Category: उत्तर प्रदेश

  • निखरते गोरखपुर में युवाओं के लिए अवसर और चुनौतियाँ पूर्वांचल का हृदय स्थल गोरखपुर आज तेजी से विकास की नई ऊँचाइयों को छू रहा है।

    निखरते गोरखपुर में युवाओं के लिए अवसर और चुनौतियाँ पूर्वांचल का हृदय स्थल गोरखपुर आज तेजी से विकास की नई ऊँचाइयों को छू रहा है।

    राकेश भट्ट निष्पक्ष टुडे लखनऊ ;-

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार की नीतियों से औद्योगिक निवेश, इंफ्रास्ट्रक्चर और स्मार्ट सिटी परियोजनाओं ने शहर को नई पहचान दी है, जहाँ युवाओं के लिए रोजगार के द्वार खुल रहे हैं, लेकिन बेरोजगारी और पर्यावरणीय चुनौतियाँ भी बरकरार हैं।

    2011 की जनगणना के अनुसार गोरखपुर जिले की कुल जनसंख्या 44 लाख 40 हजार 895 थी, जिसमें युवा वर्ग का प्रमुख हिस्सा है, और 2025 तक अनुमानित जनसंख्या 51 लाख 45 हजार के करीब पहुँच चुकी है। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि युवाओं की बड़ी आबादी विकास की रफ्तार पकड़ रही है, लेकिन उन्हें अवसरों का लाभ उठाने के लिए कौशल और संसाधनों की आवश्यकता है।

    गोरखपुर का औद्योगिक परिदृश्य अब पूर्वी उत्तर प्रदेश का हब बन चुका है। गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) ने 2025 में रिकॉर्ड 305 औद्योगिक भूखंड आवंटित किए, जिससे 7886 करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित हुआ और वर्तमान वित्तीय वर्ष में 5800 करोड़ का अतिरिक्त निवेश प्राप्त हो चुका है। इससे लगभग 17 हजार से अधिक रोजगार के अवसर सृजित हो रहे हैं, जिसमें प्लास्टिक पार्क, गारमेंट पार्क, फ्लैटेड फैक्ट्री और धुरियापार इंडस्ट्रियल टाउनशिप प्रमुख हैं। नवंबर 2025 में मुख्यमंत्री ने 408 करोड़ की 114 निवेश परियोजनाओं का लोकार्पण किया, जो लॉजिस्टिक हब्स, एमएसएमई क्लस्टर्स और प्रौद्योगिकी केंद्र स्थापित कर रही हैं।

    जिससे युवाओं को शहर में ही नौकरियाँ मिल रही हैं। जनवरी 2026 में 250 करोड़ की दो परियोजनाओं का उद्घाटन ट्रैफिक प्रबंधन और स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत कर रहा है, जो अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार बढ़ाएगा। इसके अलावा, 2025-26 के उत्तर प्रदेश बजट में स्मार्ट सिटी परियोजना के लिए 400 करोड़ का प्रावधान किया गया, जिसमें 76.32 करोड़ की लंबित परियोजनाएँ गति पकड़ेंगी।

    सरकारी योजनाएँ युवाओं को कौशल प्रदान कर आत्मनिर्भर बना रही हैं। उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड ने गोरखपुर में दर्जी, ब्यूटी पार्लर और फल प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में निःशुल्क प्रशिक्षण शुरू किया, जिसमें सामान्य वर्ग के 100 और एससी वर्ग के 125 युवाओं को प्रतिदिन 250 रुपये स्टाइपेंड मिलेगा। कौशल सतरंग और मिशन युवा जैसी योजनाएँ बेरोजगार युवाओं को प्रशिक्षण देकर उद्यमिता को बढ़ावा दे रही हैं। गीडा क्षेत्र में 2251 करोड़ की परियोजनाएँ और इंटीग्रेटेड टाउनशिप विकसित हो रही हैं, जो 667 एकड़ में फैलकर हजारों नौकरियाँ पैदा करेंगी। राज्य स्तर पर बेरोजगारी दर 19 प्रतिशत से घटकर 2.4 प्रतिशत हो गई, जो रोजगार सृजन की दिशा में सकारात्मक संकेत है।फिर भी, चुनौतियाँ कम नहीं हैं।

    सेवायोजन कार्यालय में 2021 के आंकड़ों के अनुसार 2 लाख से अधिक बेरोजगार युवा पंजीकृत थे, जिनमें से मात्र 4.42 प्रतिशत को रोजगार मिला, और हालिया रुझान बताते हैं कि स्थिति में ज्यादा सुधार नहीं हुआ। राष्ट्रीय स्तर पर युवा बेरोजगारी (15-29 वर्ष) 13.8 प्रतिशत है, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह 17.2 प्रतिशत तक पहुँच रही है।

    गोरखपुर में बाढ़ की समस्या हर वर्ष बरसात में युवाओं के जीवन को प्रभावित करती है, क्योंकि नदियाँ, नाले और जलभराव विकास कार्यों को बाधित करते हैं। कौशल की कमी से कई युवा पलायन को मजबूर होते हैं, जबकि प्रदूषण और अपर्याप्त इंफ्रास्ट्रक्चर उद्योगों के विस्तार में बाधक हैं।

    PLFS सर्वे के अनुसार शहरी बेरोजगारी जून 2025 में 18.8 प्रतिशत तक बढ़ी, जो गोरखपुर जैसे विकासशील शहरों के लिए चिंता का विषय है।

    इन अवसरों का लाभ उठाने के लिए युवाओं को कौशल विकास पर जोर देना होगा। गीडा और स्मार्ट सिटी परियोजनाएँ एमएसएमई क्षेत्र में रोजगार बढ़ा रही हैं, जहाँ राष्ट्रीय स्तर पर एक करोड़ नौकरियाँ सृजित हो सकती हैं। सरकार की निवेश नीतियाँ गोरखपुर को पूर्वांचल का मैन्युफैक्चरिंग हब बना रही हैं, लेकिन बेरोजगारी कम करने के लिए अधिक रोजगार मेलों और प्रशिक्षण की आवश्यकता है।

    युवा उद्यमिता को प्रोत्साहित कर पलायन रोका जा सकता है। कुल मिलाकर, निखरते गोरखपुर में युवाओं के पास सुनहरा भविष्य है, बशर्ते वे चुनौतियों का सामना कर अवसरों को ग्रहण करें। सरकार के डेटा से सिद्ध है कि निवेश और योजनाएँ विकास की गति को तेज कर रही हैं, अब युवाओं की बारी है इस बदलाव का हिस्सा बनने की।

  • योगी आदित्यनाथ सरकार ने होली पर प्रदेश के करीब 17 लाख कर्मचारियों को तीन दिन का अवकाश घोषित किया

