोला रहरवा थाना खजनी जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त के विरुद्ध विभिन्न आपराधिक धाराओं में कई मुकदमे पंजीकृत हैं। पुलिस ने उसके विरुद्ध उ0प्र0 गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की है।

    दिनांक 13 अप्रैल 2025 की रात्रि में अभियुक्तों ने वादी मुकदमा के घर के सामने खड़ी दो पिकअप वाहनों को, जिनमें अनाज भरा हुआ था, चोरी कर लिया था। इस संबंध में थाना गीडा पर मुकदमा अपराध संख्या 222/2025 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान अभियुक्त विशाल गुप्ता का नाम सामने आने पर वह फरार चल रहा था, जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

    1. मुकदमा अपराध संख्या 222/2025, धारा 303(2), 317(2), 317(4), 317(5) भारतीय न्याय संहिता एवं 3/25 आर्म्स एक्ट, थाना गीडा, गोरखपुर।

    2. मुकदमा अपराध संख्या 558/2025, धारा 2(ख) की उपधारा (I), (XI) व 3(1) उ0प्र0 गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम, थाना गीडा, जनपद गोरखपुर।पुलिस ने अभियुक्त को घेराबंदी कर दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है तथा उससे जुड़े अन्य गिरोह के सदस्यों की जानकारी प्राप्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

    अभियुक्त के खिलाफ आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।(गोरखपुर पुलिस ने इसे संगठित अपराध के विरुद्ध बड़ी सफलता के रूप में देखा है, जिससे क्षेत्र में सक्रिय अपराधी गिरोहों पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद है।)

  • जरूरतमंद को मिलेगा आवास, बिटिया की शादी में होगी मदद : सीएम योगी

    जरूरतमंद को मिलेगा आवास, बिटिया की शादी में होगी मदद : सीएम योगी

    जरूरतमंद को मिलेगा आवास, बिटिया की शादी में होगी मदद : सीएम योगी

    जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने सुनीं 200 लोगों की समस्याएं

    लोगों से बोले सीएम, हर समस्या का कराएंगे पारदर्शिता के साथ निस्तारण

    धन की कमी से नहीं रुकेगा गंभीर बीमारियों का उपचार : मुख्यमंत्री

    गोरखपुर, 10 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने जरूरतमंदों को आवास दिलाने, आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की बेटियों की शादी और गंभीर बीमारियों से पीड़ितों के उपचार में आर्थिक सहायता देने का आत्मीय संबल दिया। उन्होंने कहा कि सरकार हर जरूरतमंद और पात्र व्यक्ति को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा हर समस्या के प्रभावी निस्तारण के लिए संकल्पित है। जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जन समस्याओं पर त्वरित संवेदनशीलता दिखाएं और पारदर्शिता के साथ निस्तारण सुनिश्चित करें।

    सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 200 लोगों से मुलाकात की। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सभागार में बैठाए गए लोगो तक मुख्यमंत्री खुद पहुंचे और एक-एक कर उनकी समस्याओं को सुना। ध्यान से बात सुनते हुए उनके प्रार्थना पत्र लिए और निस्तारण के लिए संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को संदर्भित कर निर्देशित किया कि सभी समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और सन्तुष्टिपरक होना चाहिए।

    जनता दर्शन में एक वृद्ध महिला ने आवास की समस्या बताई। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि उन्हें सरकार की योजना के तहत आवास दिलाया जाएगा। इसे लेकर उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित भी किया। एक महिला ने बिटिया की शादी के लिए आर्थिक मदद की गुहार लगाई तो सीएम ने तुरंत मौके पर मौजूद अधिकारियों को विवाह अनुदान योजना का लाभ दिलाने के लिए निर्देशित किया। एक अन्य महिला ने बिजली कनेक्शन में आ रही अड़चन की जानकारी दी। इस पर मुख्यमंत्री ने अफसरों को बिजली कनेक्शन दिलाने के लिए निर्देशित किया। जनता दर्शन में सीएम योगी ने कहा कि किसी को भी घबराने की आवश्यकता नहीं है। सरकार हर समस्या का समाधान करने के लिए संकल्पित है।

    जनता दर्शन में हर बार की तरह इस बार भी कुछ लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अफसरों को निर्देश दिया कि जो भी जरूरतमंद हैं, प्रशासन उनके उच्च स्तरीय इलाज का इस्टीमेट शीघ्रता से बनवाकर उपलब्ध कराए। इस्टीमेट मिलते ही सरकार तुरंत धन उपलब्ध कराएगी। 

