Category: ब्रेकिंग न्यूज़

  • छः माह में ही दगा दे गए नपं गोला के आरओ वॉटर कूलर

    छः माह में ही दगा दे गए नपं गोला के आरओ वॉटर कूलर

    क्रासर:40 में से अधिकांश मशीनें खराब,शुद्ध पेयजल व्यवस्था पर सवाल

    चित्र परिचय:

    ब्यूरो प्रभारी वेद प्रकाश यादव

    गोला/गोरखपुर।
    नगर पंचायत गोला के जिम्मेदार भले ही साफ-सफाई और शुद्ध पेयजल आपूर्ति को लेकर बड़े-बड़े दावे कर रहे हों, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोल रही है। नगर पंचायत क्षेत्र में नागरिकों को शुद्ध व ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगाए गए आरओ वॉटर कूलर महज पांच से छह माह में ही खराब हो गए हैं। परिणामस्वरूप आमजन को फिर से दूषित पानी पीने को मजबूर होना पड़ रहा है।
    लगभग छह माह पूर्व नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में करीब 40 आरओ मशीनें स्थापित की गई थीं। इन मशीनों पर लाखों रुपये खर्च किए गए, लेकिन देखरेख और गुणवत्ता के अभाव में अधिकांश मशीनें कुछ ही महीनों में जवाब दे चुकी हैं। लगातार शिकायतों के बावजूद मरम्मत या पुनर्स्थापन की कोई ठोस पहल नहीं दिख रही है। ठंड के मौसम में जिम्मेदार अधिकारी शिकायतों पर कार्रवाई करने के बजाय निष्क्रिय बने हुए हैं। वार्ड नंबर 18 के सभासद श्रवण कुमार वर्मा ने बताया कि डाक बंगला रोड पर लगा आरओ कुछ ही महीनों में खराब हो गया, जिसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। इसी तरह वार्ड नंबर 10 सब्जी मंडी, 3 रामलीला मैदान, 13 एमसीए स्कूल के सामने, 16 गोपालपुर पुलिया के नीचे, 12 भीटी,11 भडसरा हरिजन बस्ती सहित कई अन्य वार्डों में लगे आरओ कूलर खराब पड़े हैं। जानकारी के अनुसार, सभी आरओ मशीनें देवरिया की बीएस कंस्ट्रक्शन द्वारा स्थापित कराई गई थीं। एक-एक मशीन की कीमत लगभग 65 हजार रुपये बताई जा रही है, ऐसे में मशीनों के इतनी जल्दी खराब होने से निर्माण गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखने वाली बात यह होगी कि नगर पंचायत की यह शुद्ध पेयजल योजना सिर्फ कागजों तक सिमट कर रह जाती है या वास्तव में जनता को राहत दिलाने के लिए समयबद्ध कार्रवाई की जाती है।
    इस संबंध में अधिशासी अधिकारी वैभव चौधरी ने बताया कि आरओ मशीनों के खराब होने की सूचना मिलते ही कार्यदायी संस्था को अवगत करा दिया गया है। जब तक सभी मशीनें दुरुस्त नहीं हो जातीं, तब तक संबंधित भुगतान नहीं किया जाएगा।

  • व्यावसायिक उपक्रमों से आर्थिक गतिविधियों को मिलती है गति:विनय शंकर

    व्यावसायिक उपक्रमों से आर्थिक गतिविधियों को मिलती है गति:विनय शंकर

    क्रासर:पूर्व विधायक ने सुर्तियहवा में किया टाइल्स व सेनेटरीवेयर प्रतिष्ठान का शुभारंभ

    चित्र परिचय:

    ब्यूरो प्रभारी वेद प्रकाश यादव

    गोला/गोरखपुर

    गोला क्षेत्र के सुर्तियहवा बाबा स्थित बाबा टाइल्स ऐण्ड सेनेटरी वेयर शोरूम का शुभारंभ पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी व समाजसेवी रामसिद्ध ऊर्फ पप्पू दूबे व प्रोपराइटर सन्नी दूबे ने संयुक्त रूप से फीता काट व द्वीप प्रज्वालित कर किया।
    बतौर मुख्य अतिथि पूर्व विधायक श्री तिवारी ने शोरूम संचालक को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे व्यावसायिक उपक्रमों से न केवल क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलती है, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित होते हैं।
    शोरूम के प्रोपराइटर सन्नी दूबे ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि अब क्षेत्रवासियों को दूसरे शहर नहीं जाना पड़ेगा। यह कॉन्सेप्ट बेस्ड शोरूम है, यहां अत्याधुनिक डिजाइन में कंपनी के निर्धारित दर में आप एक ही छत के नीचे बाथरूम से लेकर कीचन तक के लिए एक से बढ़कर एक टाइल्स अलग-अलग रंग,डिजाइन और साइज में देखकर पसंद के अनुसार ले सकते हैं।
    कार्यक्रम के अंत में
    शोरूम संचालक रामसिद्ध ऊर्फ पप्पू दूबे ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और ग्राहकों को बेहतरीन सेवा देने का आश्वासन दिया।
    इस दौरान महंत श्रीशदास,इन्द्रेश दूबे,कृष्णा तिवारी, हरेकृष्ण दूबे,बेचन दूबे,ओम प्रकाश शुक्ला,लव त्रिपाठी, राकेश कुमार यादव, राजेंद्र सिंह,आनंद तिवारी,रामगिरीश दूबे,दिलीप उमर,सन्नी तिवारी,मंटू बाबा, विवेक,ज्ञानवेन्द्र मिश्र,हरिनाथ तिवारी सहित तमाम लोग मौजूद थे।

  • पेशाब करने को लेकर मारपीट तीन गंभीर रूप से घायल, जिला अस्पताल रेफर

    गोला/गोरखपुर।
    गोला थाना क्षेत्र के चौकड़ी गाँव में एक युवक के द्वारा पट्टीदार के जानवर बाँधने की जगह पर पेशाब करने को लेकर विवाद इतना बढ गया कि दोनो पक्षों में मारपीट हो गयी। मारपीट में एक पक्ष के पिता उनके दो पुत्र गंभीर रूप से चोटिल हो गये दोनों को सीएचसी गोला पर प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल के लिए भेज दिया गया। वहीं दोनो पक्षों से पुलिस को तहरीर दे दी गयी है।
    प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम चौकड़ी निवासी राजेंद्र यादव उर्फ रजई (50) पुत्र स्व रामबचन के दो पुत्र हैं नीरज (21) व धीरज(23)। निरज की दिमागी हालात ठीक नहीं है। रविवार की देर शाम को उसने अपने चाचा शिवशंकर पुत्र स्व रामबचन के दरवाजे पर पेशाब कर दिया जिसको लेकर उसकी चाची राजकुमारी यादव पत्नी शिवशंकर उसे बुरा भला कहने लगीं। शोर शराबा सुनकर नीरज की माँ बेबी पत्नी राजेंद्र ने जगह को साफ कर देने की बात कही। लेकिन विवाद बढ गया, तभी अचानक राजेंद्र पर दूसरे पक्ष के किसी ने वार कर दिया जिससे वह बेसुध हो गया। जिसके बाद दोनो पक्षों में मारपीट हो गया। जिसमें एक पक्ष के राजेंद्र, नीरज, धीरज को गंभीर तथा बेबी तथा दूसरे पक्ष से राजकुमारी व किशन को हल्की चोटें आई हैं। मारपीट कई सूचना मिलते ही मौके पर पंहुची पुलिस घायलों को तत्काल एम्बुलेंस की सहयाता से सीएचसी लेकर गयी। जहां गंभीर रूप से घायल तीनों, पिता राजेंद्र उनके दो पुत्रों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। राजेंद्र के दिमाग का कुछ माह पहले ही ऑपरेशन हुआ था।
    वहीं पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दोनो पक्षों से पुलिस को तहरीर दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है।