    योगी आदित्यनाथ सरकार ने होली पर प्रदेश के करीब 17 लाख कर्मचारियों को तीन दिन का अवकाश घोषित किया

    लखनऊ ब्यूरो निष्पक्ष टुडे ;-

    शासनादेश के अनुसार 2, /3 और 4 मार्च को सरकारी छुट्टी रहेगी, जबकि 1 मार्च रविवार होने से कर्मचारियों को लगातार चार दिन का अवकाश मिलेगा।

    सरकार ने स्पष्ट किया है कि 28 फरवरी (शनिवार) कार्यदिवस रहेगा और सभी विभाग खुले रहेंगे। इस दिन नियमित कामकाज होगा।

    मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि होली से पहले हर हाल में *सभी कर्मचारियों को वेतन और मानदेय का भुगतान कर दिया जाए। इसमें नियमित कर्मचारियों के साथ आउटसोर्सिंग कर्मी, संविदाकर्मी और सफाईकर्मी भी शामिल हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि वेतन भुगतान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

    विदेश दौरे से लौटने के बाद मुख्यमंत्री ने यह निर्णय लिया। आदेश जारी होते ही कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है। लगातार चार दिन की छुट्टी से प्रदेश भर में त्योहार की तैयारियां तेज होने की संभावना है।

  • 28 फरबरी 2026 को आसमान में दिखेगी ग्रहों की परेड (‘प्लैनेटरी परेड’) : 28 फरवरी की शाम एक साथ नजर आएंगे 6 ग्रह!

    28 फरबरी 2026 को आसमान में दिखेगी ग्रहों की परेड (‘प्लैनेटरी परेड’) : 28 फरवरी की शाम एक साथ नजर आएंगे 6 ग्रह!

    ज्योतिष डेस्क निष्पक्ष टुडे ;-

    खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि यदि आप ग्रहों, उपग्रहों और चांद और सितारों की दुनिया में दिलचस्पी रखते हैं, तो 28 फरवरी की शाम अपनी नजरें आसमान की ओर टिका लीजिए। इस दिन हमारे सौर मंडल के छह ग्रह—बुध (Mercury), शुक्र (Venus), शनि (Saturn), अरुण (Uranus), बरुण(Neptune),और बृहस्पति(Jupiter) , लगभग एक ही कतार में दिखाई देंगे।

    क्या होता है ग्रहीय संरेखण या प्लैनेटरी परेड (Planetary Parade) ।

    खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि यह वह खगोलीय स्थिति है जब सौर मंडल के कई ग्रह एक ही समय में आकाश के लगभग एक ही हिस्से में, एक काल्पनिक रेखा (क्रांतिवृत्त Ecliptic) के आसपास दिखाई देते हैं। खगोल वैज्ञानिक रूप से इसका अर्थ है कि सभी ग्रह सूर्य की परिक्रमा लगभग एक ही समतल (plane) में करते हैं।

    पृथ्वी से देखने पर वे उसी मार्ग पर एक कतार या चाप (arc) में दिखाई देते हैं। यही दृष्टि-आधारित संरेखण (line-of-sight alignment) होता है, वास्तव में ग्रह अंतरिक्ष में एक सीधी रेखा में पास-पास नहीं होते; वे करोड़ों किलोमीटर दूर अपनी-अपनी कक्षाओं में रहते हैं।

    कितने ग्रह हों तो “परेड” कहा जाता है?
    खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि 3 या अधिक ग्रह एक साथ दिखाई दें तो सामान्यत: इसे “प्लैनेटरी परेड” कहा जाता है।
    4–5 ग्रह नग्न आँखों से दिख जाएँ तो यह अपेक्षाकृत दुर्लभ माना जाता है।
    6 या उससे अधिक ग्रहों का एक साथ दृश्य होना और भी कम बार होता है।

    कैसे और कहाँ देखें?

    वीर बहादुर सिंह नक्षत्रशाला ( तारामण्डल) गोरखपुर, उत्तर प्रदेश, भारत के खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि यह अद्भुत खगोलीय नजारा सूर्यास्त के लगभग 30 मिनट बाद शुरू होगा। आपको बस एक ऐसी जगह ढूंढनी है जहाँ से पश्चिमी क्षितिज (Western Horizon) साफ दिखाई दे।

    बिना टेलिस्कोप के (नग्न आंखों से): शुक्र, बृहस्पति, बुध और शनि को आप बिना किसी उपकरण के देख पाएंगे। उस दौरान शुक्र ग्रह और बृहस्पति ग्रह की चमक अन्य साथी ग्रहों के मुक़ाबले सबसे ज्यादा दिखाई देगी। यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि अरुण ग्रह को देखने के लिए किसी अच्छी टेलिस्कोप/दूरबीन या किसी विशेष बिनाकुलर की जरूरत होगी, जबकि नेपच्यून को केवल किसी शक्तिशाली टेलिस्कोप से ही देखा जा सकेगा।

    खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि इस दौरान आकाश में चांद का भी साथ होगा और इस शाम चांद भी 92% चमक के साथ बृहस्पति के बेहद करीब (लगभग 4°) पर नजर आएगा, जो इस दृश्य को और भी खूबसूरत बना देगा।

    खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि इस प्रकार की खगोलीय घटना को खगोल विज्ञान की भाषा में प्लैनेटरी अलाइनमेंट’ या ग्रहीय संरेखण भी कहा जाता है, हालाँकि यह एक ‘प्लैनेटरी अलाइनमेंट’ या ग्रहीय संरेखण तो है, लेकिन इसमें कुछ चुनौतियां भी हैं जैसे कि समय की कमी इस दौरान बुध (Mercury) और शुक्र (Venus) सूर्यास्त के लगभग तुरंत बाद क्षितिज के नीचे डूब जाएंगे। इसलिए आपके पास इन्हें देखने के लिए बहुत कम समय होगा।

    मंगल (Mars) कहाँ है?

    खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि मंगल इस समय सूर्य की दूसरी ओर होने के कारण इस ‘परेड’ का हिस्सा नहीं बनेगा।

    क्या यह सभी ग्रह, हक़ीकत में एक साथ होंगे। ?

     

    खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि दूरी से ये ग्रह केवल पृथ्वी से देखने पर एक लाइन में दिखते हैं, अंतरिक्ष में ये एक-दूसरे से करोड़ों किलोमीटर दूर अपनी कक्षाओं में होते हैं।

    कैसे देख सकते हैं?

    खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि देखने के लिए ऊंचाई वाली जगह चुनें, यदि सामने ऊंची इमारतें या पेड़ हैं, तो आप नीचे स्थित ग्रहों (बुध और शनि) को नहीं देख पाएंगे। साथ ही मौसम का हाल ख़्याल रखना ही होता है कि इसके लिए आसमान का साफ और बादल रहित होना अनिवार्य है। और कई प्रमुख समस्याओं में से एक जोकि है प्रकाश प्रदूषण इसीलिए इस लाइट पोल्यूशन से भी बचें ,शहर की तेज लाइटों से दूर अंधेरी जगह पर यह नजारा और भी साफ एवं स्पष्ट दिखेगा।

    खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि अगर आप पहली बार ग्रहों को पहचान रहे हैं, तो थोड़ा सा मुश्किल भी हो सकता है,

    क्या क्या दिखाई देगा?

    खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि यदि आकाश साफ रहता है, तो इन छह ग्रहों में से केवल चार ग्रहों को ही नग्न आंखों/ (साधारण आंखों) से देखा जा सकेगा। साथ ही यूरेनस ( अरूण ग्रह) और नेपच्यून ( बरुण ग्रह) को देखने के लिए किसी अच्छी दूरबीन (टेलीस्कोप) या (विशेष बिनाकुलर) की आवश्यकता होगी। सच तो यही है कि यहाँ तक कि बुध (Mercury) को देख पाना भी कभी-कभी चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

    खगोलविद अमर पाल सिंह के अनुसार, जो लोग इन ग्रहों को एक कतार में देखना चाहते हैं, उन्हें 28 फरवरी को सूर्यास्त के लगभग 25 से 30 मिनट बाद पश्चिम दिशा के आकाश की तरफ़ देखना चाहिए। लेकिन अगर आपको और भी अधिक स्पष्ट एवं सार्थक नज़ारा देखना है तब एक शर्त है कि इसके लिए साफ आसमान, पश्चिमी क्षितिज का स्पष्ट दृश्य और बेहतर अवलोकन के लिए किसी अच्छी दूरबीन/टेलीस्कोप या विशेष बिनाकुलर का होना जरूरी है।

    इन छह ग्रहों में से चार ग्रह सूर्य के अत्यंत निकट होंगे, जो शाम के उजाले में केवल थोड़े समय के लिए ही दिखाई देंगे, या संभवतः कुछ को साधारण आंखों से बिल्कुल भी दिखाई न दें। शुक्र और बुध क्षितिज (धरती की रेखा) के सबसे करीब होंगे, उनके बाद शनि ग्रह और बरुण ग्रह का स्थान होगा। जबकि अरुण ग्रह और बृहस्पति ग्रह आकाश में काफी ऊंचाई पर स्थित होंगे। इस कारण तीन से अधिक ग्रहों को एक साथ देख पाना एक कठिन चुनौती हो सकती है। क्योंकि अरुण ग्रह बिना दूरबीन के दिखाई ही नहीं देता है।

    यह खगोलीय घटना कितनी दुर्लभ है?

    खगोलविद अमर पाल सिंह के अनुसार, 28 फरवरी 2026 को भारत में सूर्यास्त लगभग 6:20 PM (स्थान के अनुसार थोड़ा अलग) पर होगा। ग्रहों को देखने का सबसे अच्छा समय 6:45 PM से 7:15 PM के बीच होगा क्योंकि इसके बाद बुध ग्रह और शुक्र ग्रह और कुछ ही देर बाद में शनि ग्रह भी,क्षितिज से नीचे चले जाएंगे। खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि मौसम साफ होने पर सामान्यतः अधिकांश रातों में भी कम से कम एक चमकदार ग्रह देखा जा सकता है। या अलग अलग समय में दो भी हो सकते हैं, या कुछ यूं कहें कि आमतौर पर सूर्यास्त के आसपास दो या तीन ग्रह भी दिखाई दे जाते हैं, जोकि उनकी स्थिति एवं समय पर निर्भर करता है कि कब कौनसा ग्रह दिखाई देगा, लेकिन कभी कभार ही बिना किसी खगोलीय उपकरण के चार या पांच चमकदार ग्रहों को एक साथ देखा जा सकता है। खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि चार या पांच ग्रहों का नग्न आंखों (साधारण आंखों) से दिखने वाला स्पष्ट एवं दृश्य संरेखण (Alignment) कई वर्षों में एक बार ही घटित होता है। वैसे तो समय समय पर ज़्यादातर
    मंगल, बृहस्पति और शनि ग्रह अक्सर रात के आकाश में दिखाई देते हैं। लेकिन जब शुक्र और बुध भी उनके साथ जुड़ जाते हैं, तो चार या पांच ग्रहों का यह मिलन अपने आप में कुछ विशेष हो जाता है। क्योंकि शुक्र और बुध, पृथ्वी की तुलना में सूर्य के बहुत करीब परिक्रमा करते हैं और उनकी कक्षाएं भी छोटी व तेज होती हैं।

    खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि शुक्र ग्रह को उन कुछ महीनों के दौरान और भी स्पष्ट देखा जा सकता है जब वह आकाश में सूर्य से सबसे दूर होता है, और यह सूर्यास्त के बाद या सूर्योदय से कुछ पहले दिखाई देता है। वहीं बुध, जोकि मात्र 88 दिनों में सूर्य की परिक्रमा पूरी करता है, या यूं कहें कि बुद्ध ग्रह का वर्ष,पृथ्वी के लगभग 88 दिनों के बराबर होता है,आमतौर पर यह सूर्यास्त के बाद या सूर्योदय से पहले केवल दो सप्ताह या कभी-कभी केवल कुछ दिनों के लिए ही दिखाई देता है।

    खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि अगली ऐसी खगोलीय घटना अक्टूबर 2028 के अंत में घटित होगी, जब सूर्योदय से पहले पांच ग्रह एक साथ दिखाई देंगे। इसके बाद, फरवरी 2034 के अंत में, पांच ग्रह फिर से सूर्यास्त के बाद दिखाई देंगे, हालांकि उस दौरान भी शुक्र और बुध को उतना स्पष्ट देख पाना कुछ चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

    क्या सभी 6 ग्रह नग्न आंखों से दिखाई देंगे?
    खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि सभी छह ग्रह नग्न आंखों से नहीं दिखाई देंगे।
    नग्न आंखों से तेज़ चमक वाले ग्रह: शुक्र, बृहस्पति, शनि, और कभी-कभी बुध देख पाए जाते हैं। यूरेनस और नेप्च्यून के लिए टेलीस्कोप या दूरबीन की ज़रूरत पड़ेगी ही।

    क्या होता है दूरी का भ्रम।

    (Optical Illusion): खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि पूरी सौर प्रणाली में भौतिक रूप से एक सीधी रेखा में होने जैसा नहीं होगा, लेकिन पृथ्वी से देखने वाले के दृष्टिकोण से ये लगभग एक विस्तृत रेखा या एक साथ दिखाई देंगे, यह एक दृष्टि-प्रतिबद्ध संरेखण (line-of-sight alignment) है।

