Tag: #News#gorakhpur#up

  • दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज में “रिसर्च प्रोजेक्ट एवं शैक्षणिक अनुसंधान पद्धति” पर विशेष व्याख्यान आयोजित

    दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज में “रिसर्च प्रोजेक्ट एवं शैक्षणिक अनुसंधान पद्धति” पर विशेष व्याख्यान आयोजित

    गोरखपुर। दिग्विजयनाथ स्नातकोत्तर महाविद्यालय के वाणिज्य विभाग में सोमवार को “रिसर्च प्रोजेक्ट एवं शैक्षणिक अनुसंधान पद्धति” विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में शोध के प्रति रुचि जागृत करना, अनुसंधान की प्रक्रिया को सरलता से समझाना तथा उच्च शिक्षा में रिसर्च आधारित अधिगम को प्रोत्साहित करना था।

    मुख्य वक्ता डॉ. सुभाष कुमार गुप्ता ने शोध प्रोजेक्ट की रूपरेखा, उपयुक्त शोध शीर्षक का चयन, समस्या कथन, साहित्य समीक्षा, शोध पद्धति, डेटा संग्रहण, विश्लेषण और रिपोर्ट लेखन तक की संपूर्ण प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने उदाहरणों के माध्यम से शोध कार्य में आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान के तरीकों को भी स्पष्ट किया।
    डॉ. गुप्ता ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शोध समाज के विकास, ज्ञान-विस्तार और शैक्षणिक प्रगति का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से निष्पक्षता, ईमानदारी और मौलिकता को अनुसंधान की मूल भावना के रूप में अपनाने का आह्वान किया।

    कार्यक्रम का संचालन श्रीमती रानी द्विवेदी ने किया, जबकि आभार ज्ञापन डॉ. चंडी प्रसाद पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. संजीव कुमार सिंह, डॉ. संजय कुमार त्रिपाठी, डॉ. अभय कुमार मालवीय, दीपक कुमार साहनी सहित छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

    उक्त जानकारी डॉ. शैलेश कुमार सिंह, मीडिया प्रभारी ने दी।

  • फ्लूएंटग्रीड कंपनी पर तीन माह का वेतन बकाया, मीटर रीडरों ने तहसील दिवस पर लगाई गुहार

    फ्लूएंटग्रीड कंपनी पर तीन माह का वेतन बकाया, मीटर रीडरों ने तहसील दिवस पर लगाई गुहार

    तीन महीने से वेतन न मिलने से आर्थिक संकट, उपजिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, नियमित भुगतान की मांग।

    संवाददाता– एस.पी. सिंह
    सहजनवां, (गोरखपुर)।

    गोरखपुर। सहजनवां क्षेत्र में बिजली मीटर रीडिंग का कार्य करने वाले कर्मचारियों ने फ्लूएंटग्रीड लिमिटेड कंपनी पर तीन माह से वेतन न देने का आरोप लगाया है। कर्मचारियों ने सोमवार को तहसील दिवस पर उपजिलाधिकारी सहजनवां को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए लंबित वेतन का तत्काल भुगतान कराने की मांग की।

    कर्मचारियों का कहना है कि वे लगातार कार्य कर रहे हैं, लेकिन पिछले तीन महीनों से उन्हें वेतन नहीं मिला, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट गहरा गया है। परिवार के भरण-पोषण में कठिनाइयाँ उत्पन्न हो रही हैं और रोजमर्रा के खर्च पूरे करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने बताया कि कई बार कंपनी प्रबंधन से संपर्क करने के बावजूद कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
    शिकायती पत्र में कर्मचारियों ने मुख्य रूप से तीन मांगे रखी हैं। तीन माह का बकाया वेतन तत्काल दिलाया जाए, आगे से नियमित एवं समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए, और कंपनी प्रबंधन को जवाबदेह बनाकर समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए।

    ज्ञापन सौंपने वालों में रामबुझारत, रामाधीन, नीरज, प्रदीप, उमाशंकर, गिरधारी, राजा, प्रमोद, विशाल समेत दर्जनों मीटर रीडर शामिल रहे।