  • सुर्ख़ियों में अनोखा वेडिंग कार्ड

    सुर्ख़ियों में अनोखा वेडिंग कार्ड

    यूपी के जौनपुर का वेडिंग कार्ड सुर्खियों में है। वजह- कार्ड पर मुस्लिम परिवार का हिंदू सरनेम ‘दूबे’ लिखवाना। दावत-ए-वलीमा को बहुभोज का नाम देना। ये शादी आज (14 दिसंबर) को हो रही है। 2000 लोगों को इनवाइट किया गया है। पीएम मोदी और सीएम योगी को भी कार्ड भेजा गया है, हालांकि उनकी तरफ से शादी में शामिल होने का कोई प्रोटोकॉल नहीं है।

    नौशाद अहमद दूबे ने बताया, हमारे पूर्वज लाल बहादुर दुबे थे। इस तरह से हमारी जाति वही हुई। हमारे पूर्वजों ने धर्म बदला, जाति नहीं, क्योंकि जाति तो बदली नहीं जा सकती। जो चीज बदली नहीं जा सकती। उसे हम लोग जबरन क्यों बदलेंगे? उस समय क्या परिस्थितियां रहीं कि ये टाइटल अपनाया। लेकिन हमें इसमें अपनापन लगता है।

  • अभाविप, अवध प्रांत के प्रांत अध्यक्ष तथा प्रांत मंत्री का हुआ निर्वाचन

    अभाविप, अवध प्रांत के प्रांत अध्यक्ष तथा प्रांत मंत्री का हुआ निर्वाचन

    “प्रो. (डॉ.) नीतू सिंह पुनर्निर्वाचित प्रांत अध्यक्ष तथा अर्पण कुशवाहा प्रांत मंत्री के रूप में नवर्निर्वाचित”

    लखनऊ,14 दिसंबर 2025। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, अवध प्रांत के प्रांत अध्यक्ष तथा प्रांत मंत्री के पदों की निर्वाचन प्रक्रिया आज लखनऊ के कैसरबाग स्थित अभाविप, अवध प्रांत के प्रांत कार्यालय से सम्पन्न हुई। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, अवध प्रांत के प्रांत अध्यक्ष के दायित्व पर प्रो. (डॉ.) नीतू सिंह पुनर्निर्वाचित तथा प्रांत मंत्री के दायित्व पर श्री अर्पण कुशवाहा नवर्निर्वाचित हुए।

    अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, अवध प्रांत के प्रांत अध्यक्ष तथा प्रांत मंत्री के निर्वाचन प्रक्रिया के चुनाव अधिकारी प्रो. राकेश द्विवेदी ने अपने वक्तव्य में बताया कि दोनों दायित्वान कार्यकर्ता बहराइच में 17, 18 तथा 19 दिसंबर को आयोजित होने जा रहे अभाविप, अवध प्रांत के 65वें प्रांत अधिवेशन में अपना कार्यभार संभालेंगे। यह अभाविप, अवध प्रांत के इतिहास में पहली बार है कि प्रांत मंत्री राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय जैसे राष्ट्रीय महत्व के संस्थान से है।

