Category: न्यूज़

Your blog category

  • हमारा संकल्प – “फाइलेरिया मुक्त हमारा गांव”

    हमारा संकल्प – “फाइलेरिया मुक्त हमारा गांव”

    संवाददाता– एस.पी. सिंह
    सहजनवा, (गोरखपुर)।

    फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत मंगलवार को पंडित जवाहरलाल इंटर कॉलेज, जैतपुर में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला अस्पताल से आए स्वास्थ्य कर्मियों ने छात्र-छात्राओं से फाइलेरिया से बचाव के लिए दवा का सेवन करने की अपील की।

    कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के प्रधानाचार्य राम नवल यादव ने छात्र-छात्राओं को फाइलेरिया से बचाव के लिए शपथ दिलाई और कहा कि “फाइलेरिया उन्मूलन के लिए दवा का सेवन आवश्यक है। मैंने स्वयं, कॉलेज स्टाफ और छात्र-छात्राओं ने पिछले वर्ष यह दवा ली थी, जिससे किसी को कोई परेशानी नहीं हुई।”

    उन्होंने जनसामान्य से भी अपील की कि अभियान के दौरान स्वयं और अपने बच्चों को दवा अवश्य दिलाएं, ताकि सभी बेहतर स्वास्थ्य की ओर कदम बढ़ा सकें।

    इस मौके पर जिला अस्पताल से आई स्वास्थ्य कर्मी आभा ने बताया कि “फाइलेरिया एक लाइलाज बीमारी है, जो क्यूलेक्स मच्छर के काटने से फैलती है। इससे बचाव केवल फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के दौरान दी जाने वाली दवाओं के सेवन से ही संभव है।”

    कार्यक्रम में कॉलेज के शिक्षक अंजनी पांडे, कृष्णमोहन उपाध्याय, वीरेंद्र सिंह, सूरज प्रताप सिंह, शिवशंकर यादव, अनिल कुमार, वीरेंद्र यादव सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

  • पोस्ट ऑफिस में पांच दिनों से काम ठप, रक्षाबंधन पर बहनों की बढ़ी चिंता

    पोस्ट ऑफिस में पांच दिनों से काम ठप, रक्षाबंधन पर बहनों की बढ़ी चिंता

    “पेंशनधारक बेहाल,ग्रामीण इलाकों में उपेक्षा का शिकार हो रही पोस्ट सेवाएं”

    ब्यूरों प्रभारी: संतोष कुमार त्रिपाठी, खजनी गोरखपुर।

    खजनी तहसील में पोस्टऑफिस खजनी व उनवल में पिछले पांच दिनों से पोस्टऑफिस की सेवाएं पूरी तरह ठप पड़ी हैं। अपग्रेडिंग और तकनीकी खामियों के नाम पर डाक विभाग का कामकाज रुका हुआ है, जिससे आम जनता खासा परेशान है। रक्षाबंधन जैसे पवित्र पर्व के ठीक पहले बहनों की चिंताएं और पेंशनधारकों की परेशानियां चरम पर हैं।

    रक्षाबंधन पर्व 9 अगस्त को मनाया जाएगा। ऐसे में गांवों की सैकड़ों बहनें राखी, मिठाई और शुभकामना पत्र भेजने के लिए पोस्टऑफिस का रुख कर रही थीं, लेकिन वहां ताले लटके हैं या सिस्टम डाउन का बोर्ड लगा है। खजनी क्षेत्र की सांध्य देवी, रीना देवी, पुष्पा देवी जैसे कई लोगों ने बताया कि वह तीन-चार बार आ चुकी हैं, लेकिन उन्हें हर बार निराश लौटना पड़ा। बहनों का कहना है कि रक्षाबंधन का पर्व भाई के बिना अधूरा है और जब समय पर राखी ही नहीं पहुंच पाएगी तो सारे जज्बात धरे के धरे रह जाएंगे।