    क्या होगा धरती पर इसका असर

    खगोलविद अमर पाल सिंह ने बताया कि सही ज्ञान सभी समस्याओं का समाधान और यही है विज्ञान, इसीलिए सबसे पहले ठीक से जानें उसके बाद ही मानें, और अंधविश्वासों से रखें पूरी दूरी और नहीं होनी चाहिए कोई भी मजबूरी, साथ ही अंधविश्वासों से नाता तोड़ें और विज्ञान से नाता जोड़ें क्योंकि खगोल विज्ञान में किसी भी ग्रहों के पार्श्व प्रभाव धरती पर किसी तरह का विपरीत प्रभाव नहीं डालते (जैसे भूकंप, मौसम में बदलाव या मनोवैज्ञानिक प्रभाव)। एवं इसका कोई भी अनिष्टकारक एवम् अलौकिक प्रभाव पृथ्वी पर रहने वाले लोगों पर कभी भी नहीं होता है।

  • जर्मनी के युवक का बाराबंकी की बिटिया पर आया दिल,हिन्दू रीति रिवाज से हुई शादी

    जर्मनी के युवक का बाराबंकी की बिटिया पर आया दिल,हिन्दू रीति रिवाज से हुई शादी

    लखनऊ ब्यूरो निष्पक्ष टुडे ;-

    जर्मनी से सात समंदर पार बारात लेकर उत्तर प्रदेश के बाराबंकी पहुंचा विदेशी दूल्हा।

    रेलवे इंजीनियर की होनहार बेटी रुलन वर्मा, ऑस्ट्रिया के वियाना विश्वविद्यालय में  प्रोफेसर और वैज्ञानिक है।

    फ्रांस में पीएचडी के दौरान शुरू हुई प्रेम कहानी, अब शादी के पवित्र बंधन में बदली।

    दूल्हे के साथ जर्मनी से आए परिवार के 16 सदस्य, भारतीय रंग और संस्कृति में पूरी तरह रंगे नजर आए।

    बाराबंकी के होटल में हिंदू रीति-रिवाज के साथ हल्दी, मेहंदी और जयमाला की सभी रस्में हुईं संपन्न।

    भारतीय शेरवानी पहनकर कार के सनरूफ से निकलकर देसी गानों पर जमकर थिरका विदेशी दूल्हा।

    हिंदी न आने के बावजूद विदेशी मेहमानों ने भारतीय साड़ियों और खान-पान को पसंद कर कहा ‘आई लव माई इंडिया’।

    दुल्हन के चाचा और कुर्मी नेता आरसी पटेल बोले- बाराबंकी की प्रतिभाएं पूरी दुनिया में जिले का नाम रोशन कर रही हैं।

     

    दो देशों की संस्कृतियों के मिलन के बाद, हिंदू रीति-रिवाजों के साथ विदा होकर जर्मनी गई बाराबंकी की बेटी।

  • आज का राशिफल 26.02.2026

    आज का राशिफल 26.02.2026

    ज्योतिष डेस्क निष्पक्ष टुडे ;-

    🐏मेष राशिफल

    पिछले कुछ समय से आप जिस असंतुष्टि के दौर से गुजर रहे हैं,अंतत अब उससे बाहर आ पायेंगे ǀ आपको खुद ही पता चल जाएगा कि आपने जीवन में अपना उत्कृष्ट प्राप्त कर लिया है और अब अपने सपने पूरे करने के लिए भी कोशिश कर सकते हैं ǀ आप यह भी समझ पायेंगे कि अपने काम और अपनी सेहत दोनों को बेहतर बनाने के लिए कुछ बदलाव करने जरूरी हैं ǀ

    🐂वृषभ राशिफल

    संबंधों में उलझन ,दोहरे अर्थों वाली बातचीत तथा गलतफहमियां आज पूरे दिन आप पर हावी रहेंगी ǀलेकिन इससे किसी नुक्सान की बजाय मनोरंजन की उम्मीद ज्यादा है ǀइसीलिए इनके बारे में चिंता करने की बजाय अपने मूड को हल्का फुल्का रखें और हो रही घटनायों का आनंद उठायें ǀयदि आप ऐसा करेंगे तो दिन बहुत खुशगवार गुजरेगा |

    👫मिथुन राशिफल

    आपका कोई करीबी शायद आपके कारण भावनात्मक उथल-पुथल के दायरे में है ǀआप एकदम से निष्कर्ष पर पहुच जाते हैं और इस बार भी आपने सही से समझे बिना ही इस व्यक्ति पर वफादार न होने का आरोप लगा दिया है ǀआपके लिए अच्छा यही होगा कि आप पहले शांति से बैठकर सही समय तक का इन्तजार करें और अच्छे से सोच लें ǀ

    🦀कर्क राशिफल

    आज का दिन आपके लिए बहुत व्यस्त रहेगा ,या तो आपके पास मेहमान आयेंगे या आप किसी यात्रा पर जा सकते हैं ǀ इसी समय आप अपने घर का नवीकरण ,नया घर खरीदने या दूसरी जगह शिफ्ट होने के बारे में भी सोच सकते हैं ǀ हालाँकि आप पूरा दिन बहुत व्यस्त रहेंगे,फिर भी आप दिन का हरेक पल आनंद लेंगे ǀ

    🐅सिंह राशिफल

    आपको अपना अधूरा काम समय पर पूरा करने के बहुत से मौके मिलेंगे ǀ आपकी दूसरी परेशानियां भी तुरंत दूर हो जायेंगी ,उनके बारे में चिंता ना करें ǀआज अधिक से अधिक काम करने की कोशिश करें क्योकि आपको आज के अपने सब कामों में सफलता मिलेगी ǀ आप अपने किसी करीबी से सलाह ले सकते हैं ǀ

    🙍‍♀️कन्या राशिफल

    आज आपकी किसी से कोई महत्वपूर्ण बातचीत होने के आसार हैं ǀटकराव की स्थिति भी बन सकती है या साधारण बातचीत भी हो सकती है ǀलेकिन यह जो भी हो,इससे आपको सोचने के लिए काफी कुछ मिलेगा और आप पूरे दिन इसी में व्यस्त रहेंगे ǀआप आज कोई विकर्षण सहन नही करेंगे फिर भी आपको यह महसूस होगा कि इस घटना पर अधिक सोचकर कुछ हासिल नही होगा ǀ

    ⚖️तुला राशिफल

    आप अपने दोस्त की गलती की जिम्मेदारी खुद लेने पर तुले हुए हैं ,लेकिन इसके नतीजों के बारे में भी सोच लें ǀ किसी कानूनी पचड़े में भी पड़ सकते हैं ǀ कोई ऐसी घटना होगी जो आपको कभी ना भूलने वाला सबक देगी ǀ कुछ अलग दिखें,कपड़े या अपना बाल बनाने का तरीका बदल लें ǀ