  • अजीउल्लाह उर्फ चकिया प्राथमिक विद्यालय से स्मार्ट टीवी, टैबलेट, मोटर समेत लाखों का सामान चोरी

    अजीउल्लाह उर्फ चकिया प्राथमिक विद्यालय से स्मार्ट टीवी, टैबलेट, मोटर समेत लाखों का सामान चोरी

    सूर्य प्रकाश ओझा

    गोरखपुर ।चिलुआताल थाना क्षेत्र के मजनू चौकी अंतर्गत अजीउल्लाह उर्फ चकिया स्थित प्राथमिक विद्यालय में बीती रात चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने किचन और कार्यालय के दरवाजे तोड़कर प्रोजेक्टर, टैबलेट, साउंड सिस्टम, मोटर ,गैस सिलेंडर, टैबलेट, सीलिंग फैन ,ब्लूटूथ स्पीकर, स्मार्ट टीवी,बच्चों के खेलकूद के सामान और बर्तन चुरा लिए। वही महत्वपूर्ण दस्तावेज भी गायब हैं।

    ग्रामीणों ने स्कूल के ताले टूटे देखकर प्रधानाध्यापिका बिना तिवारी को सूचना दी। घटना की जानकारी होने पर वह तत्काल विद्यालय पहुंची और विद्यालय कमरों के अंदर जाकर देखा तो सारे सामान बिखरे पड़े थे । उन्होंने इसकी सूचना स्थानी चौकी मजनू को दी सूचना पर पहुंची पुलिस निरीक्षण कर प्रधानाध्यापिका बिना तिवारी की तहरीर पर पुलिस अज्ञात चोरो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई।

  • समावेशी शिक्षा पर हुई पैनल चर्चा

    समावेशी शिक्षा पर हुई पैनल चर्चा

    विशेष बच्चों की स्वीकृति और कौशल विकास पर जोर।

    गोरखपुर। गोरखपुर में समावेशी शिक्षा को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पैनल चर्चा का आयोजन किया गया। जिसका संचालन श्रीमती शिखा तिवारी और डॉ. मनीषा तेवतिया द्वारा किया गया। इस चर्चा में विशेष शिक्षकों, परामर्शदाताओं, मनोवैज्ञानिकों, प्रशासनिक अधिकारियों और अभिभावकों ने भाग लिया।

    कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. संजय कुमार, मनोवैज्ञानिक और विभागाध्यक्ष, सीसीएस विश्वविद्यालय मेरठ तथा अध्यक्ष, मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता भारत; डॉ. रीना तोमर, मनोवैज्ञानिक, एससीईआरटी, और प्रतिभा मैडम, विशेष शिक्षिका, एपीएस गोरखपुर उपस्थित रहीं। सभी विशेषज्ञों ने समावेशी शिक्षा के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन, सरकारी नीतियों की कमियों और विशेष बच्चों की समाज में स्वीकृति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार साझा किए।
    पैनल ने विशेष रूप से यह रेखांकित किया कि समाज में जागरूकता की कमी और संसाधनों का अभाव समावेशी शिक्षा के मार्ग में बड़ी बाधा है। वक्ताओं ने सुझाव दिया कि विशेष बच्चों के लिए कौशल प्रशिक्षण, सहायक शिक्षकों की उपलब्धता और अभिभावकों की भागीदारी को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। सभी प्रतिभागियों ने मिलकर संकल्प लिया कि शिक्षा व्यवस्था को अधिक संवेदनशील और समावेशी बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

  • नए कानूनों के प्रति जगरूकता अभियान -2023 के  तहत सहजनवां थाने की पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

    नए कानूनों के प्रति जगरूकता अभियान -2023 के  तहत सहजनवां थाने की पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

    छात्रों को बताए गए अधिकार, जिम्मेदारियां और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधान।

    संवाददाता– एस.पी. सिंह
    सहजनवां, (गोरखपुर)।

    मुरारी इंटर कॉलेज में शुक्रवार को सहजनवां थाने की पुलिस टीम ने नए आपराधिक कानूनों के प्रति जागरूकता अभियान -2023 के तहत अभियान चलाया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने छात्रों को नए  कानूनो की जानकारी दी और बताया कि नागरिकों को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग रहना चाहिए।