    इधर पेंशनधारक भी रोज पोस्टऑफिस के चक्कर काट रहे हैं। रामपाल गुप्ता, गिरजा शंकर वर्मा, अशोक यादव, राहुल, सदानंद, अरुण कुमार जैसे सैकड़ों पेंशनभोगी पोस्टऑफिस के चबूतरे पर घंटों इंतजार करने के बाद मायूस होकर लौट रहे हैं। बुजुर्गों का कहना है कि इस उमर में बार-बार आना-जान आसान नहीं है, फिर भी मजबूरी में धूप-बारिश झेलकर आना पड़ रहा है।

    स्थानीय लोगों का आरोप है कि पोस्ट विभाग की लापरवाही ने आम जनता को असहाय बना दिया है। न तो कोई सूचना बोर्ड लगाया गया है, न ही कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। अफसरों से पूछो तो जवाब मिलता है – “सर्वर अपग्रेड हो रहा है, जल्दी चालू हो जाएगा।” लेकिन यह “जल्दी” कब आएगी, इसका कोई जवाब किसी के पास नहीं है।

    गौरतलब है कि पोस्टऑफिस गांव की जीवनरेखा है – चिट्ठी, पेंशन, मनीऑर्डर, आधार अपडेट, बैंकिंग से लेकर जीवन बीमा तक की सेवाएं इससे जुड़ी हैं। ऐसे में अगर यह व्यवस्था ही कई दिनों तक ठप हो जाए तो ग्रामीण जनता की तकलीफें समझी जा सकती हैं।

  • अवैध शराब बेचते एक गिरफ्तार, आबकारी की छापेमारी,गुमटी में अवैध रूप से मिला शराब,एक गिरफ्तार

    अवैध शराब बेचते एक गिरफ्तार, आबकारी की छापेमारी,गुमटी में अवैध रूप से मिला शराब,एक गिरफ्तार

    ब्यूरो प्रभारी: संतोष कुमार त्रिपाठी, खजनी गोरखपुर

    खजनी क्षेत्र के नगर पंचायत उनवल में लंबे समय से गुपचुप तरीके से बिक रही अवैध शराब की शिकायत पर मंगलवार की सुबह आबकारी विभाग और खजनी पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को मौके से गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान आरोपी के पास से 38 पौवा (प्रत्येक 200 एमएल) बन्टी- बबली ब्रांड की देसी शराब, कुल 7.6 लीटर बरामद की गई।

    जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों की शिकायत थी कि उनवल कस्बे में सड़क किनारे गुमटी के भीतर खुलेआम देसी शराब की बिक्री हो रही है, जिससे क्षेत्र में युवा पीढ़ी पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। शिकायत की पुष्टि होते ही मंगलवार को आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-7 खजनी सुधीर कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम में सिपाही मधुसूदन सिंह, शरद कुमार वर्मा और चंद्र भूषण पटेल भी शामिल रहे। वहीं, खजनी थाने की पुलिस टीम में उ0नि0 जितेन्द्र यादव के साथ सिपाही वरुण पाण्डेय और सचिन कुमार भूपेन्द्र ने मोर्चा संभाला।

    संयुक्त अभियान के दौरान गुमटी पर छापा मारा गया, जहां सदरसी पुत्र घमंडू, निवासी नगर पंचायत उनवल वार्ड 1, शराब की बिक्री करते हुए रंगेहाथ पकड़ा गया। तलाशी में कुल 7.6 लीटर देसी शराब बरामद हुई, जिसे जब्त कर लिया गया है। मौके पर ही अभियुक्त को हिरासत में लेकर थाने लाया गया और उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा में मामला पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

    इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है और अवैध शराब के धंधे से जुड़े लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने आबकारी व पुलिस टीम की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इस तरह की मुहिम आगे भी जारी रहेगी ताकि क्षेत्र को नशामुक्त और सुरक्षित बनाया जा सके।

    पुलिस व आबकारी विभाग का कहना है कि अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी और किसी भी कीमत पर अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