    🦂वृश्चिक राशिफल

    आज का दिन गृहों की स्थिति के कारण उलझन में डालने वाला रहेगा ǀ आप किसी परेशान करने वाली समस्या के बारे में लगातार सोचते रहेंगे ǀ लेकिन केवल सोचते रहने से कुछ समाधान हाथ न लगेगा ǀ आप जैसा सोच रहे थे आज आपको उससे विपरीत सूचनाएं मिलेंगी जिसके कारण आपको अपने पहले से सोचे हुए में बदलाव करना पड़ेगा ǀ

    🏹धनु राशिफल

    आपको आज भावनात्मक और वित्तीय ,दोनों तरह का नुकसान हो सकता है ǀ हालाँकि ,आप आसानी से इससे बच भी सकते हैं अगर आप उन लोगों से दूरी बना लें जो अपने फायदे के लिए आपको जबरदस्ती इन चीजों में घसीटना चाहते हैं ǀ आज का दिन आराम से बिताएं और अपने उन घावों को भरने की कोशिश करें जों पिछली बातों से आपको मिले हैं ǀ

    🐊मकर राशिफल

    आज सब कुछ आपके मनचाहे तरीके से होगा और आपको अपने प्रयासों में सफलता मिलेगी ǀ आप पुराने नुक्सान की भरपाई भी कर लेंगे ǀ इसके परिणामस्वरूप आप अपनी संभावनाओं के प्रति अधिक आशावादी भी हो सकते हैं ,किसी भी अवसर के बारे में गहरे से सोचे बिना जोखिम ना उठायें ǀ असावधान रहेंगे तो किसी से मुठभेड़ हो सकती है ।

    🧉कुंभ राशिफल

    आज का दिन आपके लिए बहुत शुभ है,आपको वित्तीय क्षेत्र में अपने प्रयासों के चलते लाभ होगा ǀ आप अपने परिजनों के लिए सर्वोत्तम उपलब्ध चीज खरीदना चाहेंगे ǀ बस इतना ध्यान रखें कि सारा पैसा खर्च न करके कुछ बचत भी कर लें ǀ आप अपने पार्टनर के साथ कुछ बहुत ख़ास पल गुजारेंगे जिन्हें आप हमेशा याद रखेंगे ǀ

    🐟मीन राशिफल

    यदि आप आज थोड़े से धीरज और सहनशीलता के साथ काम लें तो आज का दिन आपके लिए बहुत अच्छा हो सकता है,लेकिन धीरज बनाये रखना ही सबसे बड़ी चुनौती है ǀ समय भी आपको रेंगता सा अनुभव होगा और आप जिस गति से चाहते हैं,उससे काम नहीं हो पायेंगे ǀअगर आप जल्दी भी मचाएंगे तो सब गड़बड़ हो जाएगा ǀ खुद को शांत रख पाने की किसी क्रिया के साथ दिन की शुरुआत करें ǀ

  • गोरखपुर में बनेगा एक और कामकाजी महिला छात्रावास , मुख्यमंत्री श्रमजीवी महिला छात्रावास योजना के तहत होगा निर्माण

    गोरखपुर में बनेगा एक और कामकाजी महिला छात्रावास , मुख्यमंत्री श्रमजीवी महिला छात्रावास योजना के तहत होगा निर्माण

    लखनऊ ब्यूरो निष्पक्ष टुडे ;-

    कामकाजी महिलाओं को योगी सरकार का बड़ा उपहार

    500 बेड की होगी क्षमता, 47.38 करोड़ रुपये आएगी लागत

    मार्च माह में सीएम योगी के हाथों हो सकता है शिलान्यास

    मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत नगर निगम पहले से बनवा रहा 75 बेड की क्षमता का वर्किंग वुमेन हॉस्टल

    गोरखपुर, 25 फरवरी। महिला सशक्तिकरण की दिशा में सतत अग्रसर प्रदेश की योगी सरकार ने कामकाजी महिलाओं को बड़ा उपहार दिया है। सरकार गोरखपुर में एक और कामकाजी महिला छात्रावास (वर्किंग वुमेन हॉस्टल) बनवाने जा रही है। 75 बेड की क्षमता का एक हॉस्टल का निर्माण नगर निगम की तरफ से मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत बनवाया जा रहा है। दूसरा वर्किंग वुमेन हॉस्टल मुख्यमंत्री श्रमजीवी महिला छात्रावास योजना के तहत बनेगा। 500 बेड की क्षमता के इस हॉस्टल के निर्माण पर 47.38 करोड़ रुपये की लागत आएगी।

    जिलाधिकारी दीपक मीणा बताते हैं कि महिला एवं बाल कल्याण विभाग की तरफ से बनने वाले 500 बेडेड वर्किंग वुमेन हॉस्टल के निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था के रूप में उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड, गोरखपुर इकाई को नामित किया गया है। इसकी निविदा 28 जनवरी को प्रकाशित की गई है, तकनीकी बिड 6 मार्च को खोली जाएगी। टेंडर प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद इसका शिलान्यास मार्च माह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों कराने की भी तैयारी की जा रही है। इस हॉस्टल का निर्माण चरगांवा ब्लॉक परिसर से सटे 6,640 वर्ग मीटर जमीन पर किया जाएगा। महिला कल्याण अनुभाग-3 की तरफ से स्वीकृत धनराशि 47 करोड़ 38 लाख 47 हजार रुपये में से प्रथम किस्त के रूप में 16 करोड़ 58 लाख 46 हजार रुपये अवमुक्त कर दिए गए हैं।

    राजकीय निर्माण निगम द्वारा बनाई गई कार्ययोजना के अनुसार वर्किंग वुमेन हॉस्टल की बिल्डिंग में स्टिल्ट पार्किंग रहेगी। उसके ऊपर आठ मंजिला भवन बनाया जाएगा। इस भवन में सिंगल बेड, डबल बेल और ट्रिपल बेड क्षमता के 250 कक्ष बनाए जाएंगे। यहां रेन वाटर हार्वेस्टिंग की सुविधा होगी और परिसर में हॉर्टिकल्चर कार्य भी कराए जाएंगे। छात्रावास में आधुनिक सुविधाएं होंगी। इनमें सीसीटीवी कैमरे, फायर सेफ्टी सिस्टम और शिशु सदन शामिल हैं। साथ ही जिम सेंटर, ऑडिटोरियम, लॉन्ड्री, वाहन पार्किंग, कैंटीन और डिपार्टमेंटल स्टोर भी होंगे।