    थाने से पहुंचे सब इंस्पेक्टर विशाल कुमार सिंह और सुमित कुमार ने भारतीय न्याय संहिता (बी.एन.एस), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बी.एन.एस.एस) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (बी.एस.ए) के मुख्य प्रावधानों को सरल भाषा में समझाया। उन्होंने बताया कि नए कानूनों का उद्देश्य न्याय प्रक्रिया को तेज, पारदर्शी और नागरिक हित में अधिक प्रभावी बनाना है।

    वही थाने से आए कांस्टेबल दिनेश यादव, संदीप कुशवाहा ने छात्रों से अपील की, कि वे समाज में जागरूक नागरिक बनकर कानून का पालन करें और किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

    कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य मेजर साकेत जी ने पुलिस विभाग के इस जनजागरूकता प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम छात्रों को जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं।

    इस दौरान विद्यालय के अध्यापकों सहित सैकड़ों छात्र कार्यक्रम में मौजूद रहे।

     

  • नेशनल जिम प्रीमियर लीग सीजन – 3 का भव्य उद्घाटन 29 अक्टूबर को

    नेशनल जिम प्रीमियर लीग सीजन – 3 का भव्य उद्घाटन 29 अक्टूबर को

    गोरखपुर। शहर के ख्याति प्राप्त बॉडीबिल्डर एवं वायुसेना के पूर्व अधिकारी स्व.परमात्मा पांडेय की स्मृति में नेशनल जिम प्रीमियर लीग (NJPL) सीजन-3 क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन 29 अक्टूबर को सैय्यद मोदी स्टेडियम में एक भव्य समारोह मे किया जाएगा। मैच के आयोजन समिति के संयोजक रजत पाण्डेय ने रविवार को गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि पांच दिवसीय इस प्रतिष्ठित क्रिकेट टूर्नामेंट में कुल 14 टीमें भाग ले रही हैं, जिसमें अदालत, सिविल वॉरियर्स, एग्रो एजेंसीज़, स्पार्टन्स, मनोज मेडिकल, ख़ानदान, रुबारू, आदर्श एसोसिएट्स, सोलर रेडियन्स, एवीएस, फैब्रिको, निक नैक नाइट्स, राइनो और शिवम ऑर्नामेंट्स शामिल हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और “फिट इंडिया – हिट इंडिया” के संकल्प को सशक्त करना है।
    उन्होंने बताया कि पिछले दो सीज़न की शानदार सफलता के बाद, यह तीसरा सीज़न और भी रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक होने वाला है। नेशनल जिम प्रीमियर लीग की यह यात्रा खेल, मनोरंजन और खेल भावना का अद्भुत संगम होगा, जहाँ हर छक्का, हर विकेट और हर जीत दर्शकों के दिलों को छू जाएगी।

    उन्होंने कहा कि पांच दिनों तक चलने वाले डे नाइट मैच का ग्रैंड फिनाले 2 नवंबर को होगा, अंतिम दिन महिलाओं की दो टीमें भी मैच खेलेंगी। श्री पाण्डेय ने यह भी बताया कि विजेताओं को ट्रॉफी के साथ साथ
    आकर्षक प्राइज मनी भी दिया जाएगा। श्री पाण्डेय ने बताया कि खिलाड़ियों के उत्साह को देखते हुए मैच को हर तरह से अत्याधुनिक बनाने की कोशिश की जा रही है, मैच की लाइव स्ट्रीमिंग भी की जाएगी, जिससे दर्शक घर बैठे डिजिटल प्लेटफार्म से मैच का नजारा ले सकेंगे।उन्होंने बताया कि इस टूनार्मेंट में थर्ड अंपायर रिव्यू सिस्टम का भी प्रयोग किया जाएगा। इसके अलावा चीयर लीडर्स, लार्ज एलईडी स्क्रीन, फायर शो के माध्यम से दर्शकों के लिए मनोरंजन का भी खास ध्यान भी रखा गया है। उन्होंने गोरखपुर के लोगों से अपील किया है कि वे ग्राउंड पर आए और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएं और साथ ही मैच का भी आनंद लें।