  • भाजपा कार्यकर्ता सेवा,समर्पण और संकल्प का सजीव प्रतीक:राजेश त्रिपाठी

    भाजपा कार्यकर्ता सेवा,समर्पण और संकल्प का सजीव प्रतीक:राजेश त्रिपाठी

    गोला। भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता ही हमारी असली ताकत हैं जो रीढ की हड्डी बनकर हर समय खड़े रहते हैं और विधायक से लेकर प्रधानमंत्री तक चुनने का काम करते हैं।हमारा कार्यकर्ता सेवा,समर्पण और संकल्प का सजीव प्रतीक है।
    उक्त बातें चिल्लूपार के विधायक राजेश त्रिपाठी ने उपनगर गोला के पश्चिमी चौराहा स्थित भाजपा नेता राम प्रताप राय के आवास पर आयोजित बैठक में कार्यकर्ताओ को संबोधित करते हुए कहीं।
    उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सरकार और संगठन के बीच एक मजबूत सेतु हैं,जो नीतियों को जनता से जोड़ते हैं और जनता की अपेक्षाओं को सरकार तक पहुंचाते हैं।मोदी -योगी सरकार के जनकल्याणकारी योजनाओं को घर- घर,पात्र लाभार्थियों तक पहुचाने का बीडा भी हमारे कार्यकर्ता ने उठाया है।वे केवल प्रचार नहीं कर रहे बल्कि परिवर्तन की मशाल बनकर हर द्वार पर सरकार की संवेदनशील और सेवा भाव पहुंचा रहे हैं।
    इस दौरान भाजपा युवा नेता एवं सरयू रत्न से सम्मानित उमेश कुमार यादव व पंकज सोनकर,नवनीत राय,वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल भट्ट,रतन प्रकाश दूबे,मंडल अध्यक्ष संदीप सोनकर व विद्याधर पाण्डेय,प्रशांत शाही,आलोक पाण्डेय,शशिभूषण राय(रिंटन),प्रवीण दूबे,दीपक राय, गुलाब दूबे आदि मौजूद रहे।

  • मां के नाम पेड़ लगा बनाएं अविस्मरणीय स्मृति : मिंटू सिंह

    मां के नाम पेड़ लगा बनाएं अविस्मरणीय स्मृति : मिंटू सिंह

    गोला। अपनी मां के नाम एक पेड़ लगाकर अविस्मरणीय स्मृति बनाएं।इससे पर्यावरण की रक्षा होगी।साथ ही हरा-भरा और समृद्ध भविष्य तैयार होगा।

    उक्त बातें युवा समाजसेवी अखिलेश ऊर्फ मिंटू सिंह ने सरकार द्वारा चलाये जा रहे “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत समयथान में अपने माता- पिता व परिवार के साथ विभिन्न फलदार व छायादार पौधो का पौधरोपण करने के उपरान्त कही।उन्होंने इस अभियान से लोगों को जुडने की अपील करते हुए कहा कि उद्देश्य था मां के नाम पर एक पेड़ लगाकर स्थायी स्मृति बनाना।क्योंकि मां और प्रकृति जीवन का मूल आधार हैं। यह पहल पर्यावरणीय जिम्मेदारी निभाने का भी प्रयास है। साथ ही मातृभूमि और प्रकृति के प्रति सम्मान और समर्पण का प्रतीक भी है।

    इस दौरान जगन्नाथ सिंह,दुर्गा सिंह,प्रीती सिंह,हैदर अली,इस्माइल आदि मौजूद थे।

  • यूपी एटीएस को मिली बड़ी सफलता 

    यूपी एटीएस को मिली बड़ी सफलता 

    यूपी एटीएस के हत्थे चढ़े दो इस्लामिक कट्टरपंथी देश में शरिया लागू करने के लिए कर रहे थे काम..!

     यूपी एटीएस ने दो इस्लामिक कट्टरपंथियों को गिरफ्तार किया है।

     दोनों मुस्लिम नवयुवकों को गैर मुस्लिमों के प्रति भड़काकर उनमें रोष पैदा कर रहे थे।

     भारत विरोधी षड्यंत्र रचने वाले दो कट्टरपंथी उसामा माज व अजमल अली को एटीएस ने गिरफ्तार किया है।

    ये दोनों अभियुक्त मुस्लिम नवयुवकों को गैर मुस्लिमों के प्रति भड़का कर उनमे रोष पैदा करते थे। भारत विरोधी, आपराधिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करते थे।