    जमीन कब्जा किए जाने से संबंधी शिकायतों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस को निर्देश दिया कि यदि कोई दबंग किसी की जमीन जबरन कब्जा कर रहा हो तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। जनता दर्शन में परिजनों के साथ आए बच्चों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खूब दुलारा और आशीर्वाद दिया। साथ ही उन्हें चॉकलेट भी दिया।

  • यूपी अलीगढ़ में हिस्ट्रीशीटर शाका ने सिपाही देव दीक्षित को गोली मारी

    यूपी अलीगढ़ में हिस्ट्रीशीटर शाका ने सिपाही देव दीक्षित को गोली मारी

    घायल सिपाही का फरीदाबाद के हॉस्पिटल में इलाज जारी है

    पुलिस टीम हिस्ट्रीशीटर को पकड़ने गई थी

  • विकास परियोजनाओं में तेजी लाने के लिए मंडलायुक्त ने दिए सख्त निर्देश

    विकास परियोजनाओं में तेजी लाने के लिए मंडलायुक्त ने दिए सख्त निर्देश

    विकास परियोजनाओं में तेजी लाने के लिए मंडलायुक्त ने दिए सख्त निर्देश — फ्लाईओवर, नाला और सड़क कार्यों में ध्वस्तीकरण जारी

    बृहस्पतिवार की समीक्षा बैठक के निर्देशों पर तेजी से हो रहा अनुपालन का मंडलायुक्त ने प्राप्त की जानकारी

    लेखपालों-कानूनगो की फील्ड रिपोर्टिंग, सड़क निर्माण व ध्वस्तीकरण कार्यों में दिखी प्रगति; रजिस्ट्री प्रक्रिया सॉफ्टवेयर मेंटिनेंस के कारण अस्थायी रूप से रुकी

    विकास परियोजनाओं में तेजी लाने के लिए मंडलायुक्त ने दिए सख्त निर्देश — फ्लाईओवर, नाला और सड़क कार्यों में ध्वस्तीकरण जारी

    मंडलायुक्त, डीएम और नगर आयुक्त ने ध्वस्तीकरण और निर्माण कार्यों में गति लाने का आदेश दिया

    गोरखपुर।प्रदेश सरकार की प्राथमिकता वाली विकास परियोजनाओं की प्रगति को तेज करने के लिए मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने रविवार देर रात एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर सख्त निर्देश जारी किए।

    बैठक में जिलाधिकारी दीपक मीणा, नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल, जीडीए वीसी आनंद वर्धन, एसडीएम सदर दीपक गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर एवं तहसीलदार सदर ज्ञान प्रताप सिंह, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता तथा संबंधित कानूनगो और लेखपाल उपस्थित रहे।

    बैठक में मंडलायुक्त ने स्पष्ट कहा कि गोरखपुर को आधुनिक नगरी के रूप में विकसित करने के लिए चल रही परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं की भूमि रजिस्ट्री या स्वामित्व प्रक्रिया शेष है, उसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए और जहाँ बाधाएँ हैं, वहाँ फील्ड स्तर पर त्वरित कार्रवाई की जाए।

    सॉफ्टवेयर मेंटिनेंस के कारण रजिस्ट्री कार्य रुका

    बैठक के दौरान एसडीएम सदर दीपक गुप्ता ने जानकारी दी कि 8 नवम्बर से 11 नवम्बर तक रजिस्ट्री सॉफ्टवेयर के मेंटिनेंस कार्य के कारण जिले में रजिस्ट्री प्रक्रिया अस्थायी रूप से रुकी हुई है। उन्होंने बताया कि जैसे ही सॉफ्टवेयर अपडेट पूरा होगा, रजिस्ट्री कार्य दोबारा शुरू कर दिया जाएगा।

    इसी बीच, राजस्व विभाग को निर्देश दिया गया है कि सभी कानूनगो और लेखपाल रजिस्ट्री से जुड़े भूखंडों का सत्यापन और विवाद निस्तारण कार्य लगातार जारी रखें ताकि सॉफ्टवेयर चालू होते ही रजिस्ट्री का कार्य तेजी से पूरा किया जा सके।

    ध्वस्तीकरण और निर्माण कार्यों को मिली रफ्तार

    मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और नगर आयुक्त ने संयुक्त रूप से निर्देश दिए कि रजिस्ट्री ठहराव के दौरान ध्वस्तीकरण (डिमॉलिशन) और निर्माण कार्यों की गति धीमी नहीं पड़नी चाहिए।

    नगर निगम और पीडब्ल्यूडी की संयुक्त टीमें रात-दिन काम कर रही हैं, ताकि परियोजना क्षेत्र में अतिक्रमण को हटाकर निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया जा सके।