    इस मौके पर पर डा. अमरनाथ जायसवाल, अजय सिंह, आदर्श त्रिपाठी, विजय सराफ, प्रतीक पांडेय, अंकित पांडेय, अमित सिंह, किशन अग्रवाल, जापनीश सिंह, वसीम खान, पूर्णिमा मिश्रा, साहिल सहानी और मनीष यादव भी उपस्थित रहे।

  • जमीन बैनामा के नाम पर 10 लाख की ठगी, हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

    जमीन बैनामा के नाम पर 10 लाख की ठगी, हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

    सूर्य प्रकाश ओझा

    गोरखपुर। गोरखनाथ थाना क्षेत्र की पुलिस ने धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन बैनामा कराने के नाम पर रुपये हड़पने के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर राज करन नय्यर के निर्देश पर चलाए जा रहे ठगों के खिलाफ विशेष अभियान के तहत पुलिस ने एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है।
    आरोपी पर विभिन्न थानों में गंभीर धाराओं में दर्ज 20 आपराधिक मुकदमे हैं। गिरफ्तार अभियुक्त का नाम अंकुर सिंह पुत्र मोलहू सिंह निवासी ललितापुरम कॉलोनी थाना गोरखनाथ, जनपद गोरखपुर है। आरोपी के विरुद्ध थाना स्थानीय पर मु.अ.सं. 114/2025, धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2), 61(2) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था। वादी की तहरीर पर दर्ज इस प्रकरण में अभियुक्त पर आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर कूटरचित (फर्जी) दस्तावेज तैयार किए, नकली आधार और पैन कार्ड दिखाकर जमीन एग्रीमेंट के नाम पर 10 लाख रुपये की ठगी की।

    “प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण राय के नेतृत्व में गठित टीम”

    पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण राय के नेतृत्व में गठित टीम ने चतुराई से घेराबंदी कर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अंगद, हेड कॉन्स्टेबल विनीत कुमार भारती और मनोज कुमार शामिल रहे। गिरफ्तार अंकुर सिंह एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर (HS-62A थाना गोरखनाथ) है, जिसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, गैंगेस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और धोखाधड़ी जैसे संगीन अपराधों के 20 मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। इनमें थाना चिलुआताल, कैंट, गोरखनाथ, गुलरिहा, खोराबार, शाहपुर और तिवारीपुर शामिल हैं।

    “साथियों की तलाश में जुटी”

    पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास बेहद लंबा और गंभीर है। उसने वर्ष 2006 से अपराध की दुनिया में कदम रखा था और तब से लगातार अलग-अलग वारदातों में शामिल रहा है। पुलिस अब इसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी हुई है, जिनकी भूमिका जमीन ठगी प्रकरण में संदिग्ध बताई जा रही है।

  • संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर 164 का समापन, चार्ली कंपनी बनी ओवरऑल चैंपियन

    संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर 164 का समापन, चार्ली कंपनी बनी ओवरऑल चैंपियन

    गोरखपुर। 44 वीं यूपी बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में सेंट्रल पब्लिक एकेडमी, चौरीचौरा में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर 164 बृहस्पतिवार को हुआ।

    कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल रमन तिवारी के नेतृत्व में चल रहे इस नौ दिवसीय शिविर में कैडेट्स को सैन्य, शैक्षणिक और व्यक्तित्व विकास से संबंधित विविध प्रशिक्षण प्रदान किए गए।
    नौवें दिन की शुरुआत क्विज़ प्रतियोगिता से हुई, जिसमें कैडेट्स ने एनसीसी, सामान्य ज्ञान और समसामयिक विषयों से जुड़े प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
    इसके बाद कैडेट्स को शहीद स्मारक भ्रमण पर ले जाया गया, जहाँ उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को नमन किया और देशप्रेम का संकल्प लिया।