    डॉ. नीतू सिंह जी विद्यांत हिन्दू पी.जी. कॉलेज के मानवविज्ञान (एंथ्रोपोलॉजी) विभाग में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। आपने अपनी एम.ए. एवं पीएच.डी. की शिक्षा इलाहाबाद विश्वविद्यालय से प्राप्त की है। आप भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICSSR) की पोस्ट-डॉक्टोरल फेलोशिप के अंतर्गत ओडिशा में शोधकार्य कर चुकी हैं। शोध एवं अकादमिक गतिविधियों के अंतर्गत आपने लंदन, चीन, श्रीलंका, वियतनाम, थाईलैंड एवं रूस सहित विभिन्न देशों में शोधपत्र प्रस्तुत किए हैं। आप संस्कृत विभाग की विभिन्न परियोजनाओं की संयोजक भी रह चुकी हैं। आपके शोधपत्र अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठित जर्नलों में प्रकाशित हो चुके हैं। वर्तमान में महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय, मोतिहारी की एकेडमिक काउंसिल की सदस्य हैं। साथ ही, आप उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग में संस्कृति नीति से संबंधित सुस्पष्ट प्रस्ताव शासन को उपलब्ध कराने हेतु गठित प्रारूप समिति की सदस्य भी हैं। डॉ. नीतू जी का अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) से संपर्क वर्ष 1995 से है। पूर्व में आप महानगर अध्यक्ष, विभाग प्रमुख एवं प्रांत उपाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुकी हैं। वर्तमान में आप अभाविप, अवध प्रांत की पुनर्निर्वाचित प्रांत अध्यक्ष हैं। आपका निवास लखनऊ है।

    अर्पण कुशवाहा जी का अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से संपर्क वर्ष 2022 से है। वर्तमान में आपकी शिक्षा डॉ. राममनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय से बी.ए. एलएल.बी. पाठ्यक्रम के अंतर्गत जारी है। संगठनात्मक दायित्वों के क्रम में आपने पूर्व में विश्वविद्यालय इकाई मंत्री, थिंक इंडिया के परिसर संयोजक तथा महानगर संयोजक के रूप में सफलतापूर्वक कार्य किया है। इसके अतिरिक्त, आप उन्नत भारत अभियान के विश्वविद्यालय समन्वयक की भूमिका का भी निर्वहन कर चुके हैं। वर्तमान में आप थिंक इंडिया के प्रांत संयोजक के दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। श्री अर्पण जी को सत्र 2025–26 के लिए अभाविप, अवध प्रांत का प्रांत मंत्री निर्वाचित किया गया है।

  • कीर्तन जायसवाल ने दूसरी बार एमडीआरटी यूएसए (अमेरिका) क्वालिफाई कर रचा इतिहास

    कीर्तन जायसवाल ने दूसरी बार एमडीआरटी यूएसए (अमेरिका) क्वालिफाई कर रचा इतिहास

    गोला/गोरखपुर

    भारतीय जीवन बीमा निगम के वरिष्ठ अभिकर्ता कीर्तन जायसवाल ने एक बार फिर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने बीमा एवं वित्तीय सेवा क्षेत्र की विश्व की प्रतिष्ठित संस्था एमडीआरटी (मिलियन डालर राऊंड टेबल) को वर्ष 2025–26 के लिए पुनः क्वालिफाई कर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। जिसका सम्मेलन कैलिफ़ोर्निया, अमेरिका में आयोजित होगा जिसमें शामिल होना है|
    इस उपलब्धि को और भी विशेष बनाता है कि वर्ष 2025 में अपनी शाखा से क्वालिफाई करने वाले वे प्रथम अभिकर्ता बने हैं।
    गौरतलब है कि कीर्तन जायसवाल पिछले 21 वर्षों से भारतीय जीवन बीमा निगम से जुड़े हुए हैं और निरंतर ईमानदारी, विश्वास एवं समर्पण के साथ बीमा सेवा प्रदान कर रहे हैं। वे सीएम क्लब मेंबर, सीएलआइए (एजेंट भर्ती अधिकारी व मुख्य सलाहकार) के साथ-साथ कई वर्षों से शतकवीर अभिकर्ता भी रहे हैं।
    इस उपलब्धि में उनके पुत्र विवेक जायसवाल का भी विशेष योगदान रहा है, जो परछाईं की भांति उनके साथ रहकर व्यवसायिक कार्यों तकनीकी सहयोग एवं ग्राहक सेवा में निरंतर सहयोग प्रदान कर रहे हैं। उनके सहयोग ने इस सफलता को और अधिक सुदृढ़ बनाया है तथा भविष्य में भी पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ बीमा सेवा जारी रखने का संकल्प दोहराया।
    बताते चलें कि यह विश्व स्तर की अंतरराष्ट्रीय संस्था है, जिसकी सदस्यता केवल उत्कृष्ट प्रदर्शन, उच्च व्यावसायिक मानकों के आधार पर ही प्राप्त होती है।
    अपनी इस उपलब्धि पर कीर्तन जायसवाल ने कहा कि यह सम्मान उनके प्रेणास्रोत अर्जुन जायसवाल शाखा प्रबंधक बड़हलगंज हरिप्रसाद शाखा प्रबंधक गोला नवनीत मिश्रा, सहायक शाखा प्रबंधक बी. बी. शर्मा व ग्राहकों, वरिष्ठों, सहयोगियों एवं शुभचिंतकों के अतुल्य विश्वास के लिए धन्यवाद दिया।