  • पोते के दुकान का उद्घाटन 85 वर्षीय दादी ने फिता काटकर किया

    पोते के दुकान का उद्घाटन 85 वर्षीय दादी ने फिता काटकर किया

    ब्यूरों प्रभारी —-विनय तिवारी

    बडहलगंज/गोरखपुर (निष्पक्ष टुडे): उरूवा बाजार में आज पोते के दुकान (बिक्की) सूर्या सुपर बाजार का उद्घाटन 85 वर्षीय उनकी दादी फुलपत्ती ने फिता काटकर किया गया।
    आज गोरखपुर जिले के उरूवा बाजार में सूर्या सुपर बाजार का उद्घाटन किया गया। सूर्या सुपर बाजार का उद्घाटन 85 वर्षीय दादी और दादा ने अपने पोते के दुकान का उद्घाटन स्वयं किया। उद्घाटन के मौके पर दादा लक्ष्मी तिवारी ने कहा कि किसी भी धंधा या व्यवसाय में ग्राहकों के प्रति ईमानदारी जरूरी है। ग्राहकों की संतुष्टि ही व्यवसाय का आधार है। इस बात का ध्यान रखना होगा कि ग्राहकों को पूरी तरह से संतुष्ट किया जा सके। इस अवसर पर चंदप्रकाश तिवारी, सूर्य प्रकाश तिवारी,प्रभुनाथ तिवारी, राम प्रकाश तिवारी, ,बिक्की, अंकुर,सहित कई लोग उपस्थित थे।

  • ट्रांसफार्मर के स्टे ने ली जान, पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा शव

    ट्रांसफार्मर के स्टे ने ली जान, पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा शव

    गोला /गोरखपुर। गोला थाना क्षेत्र में करंट की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना रविवार रात की है, गोला नगर पंचायत के वार्ड नंबर 15 परनई निवासी गोविंद (24) पुत्र रमाकांत घर से बाहर निकला था। उसी दौरान वह हाईटेंशन तार और ट्रांसफॉर्मर के सहारे लगे स्टे में उतर आए करंट की चपेट में आ गया।

    परिजनों के अनुसार, रात करीब एक बजे मोहल्ले की एक युवती साधना ने देखा कि गोविंद स्टे में चिपका हुआ है। उसने तत्काल मृतक के घरवालों को सूचना दी। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और लाठी से शव को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन करंट के कारण कोई सफलता नहीं मिली। बाद में लाइनमैन को बुलाया गया, जिसने विद्युत सप्लाई बंद कर शव को स्टे से अलग करवाया गया।

    गोविंद चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था और अपने छोटे भाई आशीष के साथ रहकर मजदूरी करता था। उसके पिता रमाकांत पिछले 10 वर्षों से बीमार चल रहे हैं। गोविंद की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है।

    सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। बिजली विभाग के जेई अन्नू आनंद ने बताया कि स्टे में किसी तकनीकी गड़बड़ी के कारण विद्युत प्रवाहित हो गया था। उन्होंने कहा कि विभाग मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर रहा है।

  • नगर की स्वच्छता खातिर बनी रणनीति, घर – घर से उठेगा कूड़ा

    नगर की स्वच्छता खातिर बनी रणनीति, घर – घर से उठेगा कूड़ा

    ब्यूरो प्रभारी —- विनय तिवारी

    बड़हलगंज/गोरखपुर(निष्पक्ष टुडे): बड़हलगंज ठोस अपशिष्ट प्रबन्धन (सूखा कचरा – गीला कचरा) से स्वच्छ वातावरण प्रोत्साहन के लिये नगरपंचायत बड़हलगंज में गणमान्य जनों के साथ सभासद, चेयरमैन और नगरपंचायत के अधिकारियों ने बैठक कर रणनीति बनाई।

