Category: न्यूज़

Your blog category

  • गोड़धोईया नाला अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई तेज, सदर तहसील प्रशासन की मौजूदगी में हटाए जा रहे कब्जे

    गोड़धोईया नाला अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई तेज, सदर तहसील प्रशासन की मौजूदगी में हटाए जा रहे कब्जे

    गोरखपुर। शहर के सौंदर्यकरण और जलभराव की समस्या से स्थायी राहत दिलाने के लिए प्रशासन ने गोड़धोईया नाला पर हो रहे अतिक्रमणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। सदर तहसील प्रशासन की टीम मौके पर रहकर नाले को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई कर रही है।

    एडीएम सदर दीपक गुप्ता एवं डिप्टी कलेक्टर/तहसीलदार सदर ज्ञान प्रताप सिंह के नेतृत्व में बुधवार को शाहपुर जेल बाईपास रोड क्षेत्र में नाले पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। इस कार्रवाई में कानूनगो, लेखपाल और पुलिस बल मौजूद रहे।

    मुख्यमंत्री के निर्देश पर चल रही 474.42 करोड़ रुपये की गोड़धोईया नाला जीर्णोद्धार परियोजना के तहत नाला, डायवर्जन, इंटरसेप्शन और ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण कार्य चल रहा है। परियोजना के पूर्ण होने पर लगभग साढ़े तीन लाख आबादी को जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी।

    अब तक परियोजना का लगभग 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। 9.20 किमी लंबा पक्का नाला, 38 एमएलडी क्षमता का एसटीपी, 18 किमी इंटरसेप्टिंग सीवर लाइन और 16 कल्वर्ट के निर्माण का काम तेजी से चल रहा है। 16 में से 9 कल्वर्ट बन चुके हैं, जबकि 6 किमी सीवर लाइन बिछाई जा चुकी है।

    अधिकारियों ने बताया कि मानसून समाप्त होते ही कार्य की गति और तेज कर दी गई है। लक्ष्य है कि दिसंबर माह के अंत तक पक्का नाला और एसटीपी का निर्माण पूरा कर लिया जाए। नाला अतिक्रमण मुक्त होने से उसके केचमेंट एरिया में आने वाली कॉलोनियों में जलभराव की समस्या का समाधान होगा और शोधित पानी को रामगढ़ताल में प्रवाहित किया जाएगा।

    सदर तहसील प्रशासन की सक्रियता से अब नाले के सौंदर्यकरण और जीर्णोद्धार का मार्ग प्रशस्त हो गया है, जिससे शहरवासियों को जल्द ही जलभराव से स्थायी राहत मिलेगी।

  • तीन गांजा कारोबारी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, 03 कुंटल अवैध गांजा बरामद

    तीन गांजा कारोबारी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, 03 कुंटल अवैध गांजा बरामद

    ब्यूरो प्रभारी—-विनय तिवारी

    बड़हलगंज/गोरखपुर(निष्पक्ष टुडे) बड़हलगंज क्षेत्र के (मिश्रौली टोला) संसारपार गांव में मंगलवार की रात साढ़े आठ बजे किराए के मकान में अवैध गांजा का कारोबार करने वाले गाजीपुर निवासी सोनू तिवारी उर्फ अमन, उसके चाचा सुमन तिवारी व बिहार निवासी मिथिलेश तिवारी को 2.97 कुंटल गांजा के साथ गिरफ्तार कर लिया। मौके सीओ दरवेश कुमार, एसओ चन्द्रभान सिंह व नारकोटिक्स विभाग गाजीपुर के इंसपेक्टर सुरेंद्र कुमार सिंह की टीम मौजूद रहे।

    इंसपेक्टर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मै मऊ मे कार्य कर रहा था कि इस बीच मुखबिर से सूचना मिली कि पिछले चार माह से बड़हलगंज क्षेत्र मे बड़े पैमाने पर अवैध गांजा का कारोबार चल रहा है। सटीक सूचना पर मंगलवार को नारकोटिक्स टीम ने बड़हलगंज पुलिस बल के साथ संसारपार गांव के एक मकान मे छापा मारा। मकान मे उक्त आरोपी मौजूद थे। उनके पास से बोरे मे भरा 02 कुंटल 97 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ। नारकोटिक्स विभाग की माने तो उक्त कारोबारी अवैध गांजा के कारोबार मे सालो से लिप्त है।
    मकान गोरखपुर के किसी चौरसिया का है जिन्होंने इनको किराये पर दिया था।

  • फोरलेन पर लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पांच लुटेरे गिरफ्तार, दो मोटरसाइकिल बरामद