    वहीं कैंप के दौरान आयोजित महिला सशक्तिकरण क्लास में उपनिरीक्षक कृष्णकुमार यादव ने महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और ई-एफआईआर से संबंधित जानकारी दी।
    इस सत्र में उपनिरीक्षक रजनीश मिश्र, उपनिरीक्षक अभय मौर्य और महिला आरक्षी साजिया खातून भी उपस्थित रहीं।

    “चार्ली कंपनी ओवरऑल चैंपियन, कैडेट्स हुए सम्मानित”

    शिविर के समापन अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में चार्ली कंपनी को ओवरऑल चैंपियन घोषित किया गया। बेस्ट फायरर एसडब्ल्यू का खिताब कैडेट अंबिका को तथा बेस्ट फायरर एसडी का पुरस्कार कैडेट रवि को दिया गया।
    कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के प्रबंधक व उनकी धर्मपत्नी रहीं। इस अवसर पर सूबेदार मेजर एम. अब्राहम, डिप्टी कैंप कमांडेंट कैप्टन सी.पी. त्रिपाठी, कैंप एडजुटेंट चीफ ऑफिसर अनिल कुमार गुप्ता, लेफ्टिनेंट अरुण यादव, लेफ्टिनेंट वंदिता त्रिपाठी तथा जीसीआई तृप्ति सिंह भी उपस्थित रहीं।

    “कमांडेंट ने दिया राष्ट्रसेवा का संदेश”

    कार्यक्रम के समापन पर कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल रमन तिवारी ने अपने क्लोज़िंग एड्रेस में कैडेट्स को अनुशासन, टीम भावना और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण बनाए रखने का संदेश दिया।

  • गोरखपुर में मातृशक्ति का सम्मान, उज्ज्वला योजना से दीपावली पर दो गैस सिलेंडर की सौगात

    गोरखपुर में मातृशक्ति का सम्मान, उज्ज्वला योजना से दीपावली पर दो गैस सिलेंडर की सौगात

    गोरखपुर। दीपावली के पावन अवसर पर मातृशक्ति को सम्मानित करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को निःशुल्क दो गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी देने का बड़ा उपहार दिया है। बुधवार को विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाओं को यह सौगात प्रदान की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ से वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े रहे।

    गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक ग्रामीण विपिन कुमार सिंह ने सभागार में उपस्थित 105 लाभार्थी महिलाओं को दो गैस सिलेंडरों का चेक वितरण किया। कार्यक्रम में एडीएम वित्त विनीत कुमार सिंह, परियोजना निदेशक दीपक सिंह और डीएसओ रामेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने देश की महिलाओं को धुएं से मुक्ति और स्वाभिमान से जीने की नई राह दी है। दीपावली जैसे पावन पर्व पर सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी बहन अपने घर में अंधकार में न रहे और हर घर उजाले से जगमगाए।

    प्रदेश सरकार द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार, उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाओं को दीपावली के अवसर पर दो सिलेंडर रिफिल की निःशुल्क सब्सिडी दी जाएगी। गोरखपुर जनपद में यह लाभ 2.93 लाख उज्ज्वला लाभार्थियों को मिलेगा। एक गैस सिलेंडर की कीमत ₹915 निर्धारित है, जिसमें से ₹359 केंद्र सरकार और ₹556 राज्य सरकार वहन करेगी। पूरी राशि ₹915/- सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में आधार आधारित भुगतान प्रणाली के माध्यम से हस्तांतरित की जाएगी।

    लाभार्थियों को पहले नकद भुगतान करके सिलेंडर प्राप्त करना होगा, जिसके बाद सब्सिडी की राशि उनके बैंक खाते में जमा कर दी जाएगी। कार्यक्रम में अधिकारियों ने बताया कि उज्ज्वला योजना का अगला चरण प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 3.0 प्रारंभ होने जा रहा है। इसके तहत वे पात्र परिवार, जिन्हें अब तक गैस कनेक्शन और चूल्हा नहीं मिला है, वे अपने निकटतम कुकिंग गैस एजेंसी पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