    सोमवार को नगर पंचायत के विश्वनाथ उमर सभागार में सम्पन्न हुई बैठक को संबोधित करते हुये स्वच्छ भारत मिशन की जिला कार्यक्रम प्रबन्धक पूजा राय ने नगर में स्वच्छता को गति प्रदान करने के लिये जनता में जागरूकता अभियान चलाने के साथ घर – घर से कूड़ा उठाए जाने का सुझाव दिया। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रीति उमर ने कहा कि नगर पंचायत कर्मचारी अपनी पूरी ऊर्जा से नगर को स्वच्छ बनाने के लिये मेहनत करते हैं लेकिन उनकी मेहनत का सकारात्मक परिणाम तभी आएगा जब नगरवासी खुद जागरूक हों और कूड़ा निस्तारण में सहयोग देने के लिए आगे आये। उन्होंने अपील किया कि कूड़ा उठने के बाद कूड़ा फेंकने की आदत को सख्ती से बदला जाय, यह नगर की स्वच्छता और आम जन के स्वास्थ्य के लिए भी महत्वपूर्ण है। कई सभासदों ने वार्डो में सफाईकर्मियों की कमी का हवाला देते हुये नए सफाई कर्मियों की भर्ती किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। जिस पर अधिशासी अधिकारी राम समुख ने कहा कि जल्द ही नए सफाई कर्मियों को भर्ती करने की योजना बनाई जा रही है, उन्होंने परीक्षण के तौर पर नगर के पांच वार्डो को चिन्हित कर घर – घर से कूड़ा उठाए जाने की शुरूआत करने की घोषणा किया, जिसका सभी सभासदों सहित अन्य लोगों ने स्वागत किया। चेयरमैन प्रतिनिधि महेश उमर ने नगर में कूड़ा प्रबन्धन के लिये योजना बनाने के लिए आम जन की सहभागिता पर बल देते हुये विश्वास जताया कि हम स्वच्छ भारत मिशन में सफलता का कीर्तिमान स्थापित करेंगे। उन्होंने नगर में स्वच्छता अभियान की सफलता के लिये सभासदों से सहयोग मांगते हुए अपील किया कि वे अपने वार्डो में गणमान्य जनों को साथ लेकर जनजागरुकता अभियान को गति प्रदान करें।

    इस अवसर पर सभासद सुनील यादव, दीपक शर्मा, राकेश राय, सूरज सोनकर, दीपक गौड़, नियाज़ कुरैशी, सभासद प्रतिनिधि ऋषि चन्द, नगर पंचायत लिपिक सुनील कुमार, विपुल निषाद, रविन्द्र कुमार, जनसेवा संस्था के महामंत्री सन्तोष जायसवाल, भाजपा नेता अरविन्द सिंह, हरिकेश यादव, सुनील उर्फ बबलू मद्धेशिया, धीरेन्द्र तिवारी, अजीत राव, महेश पटेल, पप्पू यादव, आज़ाद, हिमांशू गौड़ आदि मौजूद रहे।

    “स्वच्छ वार्ड को मिलेगा, 10 लाख के अतिरिक्त विकास का तोहफा”

    नगर में स्वच्छता और कूड़ा प्रबन्धन के लिये चिन्तित नगर पंचायत प्रशासन ने बैठक कर रणनीति बनाई, जिसके तहत नगर के स्वच्छता की दिशा में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के लिये चेयरमैन प्रीति उमर ने सभासदों का सहयोग मांगते हुये घोषणा किया कि प्रत्येक माह में नगर पंचायत के वार्डो में स्वच्छता का औचक निरीक्षण कराया जाएगा जो वार्ड स्वच्छता के मानकों पर सबसे आगे होगा उस वार्ड में विकास कार्यों की श्रृंखला में 10 लाख रुपए की लागत से अतिरिक्त विकास कार्यों को कराया जायेगा। उन्होंने स्वच्छता सर्वेक्षण करने के लिए जिला कार्यक्रम प्रबन्धक पूजा राय और अधिशासी अधिकारी रामसमुख को नामित किया।

  • आन्दोलन के 250 दिन पूरे होने पर बिजली कर्मियों ने प्रान्त भर में व्यापक विरोध प्रदर्शन कर व्यक्त किया आक्रोश

    आन्दोलन के 250 दिन पूरे होने पर बिजली कर्मियों ने प्रान्त भर में व्यापक विरोध प्रदर्शन कर व्यक्त किया आक्रोश

    “निजीकरण और उत्पीड़नात्मक कार्रवाइयों के वापस होने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प”