    फोरलेन पर लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पांच लुटेरे गिरफ्तार, दो मोटरसाइकिल बरामद

    संवाददाता: शिशिर श्रीवास्तव एवं अनुराग त्रिपाठी।

    गोरखपुर । चिलुआताल थाना क्षेत्र के मजनू चौकी अंतर्गत सक्रिय लुटेरों के गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना प्रभारी सूरज कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लूट की दो मोटरसाइकिल के साथ पाँच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी सुनसान फोरलेन इलाकों में राहगीरों से मोबाइल और मोटरसाइकिल लूटकर नंबर प्लेट बदल देते थे और गाड़ियों को गैर जनपदों में बेचने का काम करते थे।गिरोह का सरगना चंदन निषाद बताया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि ये सभी अभियुक्त सुनसान स्थानों पर वारदात कर इलाके में दहशत फैलाने का काम कर रहे थे।प्रेस वार्ता में एसपी नार्थ जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने खुलासा किया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में काजू निषाद उर्फ रॉनी, आजाद निषाद उर्फ विद्दू, अरुण निषाद, चंदन निषाद और गौतम निषाद उर्फ पिंटू शामिल हैं — सभी महुआपार, थाना सहजनवां के निवासी हैं। इनके कब्जे से लूटी गई दो मोटरसाइकिल और फर्जी नंबर प्लेट बरामद हुई हैं।

    एसपी जितेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि 31 अक्तूबर को गीडा से लौट रहे युवक से मोटरसाइकिल लूटने के दौरान अभियुक्त गौतम निषाद का आधार कार्ड गिर गया था, जिससे पुलिस को गिरोह तक पहुंचने में मदद मिली। पूछताछ में अभियुक्तों ने 6 सितंबर और 31 अक्तूबर की लूट की घटनाओं को कबूल किया है।

    दोनों ही मामलों में थाना चिलुआताल में मुकदमे पंजीकृत हैं। अभियुक्तों के खिलाफ धारा 309(6), 310(2), 317(3), 126(2), 352 भा.न्या.सं. के तहत कार्रवाई की गई है।
    गिरफ्तार करने वालों में प्रमुख रूप से थानाध्यक्ष सूरज कुमार सिंह, चौकी प्रभारी मजनू चंदन नारायण, निरीक्षक सुनील कुमार राय (एंटी थेफ्ट प्रभारी), उ0नि0 राजमंगल सिंह (एसओजी प्रभारी) सहित पुलिस बल के अन्य सदस्य।

    एसपी नार्थ जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस टीम की सतर्कता से एक सक्रिय लूट गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। अभियुक्तों से पूछताछ में अन्य घटनाओं के खुलासे की संभावना है।

  • दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज में “रिसर्च प्रोजेक्ट एवं शैक्षणिक अनुसंधान पद्धति” पर विशेष व्याख्यान आयोजित

    दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज में “रिसर्च प्रोजेक्ट एवं शैक्षणिक अनुसंधान पद्धति” पर विशेष व्याख्यान आयोजित

    गोरखपुर। दिग्विजयनाथ स्नातकोत्तर महाविद्यालय के वाणिज्य विभाग में सोमवार को “रिसर्च प्रोजेक्ट एवं शैक्षणिक अनुसंधान पद्धति” विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में शोध के प्रति रुचि जागृत करना, अनुसंधान की प्रक्रिया को सरलता से समझाना तथा उच्च शिक्षा में रिसर्च आधारित अधिगम को प्रोत्साहित करना था।

    मुख्य वक्ता डॉ. सुभाष कुमार गुप्ता ने शोध प्रोजेक्ट की रूपरेखा, उपयुक्त शोध शीर्षक का चयन, समस्या कथन, साहित्य समीक्षा, शोध पद्धति, डेटा संग्रहण, विश्लेषण और रिपोर्ट लेखन तक की संपूर्ण प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने उदाहरणों के माध्यम से शोध कार्य में आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान के तरीकों को भी स्पष्ट किया।
    डॉ. गुप्ता ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शोध समाज के विकास, ज्ञान-विस्तार और शैक्षणिक प्रगति का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से निष्पक्षता, ईमानदारी और मौलिकता को अनुसंधान की मूल भावना के रूप में अपनाने का आह्वान किया।

    कार्यक्रम का संचालन श्रीमती रानी द्विवेदी ने किया, जबकि आभार ज्ञापन डॉ. चंडी प्रसाद पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. संजीव कुमार सिंह, डॉ. संजय कुमार त्रिपाठी, डॉ. अभय कुमार मालवीय, दीपक कुमार साहनी सहित छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