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर नगर निगम की तरफ से एक वर्किंग वुमेन हॉस्टल पहले से निर्माणाधीन है। सहारा इस्टेट के समीप बन रहे 75 बेडेड इस हॉस्टल के निर्माण पर 18.08 करोड़ रुपये की लागत आएगी। मुख्यमंत्री इस हॉस्टल का नामकरण लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की स्मृति में करने की घोषणा कर चुके हैं। इसका करीब 40 फीसद निर्माण हो चुका है और जून 2027 तक इसके बनकर तैयार हो जाने की उम्मीद है।

  • सौतेली मां ने 3 साल के मासूम बच्ची को कुल्हाड़ी के काट कर मौत के घाट उतारा

    सौतेली मां ने 3 साल के मासूम बच्ची को कुल्हाड़ी के काट कर मौत के घाट उतारा

    गोरखपुर ब्यूरो निष्पक्ष टुडे ;-

    सर को धड़ से किया अलग।

    पति घर के बाहर फोन पर कर रहा था बात पत्नी ने घर के अंदर घटना को दिया अंजाम।

    बच्ची के लाश के पास सिंदूर से लगा था टीका, होता था पूजा पाठ जिससे तंत्र मंत्र का भी है आशंका

    पहली पत्नी के मौत के बाद 25 जनवरी 2026 को दूसरी शादी कर घर लाया था पति ,पहली पत्नी से थी तीन साल की मासूम।पिपराइच थाना क्षेत्र के इमलिया उर्फ विजहरा की है ये दर्दनाक और शर्मनाक  घटना,महिला घटना को अंजाम देने के बाद घर से भाग रही थी।गांव के लोगों ने दौड़ाकर किसी तरह पकड़ा पुलिस को सौंपा,रात बारह बजे की है घटना।

     

    रात को ही मौके पर सीओ कैंट थाना प्रभारी पिपराइच मम फोर्स पहुचे।

    गोरखपुर जिले के कुसम्ही* बाजार क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सौतेली मां ने तीन साल की मासूम बच्ची की कुल्हाड़ी से बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के दौरान महिला ने बच्ची का सिर धड़ से अलग कर दिया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

    बताया जा रहा है कि घटना इमलिया उर्फ विजहरा गांव, थाना पिपराइच थाना क्षेत्र की है। बुधवार देर रात करीब 12 बजे आरोपी महिला ने घर के अंदर इस वारदात को अंजाम दिया, जबकि उसका पति घर के बाहर फोन पर बात कर रहा था।
    घटना के बाद जब परिजन और आसपास के लोगों ने अंदर का मंजर देखा तो उनके होश उड़ गए। मासूम बच्ची का शव घर में पड़ा था और उसके पास सिंदूर से टीका किया गया था, जिससे तंत्र-मंत्र की आशंका भी जताई जा रही है।

    जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला की शादी 25 जनवरी 2026 को हुई थी। पति की पहली पत्नी की मौत हो चुकी थी और उसी पत्नी से तीन साल की यह बच्ची थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद महिला ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया।

    घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला घर से भागने की कोशिश कर रही थी, लेकिन गांव के लोगों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

    सूचना मिलते ही रात में ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) और थाना प्रभारी पिपराइच पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

    फिलहाल पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

  • आज का राशिफल. 25.02.2026

    आज का राशिफल. 25.02.2026

    ज्योतिष डेस्क निष्पक्ष टुडे ;-

    🐏मेष राशिफल

    आप किसी करीबी को कोई सलाह देंगे और वह इसे बहुत कृतज्ञता के साथ स्वीकार करेगा ǀ आप आज बहुत अच्छे और नरम मूड में हैं ,आज का दिन अपने पुराने दोस्तों से सम्पर्क स्थापित करने के लिए बहुत अच्छा है ǀ अपने किसी पुराने स्कूल के दोस्त से फोन पर बाते क्र लें,आपको बहुत अच्छा लगेगा ǀ पिछले मतभेदों को भुलाकर आगे बढने के लिए भी अच्छा समय है ǀ

    🐂वृषभ राशिफल

    आज आपकी किस्मत चमकने का दिन हैǀ सितारे कहते हैं कि आज आपको कोई विशेष काम करना पड़ सकता है ǀआज अपने किसी नजदीकी व्यक्ति को खुश कर दें,आपकी किस्मत का ताला खुल जाएगा ǀ फिर भी आज किसी को उधार ना दें ,वापस नही मिल पायेगा ǀ स्वास्थ्य सम्बन्धी दिक्कतें आज नही होंगी ǀ

    👫मिथुन राशिफल

    आज आप किसी बड़े सम्मेलन या सेमिनार की मेजबानी कर सकते हैं लेकिन आपके मनचाहे समय पर स्थान की उपलब्धता के कारण हुई हल्की सी ग़लतफ़हमी से आपको शर्मिंदगी महसूस होगी और आपको कार्यक्रम रद्द करना पड़ सकता है ǀ आपको ऐसे समय में शांति बनाये रखनी होगी और सकारात्मक कोशिशें करते रहनी होंगी ǀ

    🦀कर्क राशिफल

    ऐसे अवसरों को पकड़ने की कोशिश करें जो आपको सोचने और उसे अपने तरीके से दुबारा पेश करने का मौका दें ǀ आप इसे उत्साह के साथ कर भी पायेंगे और आपको आनंद भी आएगा ǀ घर में कुछ बदलाव होने ही हैं ,शायद आप अधिक एकाग्रता और अधिक बेह्तर अवसरों के लिए किसी नईं जगह जाना चाहते हैं ǀ

    🐅सिंह राशिफल

    अपने जैसी रुचियों और सत्तासीन व्यक्तियों से साझेदारी बनाने की कोशिश करें ǀ कुछ आदमी आपको झूठी आशाएं देने की कोशिशें कर रहे हैं लेकिन आपको उनकी बातों पर ध्यान नही देना है ǀ अपने आप से फैसले लें और उनपर जमे रहें ǀ आप काफी समय से घर खरीदने की सोच रहें हैं,अब आप ऐसा कर सकते हैं ǀ

    🙍‍♀️कन्या राशिफल

    अपने सब विचारों को एक साथ रखकर सोचें,इससे जो निष्कर्ष निकलेगा ,उससे आपको स्थितियों से निपटने में काफी मदद मिलेगी ǀ अपने आप को उन चीजों में ना फंसने दें जिनमे आप विश्वास नही रखते ǀ इन्हें छोड़कर आगे बढ़ जाएँ ǀइधर –उधर की हांकना आपकी आदत नही है ,लेकिन कई बार आपको ना चाहते हुए भी यह करना पड़ता है ǀ

    ⚖️तुला राशिफल

    आज आप पूरा दिन थोड़े से भावुक रहेंगे ǀआप जो भी करेंगे पूरे मन से करेंगे और इसीलिए आपको सफलता जरुर मिलेगीǀआप पिछले कुछ समय से किसी महत्वपूर्ण मुद्दे को टाल रहें हैं लेकिन आज इस मुद्दे को प्राथमिकता के आधार पर रखकर सुलझाने के लिए बहुत अच्छा दिन है ǀ