    जिन स्थानों पर सड़क और नाला निर्माण के लिए मकान, दुकानें या अतिक्रमण वाले ढांचे बाधा बने हुए हैं, उनका ध्वस्तीकरण कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।

    प्रमुख स्थलों — असुरन-पिपराइच सिक्स लेन, नकहा फ्लाईओवर, खजांची फ्लाईओवर, गोरखनाथ फ्लाईओवर, हडहवा फाटक फ्लाईओवर, विरासत गलियारा, सोनबरसा–टिकरिया रोड चौड़ीकरण और मलंगस्थान–भटहट मार्ग — पर प्रशासनिक टीमों ने निर्माण क्षेत्र को खाली कराने की कार्यवाही तेज कर दी है।

    नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, जिन मकानों या ढांचों को ध्वस्त किया जा रहा है, उनमें से अधिकांश ऐसे हैं जो सरकारी भूमि या निर्माण मार्ग के दायरे में आ रहे थे। प्रभावित लोगों को पहले से नोटिस देकर वैकल्पिक व्यवस्था करने की सलाह दी गई है।

    विकास परियोजनाओं में तेजी लाने के लिए मंडलायुक्त ने दिए सख्त निर्देश
    विकास परियोजनाओं में तेजी लाने के लिए मंडलायुक्त ने दिए सख्त निर्देश

    पीडब्ल्यूडी ने बढ़ाई मशीनरी और स्टाफ की तैनाती

    लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि निर्माण गति बनाए रखने के लिए मशीनरी और श्रमिकों की संख्या बढ़ा दी गई है।

    फ्लाईओवर और नाला निर्माण की साइटों पर दोहरी शिफ्ट में कार्य चल रहा है। जिन जगहों पर पहले रास्ते ऊबड़-खाबड़ थे, वहां सड़क समतलीकरण, डामरीकरण और नालों की खुदाई का कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है।

    पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने कहा कि अब तक कई प्रमुख स्थलों पर अवरोधमुक्त सड़क निर्माण का कार्य 70 प्रतिशत तक पूरा किया जा चुका है।

    मंडलायुक्त ने सख्त चेतावनी दी कि विकास कार्यों में लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

    उन्होंने कहा कि जिन भूखंडों पर स्वामित्व विवाद हैं, वहाँ कानूनगो और लेखपाल मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति का पता लगाएं और रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करें।

    उन्होंने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई, तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी की जिम्मेदारी तय कर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

    बैठक में यह भी तय किया गया कि प्रत्येक परियोजना की भूमि स्थिति, रजिस्ट्री प्रगति और निर्माण की गति की साप्ताहिक रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

    जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा कि सभी परियोजनाएं सरकार की प्राथमिकता में हैं और प्रशासन का लक्ष्य है कि इन्हें तय समय सीमा में पूरा किया जाए।

    उन्होंने यह भी कहा कि प्रभावित भू-स्वामियों से संवाद कायम रखकर शांतिपूर्ण और पारदर्शी रजिस्ट्री प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए, तथा किसी भी बिचौलिए को हस्तक्षेप का मौका न दिया जाए।

    मुख्य राजस्व अधिकारी का अपडेट

    मुख्य राजस्व अधिकारी हिमांशु वर्मा ने बताया कि अब तक कई स्थानों पर भूमि स्वामित्व से जुड़ी तकनीकी आपत्तियों का निस्तारण कर दिया गया है।

    शेष स्थानों पर राजस्व कर्मियों की टीमें लगातार फील्ड विजिट कर रही हैं ताकि विवादों का शीघ्र निपटारा किया जा सके।

    जनता से संवाद और मुआवजा पर विशेष ध्यान

    मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि जिन मकानों या संरचनाओं को ध्वस्त किया जा रहा है, उनके प्रभावित स्वामियों से व्यक्तिगत संवाद किया जाए और उन्हें न्यायसंगत मुआवजा समय से दिया जाए।

    उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि विकास कार्यों से जनता को असुविधा न हो और परियोजनाओं का लाभ शीघ्र मिल सके।

    अंत में मंडलायुक्त ने कहा कि गोरखपुर की विकास परियोजनाएँ शहर की तस्वीर बदलने जा रही हैं। रजिस्ट्री कार्य भले कुछ दिनों के लिए रुका हो, लेकिन निर्माण और ध्वस्तीकरण की रफ्तार नहीं रुकनी चाहिए। हर विभाग समन्वय से काम करे — यही शहर के विकास की असली गति है।