    उक्त जानकारी डॉ. शैलेश कुमार सिंह, मीडिया प्रभारी ने दी।

  • फ्लूएंटग्रीड कंपनी पर तीन माह का वेतन बकाया, मीटर रीडरों ने तहसील दिवस पर लगाई गुहार

    फ्लूएंटग्रीड कंपनी पर तीन माह का वेतन बकाया, मीटर रीडरों ने तहसील दिवस पर लगाई गुहार

    तीन महीने से वेतन न मिलने से आर्थिक संकट, उपजिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, नियमित भुगतान की मांग।

    संवाददाता– एस.पी. सिंह
    सहजनवां, (गोरखपुर)।

    गोरखपुर। सहजनवां क्षेत्र में बिजली मीटर रीडिंग का कार्य करने वाले कर्मचारियों ने फ्लूएंटग्रीड लिमिटेड कंपनी पर तीन माह से वेतन न देने का आरोप लगाया है। कर्मचारियों ने सोमवार को तहसील दिवस पर उपजिलाधिकारी सहजनवां को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए लंबित वेतन का तत्काल भुगतान कराने की मांग की।

    कर्मचारियों का कहना है कि वे लगातार कार्य कर रहे हैं, लेकिन पिछले तीन महीनों से उन्हें वेतन नहीं मिला, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट गहरा गया है। परिवार के भरण-पोषण में कठिनाइयाँ उत्पन्न हो रही हैं और रोजमर्रा के खर्च पूरे करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने बताया कि कई बार कंपनी प्रबंधन से संपर्क करने के बावजूद कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
    शिकायती पत्र में कर्मचारियों ने मुख्य रूप से तीन मांगे रखी हैं। तीन माह का बकाया वेतन तत्काल दिलाया जाए, आगे से नियमित एवं समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए, और कंपनी प्रबंधन को जवाबदेह बनाकर समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए।

    ज्ञापन सौंपने वालों में रामबुझारत, रामाधीन, नीरज, प्रदीप, उमाशंकर, गिरधारी, राजा, प्रमोद, विशाल समेत दर्जनों मीटर रीडर शामिल रहे।

  • सांसद और फिल्म अभिनेता रवि किशन को मिली एक और उपलब्धि.. फिल्म फेयर के बाद “दादा साहब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल” 2025

    सांसद और फिल्म अभिनेता रवि किशन को मिली एक और उपलब्धि.. फिल्म फेयर के बाद “दादा साहब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल” 2025

    गोरखपुर। गोरखपुर के सांसद और फिल्म अभिनेता रवि किशन को एक और बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। उन्हें 2025 “दादा साहब फाल्के” इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल” पुरस्कार से भी नवाजा गया है। जैसे ही इसकी जानकारी प्रशंसकों को हुई उनमें खुशियों की लहर दौड़ गई। लोग बधाई देने उनके आवास पहुंचे। बता दें कि रवि किशन फिल्मों के साथ ही राजनीति में भी सक्रिय हैं। फिलहाल वह गोरखपुर से दूसरी बार सांसद है।

    गोरखपुर के सांसद एवं फिल्म अभिनेता रवि किशन शुक्ला लगातार अपने बयानों और गतिविधियों के कारण चर्चा में बने रहते हैं। जौनपुर जिले के केराकत गांव निवासी रवि किशन गोरखपुर संसदीय क्षेत्र से दूसरी बार बीजेपी से सांसद चुने जाने के अलावा भोजपुरी और हिंदी फिल्मों में। भी लगातार सक्रिय हैं। फिल्मों के पिछले 33 वर्षों के लंबे संघर्ष के दौरान उन्होंने कई भोजपुरी और हिंदी फिल्मों में काम किया है, इसके अलावा उन्होंने साउथ की फिल्मों में भी कई अच्छी भूमिकायें निभाई हैं। अभी हाल ही में उन्हें हिंदी फिल्म “लापता लेडीज” के लिए फिल्म फेयर अवार्ड से नवाजा गया था। अभी इसकी खुशियां मनाई ही जा रही थी,बधाइयों का तांता जारी था कि इसी बीच उन्हें 2025 “दादा साहब फाल्के” इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। जैसे ही इसकी जानकारी उनके समर्थको और चाहने वालों तक पहुंची, उनमें खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने अपने चहेते कलाकार को बधाई देने के लिए उन्हें फोन करना शुरू कर दिया, तो कुछ उनके आवास पर भी पहुंच गए। हालांकि रवि किशन इन दिनों बिहार विधानसभा चुनाव में स्टार प्रचारक के तौर पर व्यस्त हैं। मगर पिछले दो दिनों से वह गोरखपुर में हैं, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ विभिन्न कार्यक्रमों में मंच साझा किया।