    🦂वृश्चिक राशिफल

    आप आज अनजाने तथ्यों के साथ सहज महसूस नही करेंगे ǀइसलिए आप प्रयोग ना करते हुए जानी –पहचानी राहों पर ही आगे बढने की कोशिश करेंगे ǀ आपके सामने नए अवसर आयेंगे ,लेकिन आप उनमे से भी उसी को चुनेंगे जिससे आप भली-भांति परिचित हैं ǀ इस समय का उपयोग अपना पिछला बचा हुआ काम निपटाने के लिए करें ǀ

    🏹धनु राशिफल

    मेहनत से कांम करें और जमकर आनंद उठायें ǀआज आप पुरे दिन इसी सिद्धांत पर चलेंगे और यह उपयुक्त भी है ǀदिन की शुरुआत सामान्य होगी लेकिन अंत दोस्तों और परिवार के साथ जश्न से होगा ǀ आपकी लोगों को हंसाने की क्षमता और खुशमिजाज स्वभाव बड़ी पार्टी की मेजबानी के लिए भी उपयुक्त है ǀ

    🐊मकर राशिफल

    दिन की शुरुआत उलझन से होगी ǀ आज कोई आध्यात्मिक प्रवृति वाला व्यक्ति आपके बचाव में आयेगा,आपका मार्गदर्शन करेगा ǀ आप उसकी नेक सलाह मान सकते हैं ǀ आज किसी तीर्थ की यात्रा भी कर सकते हैं ǀ दोपहर बाद दिन अच्छा गुजरेगा,दोस्तों के साथ समय बीतेगा ǀ

    🧉कुंभ राशिफल

    आपके पिछले कुछ समय से अपने करियर तथा निजी जीवन सम्बन्धी किये गये प्रयासों का फल मिलने का समय आ गया है ǀऐसा घटनाक्रम बनेगा कि आपको कोई बड़ी सफलता हाथ लगेगी ǀआपको प्रयासों और परिश्रम को आपके सीनियर ध्यान से देखेंगे और वे आपके जबरदस्त समर्थक भी बन जायेंगे ǀआपके दुश्मन आज असहाय अनुभव करेंगे ।

    🐟मीन राशिफल

    प्रयास करने वाले भी पहले व्यक्ति बनें और उसका श्रेय लेने में भी आगे रहें ǀ अपने आप को ज्यादा ना थकाएं और कम महत्वपूर्ण विषयों के लिए अधिक मेहनत ना करें ǀ दूसरों को अच्छी ना लगने वाली बातें कहकर उनका दिल ना दुखाएं ǀ

  • स्वच्छ भारत मिशन-अर्बन (एसबीएम यू) के तहत नाला प्रबंधनः आवश्कता और अनिवार्यता

    स्वच्छ भारत मिशन-अर्बन (एसबीएम यू) के तहत नाला प्रबंधनः आवश्कता और अनिवार्यता

    गोरखपुर ब्यूरो निष्पक्ष टुडे ;-

    राकेश कुमार भट्ट डेवलपमेंट शहरी स्वच्छता बंधन विशेषज्ञ)

    भारत के शहरीकरण की रफ्तार ने शहरों को चमकदार ऊंची इमारतों से सजा दिया है, लेकिन इसी के साथ जल निकासी की व्यवस्था पर भारी दबाव पड़ गया है। नाले, जो शहरों की जीवनरेखा हैं, आज प्रदूषण, जलभराव और बाढ़ के कारण अभिशाप बन चुके हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) की 2025 की रिपोर्ट के अनुसार, देश में शहरी क्षेत्रों से प्रतिदिन लगभग 61948 मिलियन लीटर सीवेज उत्पन्न होता है, जिसमें से केवल लगभग 40 प्रतिशत ही उपचारित होता है। शेष लगभग 60 प्रतिशत सीधे नालों में बह जाता है, जो नदियों को विषैला बना देता है। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने हाल ही में लुधियाना के बुद्धा नाला मामले में सख्ती दिखाई है, जहां डाइंग इकाइयों के सीईटीपी से अनुपचारित जल नाले में छोड़ा जा रहा है। यह समस्या केवल एक शहर तक सीमित नहीं, बल्कि मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु जैसे महानगरों में आम है।

    स्वच्छ भारत मिशन-अर्बन (एसबीएम यू) के तहत 2024 तक 12 करोड़ से अधिक शौचालय बनाए गए, जिससे खुले में शौच लगभग 11 प्रतिशत रह गया। लेकिन कचरा प्रबंधन अभी भी चुनौती है। मिशन के आंकड़ों के मुताबिक, 86284 वार्डों में से लगभग 17 प्रतिशत में द्वार-द्वार कचरा संग्रहण हो रहा है, लेकिन स्रोत पृथक्करण केवल लगभग 78 प्रतिशत है। नाले इसी असंगठित कचरे से अवरुद्ध हो जाते हैं। अमृत 2.0 मिशन, जो अक्टूबर 2021 से चल रहा है, ने 500 अमृत शहरों में सार्वजनिक सीवरेज को प्राथमिकता दी है। इसके तहत 3571 जल आपूर्ति, परियोजनाओं को 118421 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली, जिसमें 178 लाख नई टैप कनेक्शन शामिल हैं। फिर भी, नालों का पुनरुद्धार पिछड़ रहा है, जिससे मानसून में बाढ़ आम हो गई है।

    जल जीवन मिशन (जेजेएम) के ‘नल से जल’ अभियान ने ग्रामीण क्षेत्रों में 19.22 करोड़ घरों में से लगभग 45.10 प्रतिशत को नल जल दिया है, लेकिन शहरी नालों का प्रबंधन इससे जुड़ा है। मिशन की रिपोर्ट बताती है कि ग्रामीणों की आय में वृद्धि के साथ जल संरक्षण की मांग बढ़ी है, जो शहरी नालों के प्रदूषण को रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण है। केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय के अनुसार, अमृत 2.0 ने जल पुनर्चक्रण, हरित पार्क और जलाशय पुनरुद्धार पर जोर दिया है। फिर भी, 2025-26 के आंकड़े चिंताजनक हैं, देश की 4000 से अधिक शहरों में नालों से निकलने वाला लगभग 30 प्रतिशत जल अनुपचारित नदियों में मिलता है। मुंबई में, ब्रिम्सटन नाला और दिल्ली के नजफगढ़ ड्रेन जैसे उदाहरण एनजीटी में हैं, जहां प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने पर्यावरण क्षतिपूर्ति लगाई है।