  • ट्रैफिक कोऑर्डिनेटिंग कमेटी से गोला में होगा यातायात नियंत्रण : एडीजी

    ट्रैफिक कोऑर्डिनेटिंग कमेटी से गोला में होगा यातायात नियंत्रण : एडीजी

    क्रासर:पुराने वाहनों का निस्तारण, जर्जर भवनों का होगा ध्वस्तीकरण।

    चित्र परिचय:

    ब्यूरो प्रभारी वेद प्रकाश यादव

    गोला/गोरखपुर

    शनिवार को गोला थाना परिसर पहुंचे एडीजी अशोक मुथा जैन ने थाना परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया और जनसुनवाई में आए फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया।
    दोपहर लगभग 12:30 बजे एसएसपी राजकरण नय्यर के साथ थाना पहुंचने के बाद एडीजी ने महिला हेल्पलाइन सेंटर, कार्यालय, बंदी कक्ष, कैंटीन, आवास सहित पूरे परिसर का गहन निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के उपरांत दैनिक भास्कर से विशेष बातचीत में उन्होंने कहा कि गोला थाना अत्यंत पुराना है, समय-समय पर बिना समुचित योजना के निर्माण होने से परिसर सीमित हो गया है। थाने में वर्षों से खड़े पुराने वाहन भी अत्यधिक स्थान घेरे हुए हैं, जिससे साफ-सफाई और सौंदर्य प्रभावित हो रहा है। ऐसे सभी वाहनों का शीघ्र निस्तारण कराया जाएगा। एडीजी ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद बड़ी संख्या में नए जवान जनपद को मिलेंगे, जिनके आवास की समुचित व्यवस्था आवश्यक है। इसके लिए जर्जर और अनुपयोगी भवनों को ध्वस्त कर नए भवनों के निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
    ————
    ट्रैफिक नियंत्रण को मिलेगी मजबूती..
    यातायात व्यवस्था पर एडीजी ने कहा कि डीजीपी की ट्रैफिक कोऑर्डिनेटिंग कमेटी की योजना को जनपद के कई थानों में लागू किया जा चुका है। एसएसपी को निर्देश दिए गए हैं कि रामजानकी मार्ग से होकर गुजरने वाले अत्यधिक यातायात को देखते हुए गोला में भी यह व्यवस्था शीघ्र लागू की जाए। समर्पित ट्रैफिक टीम के गठन से यातायात सुचारु और नियंत्रित रहेगा।
    ———–
    शिकायतों पर सख्त रुख…
    जनसुनवाई में राजस्व,खनन सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं, जिनकी व्यक्तिगत जांच के लिए एडीजी ने अपर पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया।
    ————
    लेखपालों की समस्या पर समाधान..
    जनसुनवाई के दौरान लेखपालों ने भूमि विवादों में पुलिस बल समय पर न मिलने की समस्या रखी। इस पर एडीजी ने कहा कि नए जवानों के आने के बाद राजस्व मामलों के लिए एक अलग पुलिस बल तैनात किया जाएगा, जो ऐसे प्रकरणों में सहयोग करेगा। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व मामलों में पुलिस सहायता के लिए पूर्व सूचना देना आवश्यक है, ताकि समय पर व्यवस्था की जा सके।