    गोरखपुर। निजीकरण के विरोध में चल रहे आंदोलन के 250 दिन पूरे होने पर आज बिजली कर्मचारियों, संविदा कर्मियों , जूनियर इंजीनियरों और अभियंताओं ने प्रदेश के समस्त जनपदों और परियोजनाओं पर जोरदार विरोध प्रदर्शन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। बिजली कर्मियों ने संकल्प लिया कि जब तक निजीकरण का निर्णय निरस्त नहीं किया जाता और समस्त उत्पीड़नात्मक कार्यवाहियां वापस नहीं ली जाती संघर्ष जारी रहेगा।
    जनपद गोरखपुर में मुख्य अभियंता कार्यालय मोहद्दीपुर पर भारी बारिश के बीच बिजली कर्मियों ने विरोध प्रदर्शन जारी रखा।
    संघर्ष समिति के पदाधिकारियों इं. पुष्पेन्द्र सिंह, इं. जीवेश नन्दन , इं. जितेन्द्र कुमार गुप्त, इं. अमित आनंद, इं. सुधीर राव , इं. योगेश यादव, इं. शिवमनाथ तिवारी, सर्वश्री सी बी उपाध्याय, प्रभुनाथ प्रसाद, संगमलाल मौर्य, इस्माइल खान, संदीप श्रीवास्तव, जगन्नाथ यादव, राकेश चौरसिया, राजकुमार सागर, विमलेश पाल, विजय बहादुर सिंह, करुणेश त्रिपाठी, ओम गुप्ता, एवं सत्यव्रत पांडे आदि तथा जे ई संगठन के पदाधिकारियों शिवम चौधरी, अमित यादव, विजय सिंह, एन के सिंह , प्रमोद यादव एवं रणंजय पटेल ने कहा कि शीर्ष प्रबन्धन की निजी घरानों के साथ मिलीभगत है और आठ माह से निजीकरण न कर पाने के कारण हताश प्रबंधन बिजली कर्मियों का लगातार उत्पीड़न कर रहा है। संघर्ष समिति ने कहा कि उत्पीड़न का उद्देश्य बिजली कर्मियों का मनोबल तोड़ना है किंतु बिजली कर्मी किसी कीमत पर निजीकरण स्वीकार नहीं करेंगे।
    उत्पीड़नात्मक कार्यवाहियां समाप्त कराने हेतु संघर्ष समिति की मांग है कि मार्च 2023 की हड़ताल के बाद ऊर्जा मंत्री द्वारा समस्त उत्पीड़नात्मक कार्यवाहियों के वापस लिये जाने के निर्देश के अनुपालन में समस्त उत्पीड़नात्मक कार्यवाहियां वापस ली जाय।
    निजीकरण के नाम पर 55 साल की उम्र और डाउन साइजिंग के नाम पर हटाये गये सभी संविदा कर्मी बहाल किये जाय।
    उत्पीड़न की दृष्टि से बिजली कर्मियों के किये गये सभी ट्रांसफर निरस्त किये जाय।
    फेसियल अटेंडेंस के नाम पर जून और जुलाई माह का रोका गया वेतन तत्काल बिजली कर्मियों को दिया जाय।
    उत्पीड़न के नाम पर स्टेट विजिलेंस की जांच कराकर शीर्ष पदाधिकारियों के विरुद्ध की गई फर्जी एफ आई आर वापस ली जाए।
    रियायती बिजली की सुविधा समाप्त करने की दृष्टि से धमकी देकर जोर जबरदस्ती से स्मार्ट मीटर लगाने की कार्यवाही तत्काल बन्द की जाय।
    आज वाराणसी, आगरा, मेरठ, कानपुर, गोरखपुर, मिर्जापुर, आजमगढ़, बस्ती, अलीगढ़, मथुरा, एटा, झांसी, बांदा, बरेली, देवीपाटन, अयोध्या, सुल्तानपुर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, नोएडा, गाजियाबाद, मुरादाबाद, हरदुआगंज, जवाहरपुर, परीक्षा, पनकी, ओबरा, पिपरी और अनपरा में मुख्यतया बड़ी विरोध सभा और प्रदर्शन किया गया।