    नाला प्रबंधन की आवश्कता इसलिए अनिवार्य हो गई है क्योंकि यह स्वास्थ्य, पर्यावरण और अर्थव्यवस्था से जुड़ा है। प्रदूषित नाले जलजनित रोगों का कारण बनते हैं इझ कोविड के बाद 2025 में डेंगू मलेरिया के 10 लाख मामले नालों से जुड़े पाए गए। आर्थिक नुकसान अरबों में है; 2023 की मुंबई बाढ़ से 5000 करोड़ का नुकसान हुआ। सरकार ने 2026 तक सभी शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) को जल सुरक्षित बनाने का लक्ष्य रखा है। अमृत मित्र और जल ही अमृत जैसे कार्यक्रम मौजूदा नालों को पुनः उपयोगी बनाने पर केंद्रित हैं। स्वच्छ भारत 2.0 में नाला सफाई को प्राथमिकता दी गई, जिसमें 83435 वार्डों में कचरा संग्रहण 17 प्रतिशत पहुंचा। हैं।

    समाधान के उपाय सरकारी योजनाओं से, आगे बढ़कर तकनीकी नवाचारों पर निर्भर हैं। इन-सीटू उपचार प्रणालियां, जैसे पारिस्थितिक इकाइयों से नाला पुनर्स्थापन (आरईएनईयू), प्रदूषण को स्रोत पर ही रोकती हैं। सीएसआईआर-एनईईआरआई जैसी संस्थाओं ने सिद्ध किया कि ये शून्य ऊर्जा वाली प्रणालियां लगभग 70-85 प्रतिशत प्रदूषण कम करती हैं। नगर निगमों को जीआईएस मैपिंग से नालों की निगरानी करनी चाहिए। पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल अमृत 2.0 में सफल रहा, जहां 118000 करोड़ की परियोजनाएं स्वीकृत हुई। जन जागरूकता अभियान, जैसे जल शक्ति अभियान, स्रोत पृथक्करण को 90 प्रतिशत तक ले गए।

    हालांकि, चुनौतियां बरकरार हैं। अवैध कनेक्शन, औद्योगिक अपशिष्ट और मानसून की अनियमितता नालों को जाम कर देते हैं। एनजीटी ने 2024-25 में 546 ओए में सीपीसीबी को नाला प्रदूषण पर रिपोर्ट मांगी। पंजाब में बुद्धा नाला के लिए उच्च स्तरीय समिति बनी, जिसमें आईआईटी रोपड़ शामिल है। है। केंद्र सरकार ने 2026 तक आय वितरण सर्वेक्षण के साथ जल प्रबंधन को जोड़ा, ताकि गरीब इलाकों में नाले सुधरें।

    नाला प्रबंधन केवल सफाई नहीं, बल्कि समग्र शहरी योजना है। स्वच्छ भारत, अमृत और जेजेएम जैसे मिशनों ने आधार दिया है अब अमल की जरूरत। नगर निगम, पीएसयू और नागरिक मिलकर इसे अनिवार्य बनाएं। स्वच्छ नाले स्वच्छ शहर बनाएंगे, जो वर्तमान सरकार के ‘स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ विजन को साकार करेंगे। यदि नाले सुधरे, तो बाढ़-प्रदूषण की मार कम होगी और जल सुरक्षा सुनिश्चित। समय आ गया है कार्रवाई का, क्योंकि नाला प्रबंधन अब विकल्प नहीं, अनिवार्यता है।

  • मनोज की वतन वापसी का प्रयास – राजेश मणि

    मनोज की वतन वापसी का प्रयास – राजेश मणि

    महराजगंज ब्यूरो निष्पक्ष टुडे :.

    ग्राम मेदनीपुर खुशहाल नगर, जनपद महाराजगंज (उ.प्र.) निवासी श्री मनोज (पुत्र – जंगबहादुर) की पत्नी और परिजनों ने दुबई में फंसे मनोज की मदद के लिए मदद फाउंडेशन, गोरखपुर से संपर्क किया है। परिवार ने संस्था से उन्हें सकुशल भारत वापस लाने की गुहार लगाई है।

     

    मदद फाउंडेशन के फाउंडर श्री राजेश मणि ने इस मामले को गंभीर मानवीय संकट मानते हुए संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में भारत के राजदूत डॉ. दीपक मित्तल को मेल के माध्यम से पत्र भेजकर हस्तक्षेप की मांग की है।

    परिजनों के अनुसार, श्री मनोज 07 मार्च 2025 को दुबई की एक कंपनी, अलकदाद ग्लोबल बिल्डिंग कॉन्ट्रैक्टिंग (LLC), में काम करने गए थे। लगभग छह महीने तक काम करने के बाद उनकी तबीयत खराब हो गई। इसके चलते उन्होंने 17 अक्टूबर 2025 को नौकरी छोड़कर भारत लौटने का फैसला किया,बताया गया है कि 20 अक्टूबर 2025 को जब वह दुबई एयरपोर्ट से भारत आने की कोशिश कर रहे थे, तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया। तीन दिन बाद उन्हें बिना किसी स्पष्ट कारण के छोड़ दिया गया। इसके बाद 25 अक्टूबर 2025 को दोबारा भारत लौटने की कोशिश करने पर उन्हें फिर से रोक लिया गया और “शिकायत लंबित” होने की बात कहकर बार-बार पुलिस स्टेशन बुलाया जाने लगा। परिजनों का कहना है कि वर्तमान में वह दुबई में हिरासत/जेल जैसी स्थिति में हैं।

    परिवार के अनुसार, मनोज को न तो काम करने दिया जा रहा है, न ही उनका बकाया वेतन दिया गया है और न ही उन्हें भारत लौटने की अनुमति मिल रही है। उनकी पत्नी श्रीमती सिंधु देवी और तीन छोटे बच्चे गांव में आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव में जीवन बिता रहे हैं।

    राजेश मणि ने जब दो-तीन बार संपर्क किया तो प्रिंस गौरव करन भारतीय दूतावास अबुधाबी( यू ए ई )ने मेल के माध्यम से बताया की बरसा पुलिस स्टेशन में मनोज है।

    मदद फाउंडेशन ने भारतीय दूतावास से अनुरोध किया है कि श्री मनोज को तत्काल कांसुलर सहायता दी जाए, उनकी कानूनी स्थिति स्पष्ट कराई जाए, बकाया वेतन दिलाने में मदद की जाए और उन्हें जल्द से जल्द सुरक्षित भारत वापस भेजा जाए।

    संस्था ने आशा जताई है कि भारत सरकार और भारतीय दूतावास के हस्तक्षेप से मनोज की घर वापसी का रास्ता साफ होगा और पीड़ित परिवार को राहत मिलेगी।
    राजेश मणि
    फाउंडर
    मदद फाउंडेशन, गोरखपुर।