    नए उज्ज्वला कनेक्शन हेतु पात्रता में अनुसूचित जाति, जनजाति, अति पिछड़ा वर्ग, अंत्योदय अन्न योजना (AAY), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थी, चाय व पूर्व चाय बागान जनजातियां, वनवासी, तथा गरीब परिवार शामिल हैं। आवेदक वयस्क महिला (18 वर्ष से अधिक आयु) होनी चाहिए और परिवार में कोई अन्य एलपीजी कनेक्शन नहीं होना चाहिए।

  • शहरी यातायात व्यवस्था सुधार को लेकर मंडलायुक्त की बैठक, बिना पार्किंग वाले भवनों पर होगी कार्रवाई

    शहरी यातायात व्यवस्था सुधार को लेकर मंडलायुक्त की बैठक, बिना पार्किंग वाले भवनों पर होगी कार्रवाई

    गोरखपुर। महानगर की बढ़ती यातायात समस्या को सुचारू रूप से संचालित करने के उद्देश्य से बुधवार को मंडलायुक्त अनिल ढींगरा की अध्यक्षता में मंडलायुक्त सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडलायुक्त ने शहरी क्षेत्र में जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ठोस रणनीति बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान विशेष रूप से दीपावली और छठ पर्व के समय यातायात व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखी जाए ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

    मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्य मार्गों, बाजारों और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात को व्यवस्थित करने के लिए प्रभावी प्लान तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि नो-एंट्री जोन का पालन सख्ती से कराया जाए तथा सड़क किनारे अवैध पार्किंग और ठेले-खोमचे वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

    बैठक में जिलाधिकारी दीपक मीणा ने स्पष्ट कहा कि शहर में जिन मल्टीस्टोरी या अपार्टमेंट भवनों में पार्किंग की सुविधा नहीं है, उनके खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, चाहे वे हॉस्पिटल या कॉमर्शियल भवन ही क्यों न हों। उन्होंने कहा कि कई अस्पतालों में बेसमेंट पार्किंग के स्थान पर अन्य गतिविधियां—जैसे मरीज भर्ती करना या अन्य व्यावसायिक कार्य—चलाए जा रहे हैं, जो पूरी तरह नियमों के विरुद्ध है। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि अगर किसी भी अस्पताल या भवन के बेसमेंट में पार्किंग के अलावा अन्य गतिविधि पाई गई तो उस बेसमेंट को सील कर दिया जाएगा।

    डीएम दीपक मीणा ने आगे कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए प्रशासन एक समन्वित योजना पर काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि दीपावली के बाद जीडीए सभागार में मल्टीस्टोरी भवन मालिकों, अस्पताल संचालकों, बड़े दुकानदारों और व्यापारी नेताओं के साथ एक विशेष बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि शहरी क्षेत्र में यातायात का दबाव कम करने के ठोस उपाय तय किए जा सकें।

    डीएम ने नौका विहार क्षेत्र की स्थिति पर भी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नौका विहार परिसर में जिन दुकानदारों को दुकानें आवंटित की गई हैं, उनके सामने कुछ लोग ठेले और खोमचे लगाकर व्यापार कर रहे हैं, जिससे आवंटन प्राप्त दुकानदारों का व्यापार प्रभावित हो रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने जीडीए को निर्देश दिया कि ऐसे अवैध ठेलों और अस्थाई दुकानों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि अधिकृत दुकानदारों को व्यवस्थित रूप से व्यापार करने का अवसर मिल सके।

    बैठक में डीआईजी गोरखपुर रेंज एस. चन्नप्पा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राज करन नय्यर, नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल, मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी, जीडीए सचिव पुष्प राज सिंह, जीडीए मुख्य अभियंता किशन सिंह, एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव, एसपी ट्रैफिक राजकुमार पांडेय, जिला विकास अधिकारी राजमणि वर्मा सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

    मंडलायुक्त ने अंत में कहा कि गोरखपुर शहर तेजी से विकसित हो रहा है, ऐसे में यातायात व्यवस्था को वैज्ञानिक और टिकाऊ स्वरूप देना समय की मांग है। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि प्रशासन, पुलिस और नगर निगम आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि आने वाले दिनों में गोरखपुर जाम-मुक्त और सुव्यवस्थित यातायात वाला शहर बन सके।