  • पंकज के प्रदेश अध्यक्ष बनने से भाजपा को मिलेगी मजबूती: नित्यानंद

    पंकज के प्रदेश अध्यक्ष बनने से भाजपा को मिलेगी मजबूती: नित्यानंद

    निर्विरोध अध्यक्ष बनने पर भाजपा पदाधिकारियों ने गुलदस्ता भेंट कर दी बधाई

    ब्यूरो प्रभारी वेद प्रकाश यादव

    गोला/गोरखपुर

    उत्तर प्रदेश के नव निर्वाचित अध्यक्ष पंकज चौधरी को भारतीय जनता पार्टी का निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष बनने पर भाजपा के वरिष्ठ नेता नित्यानंद मिश्र,महंत सिंह सहित अन्य पदाधिकारीयों ने लखनऊ स्थित नैमिषारण्य वीवीआईपी गेस्ट हाउस पहुंच उन्हें बधाई दी। इस मौके पर श्री मिश्र ने कहा कि श्री चौधरी 7 बार सांसद रहे। इन्हें संगठन कार्य का लम्बा अनुभव है तथा अपने सरल स्वभाव और मृदभाषी होने के नाते कार्यकर्ताओं में काफी लोकप्रिय भी हैं।इनके भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनने से संगठन और पार्टी को काफी मजबूती मिलेगी।इस अवसर पर अश्वनी राय अजीत वर्मा नीरज दुबे और मौजूद पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर करते हुए श्री चौधरी को बधाई दी।

  • गोला नपं के आंख-कान हैं बंद,नहीं सुनाई दे रही ठंड से ठिठुरते गरीबों की सिसकियां

    गोला नपं के आंख-कान हैं बंद,नहीं सुनाई दे रही ठंड से ठिठुरते गरीबों की सिसकियां

    क्रासर:एक मात्र रैन बसेरे को छोड़,बचाव के इन्तजाम अधूरे,न बंटे कंबल न जले अलाव

    चित्र परिचय:
    ब्यूरो प्रभारी वेद प्रकाश यादव
    गोला/गोरखपुर
    ठंड ने दस्तक दे दी है।पारा धीरे-धीरे गिर रहा है। आने वाले समय में ठिठुरन बढ़ जाएगी,ऐसे में भी कई गरीब और असहाय लोग ऐसे हैं जो खुले आसमान में रात काटने को मजबूर हैं।लेकिन गोला नगर पंचायत के आंख-कान बंद हैं,एक मात्र रैन बसेरे को छोड़ बचाव के सारे इन्तजाम अधूरे हैं, उनको ठंड से ठिठुरते गरीबों की सिसकिया नहीं सुनाई दे रही हैं।अभी तक न एक भी कंबल बंटे न ही अलाव जल रहे हैं।
    ऐसा ही एक नज़ारा निष्पक्ष टुडे की टीम ने जब शनिवार को पड़ताल की तो गोला नगर पंचायत में कुहरे की चादर ओढी हाड़ कंपा देने वाली ठंड में गरीब खुले आसमान के नीचे सोने को मजबूर हैं। नगर पंचायत और प्रशासन की लापरवाही के चलते फुटपाथ पर जीवन यापन कर रहे करीब सैंकडों लोग रात भर ठिठुरने को मजबूर हैं। इनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं. ये लोग ठंड से बचने के लिए कचरे में आग जलाकर रात काट रहे हैं।इनके लिए प्रशासन के पास ठंड से बचने के लिए न तो कंबल है न ही अलाव के लिए लकड़ी।
    ———–
    नपं प्रशासन की उदासीनता
    नगर पंचायत गोला ने अब तक न एक भी कंबल बांटे हैं और न ही अलाव जलाने की कोई व्यवस्था की है जिससे गरीबों की परेशानियां और बढ़ गई हैं. प्रशासन की यह उदासीनता न केवल गरीबों के लिए मुसीबत बन रही है, बल्कि यह मानवाधिकारों का भी उल्लंघन है।
    ———-
    जरूरतमंदों की अपील
    ठंड में फुटपाथ पर सोने वाले तमाम गरीबों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से ठंड से बचाव के लिए मदद की गुहार लगाई है।उन्होंने मांग की है कि ठंड में अलाव की व्यवस्था की जाए और कंबल बांटे जांय ताकि किसी की जान न जाए। ऐसे में तमाम बेघर लोग वर्षों से ठंड में अपने बच्चों के साथ सड़क किनारे सोने को मजबूर अपना जीवन काट रहें हैं।यह स्थिति न केवल प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करती है, बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारियों पर भी सवाल खड़ा करती है। समय रहते उचित कदम उठाए जाने की जरूरत है।

  • एडीजी जोन मुथा अशोक जैन ने किया थाना गोला का वार्षिक निरीक्षण

    एडीजी जोन मुथा अशोक जैन ने किया थाना गोला का वार्षिक निरीक्षण

    संवादाता गोरखपुर  S P ओझा

    अभिलेखों की जांच, मालखाने के निरीक्षण व फरियादियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश”

    गोरखपुर। आज अपर पुलिस महानिदेशक जोन गोरखपुर मुथा अशोक जैन द्वारा थाना गोला का वार्षिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान थाना स्तर पर संचालित प्रशासनिक, विधिक एवं जनसुनवाई से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। निरीक्षण का उद्देश्य थाना कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनहितैषी बनाना रहा।

    निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक ने थाने पर संधारित जनसुनवाई रजिस्टर, महिला अपराध रजिस्टर, अपराध रजिस्टर संख्या-04, मालखाना रजिस्टर सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों को गहनता से चेक किया। उन्होंने रजिस्टरों में प्रविष्टियों की अद्यतन स्थिति, क्रमबद्धता तथा विधिक मानकों के अनुरूप संधारण पर विशेष ध्यान दिया और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अभिलेख समय से अपडेट हों तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

    इसके पश्चात एडीजी जोन द्वारा थाना मालखाना का निरीक्षण किया गया। मालखाने में मौजूद शस्त्र, कारतूस, मुकदमाती माल, जब्त वाहन एवं अन्य सामग्री का भौतिक सत्यापन किया गया। उन्होंने मालखाने में रखे सामान की सुरक्षा, रख-रखाव एवं रिकॉर्ड मिलान की स्थिति का जायजा लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि मुकदमाती माल का संरक्षण पूरी सतर्कता के साथ किया जाए और निर्धारित नियमों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित हो।

    निरीक्षण के क्रम में अपर पुलिस महानिदेशक ने संपूर्ण थाना परिसर का भ्रमण किया। उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, कार्यालय कक्षों की व्यवस्था, आगंतुकों के बैठने की सुविधा तथा थाने में खड़े वाहनों की स्थिति का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने परिसर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और अनुशासित बनाए रखने, वाहनों के बेहतर रख-रखाव तथा अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों को नियमानुसार निस्तारित कराने के निर्देश दिए।

    निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक जोन गोरखपुर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर राज करन नय्यर द्वारा थाने पर आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और जनसुनवाई को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

    इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी, क्षेत्राधिकारी गोला दरवेश कुमार सहित थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। निरीक्षण के अंत में एडीजी जोन ने स्पष्ट किया कि थाना स्तर पर अनुशासन, पारदर्शिता एवं जनसेवा की भावना को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि आम जनता का पुलिस पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।