    रवि किशन शुक्ला को जब फिल्मफेयर अवार्ड से नवाजा गया तो उन्होंने कहा था कि यह मेरी 33 वर्ष की तपस्या का फल है,जिसे मैं अपने माता= पिता,समर्थकों और चाहने वालों को समर्पित करता हूं। बाबा गोरखनाथ के आशीर्वाद और माननीय प्रधानमंत्री मोदी जी और मुख्यमंत्री महाराज योगी जी के सानिध्य में रहते हुए जनता के लिए जो कुछ भी हो सकेगा उसे पूरा करूंगा। इस बारे में सांसद के पीआरओ पवन दुबे से जब एनबीटी की बातचीत हुई तो उन्होंने कहा कि सांसद जी को फिल्म “दादा साहब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल” पुरस्कार मिलने की जानकारी शनिवार की रात हुई, सांसद जी के साथ मैं पिछले कई वर्षों से हूं, इन्होंने इस मुकाम को हासिल करने के लिए बहुत तपस्या और मेहनत की है, मैं इसका साक्षात गवाह हूं। आज उन्हें जो कुछ भी सम्मान मिल रहा है वह उनकी मेहनत और लगनशीलता का फल है।

    बता दें कि रवि किशन मूल रूप से जौनपुर जिले के केराकत गांव के रहने वाले हैं। एक सामान्य परिवार में जन्मे रवि किशन ने 19 वर्ष की अवस्था में काम करने के लिए भोजपुरी सिनेमा का रुख किया। जहां भोजपुरी फिल्मों में काम करने के साथ ही बॉलीवुड में भी भाग्य आजमाने मुंबई पहुंच गए। कई सालों के संघर्ष और मेहनत के बाद उन्हें फिल्मों में छोटी-मोटी भूमिकायें मिलनी शुरू हुई। हिंदी फिल्म हेरा= फेरी 2 में उन्होंने एक ऐसी विलेन की भूमिका निभाई थी जो तुतला कर बोलता है। इस रोल को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। फिल्म के लिए रवि किशन को अवार्ड से भी नवाजा गया था। आज रवि किशन शुक्ला किसी परिचय के मोहताज नहीं उन्हें फिल्मों से लेकर सोशल मीडिया तक खूब पसंद किया जा रहा है, लोग उनके स्टेटमेंट और वीडियो को जमकर लाइक और फॉलो करते हैं। सोशल मीडिया पर उनकी फैन फॉलोइंग करोड़ों में हो चुकी है। रवि किशन ने अब तक विभिन्न भाषाओं की लगभग 200 फिल्मों में काम किया है जो भोजपुरी सिनेमा के लिए एक रिकॉर्ड है। दादा साहब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल पुरस्कार से नवाजे जाने के बाद रवि किशन ने कहा कि यह सब मुझे, मेरे पूज्य माता-पिता के आशीर्वाद, समर्थकों के प्यार और गुरु गोरखनाथ बाबा के आशीष से प्राप्त हुआ है। बेहतर करने की प्रेरणा मुझे माननीय प्रधानमंत्री मोदी जी और पूज्य महाराज योगी जी से मिलती है। इसके लिए मैं सभी का हृदय की गहराईयों से आभार व्यक्त करता हूं।

  • अजीउल्लाह उर्फ चकिया प्राथमिक विद्यालय से स्मार्ट टीवी, टैबलेट, मोटर समेत लाखों का सामान चोरी

    अजीउल्लाह उर्फ चकिया प्राथमिक विद्यालय से स्मार्ट टीवी, टैबलेट, मोटर समेत लाखों का सामान चोरी

    सूर्य प्रकाश ओझा

    गोरखपुर ।चिलुआताल थाना क्षेत्र के मजनू चौकी अंतर्गत अजीउल्लाह उर्फ चकिया स्थित प्राथमिक विद्यालय में बीती रात चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने किचन और कार्यालय के दरवाजे तोड़कर प्रोजेक्टर, टैबलेट, साउंड सिस्टम, मोटर ,गैस सिलेंडर, टैबलेट, सीलिंग फैन ,ब्लूटूथ स्पीकर, स्मार्ट टीवी,बच्चों के खेलकूद के सामान और बर्तन चुरा लिए। वही महत्वपूर्ण दस्तावेज भी गायब हैं।

    ग्रामीणों ने स्कूल के ताले टूटे देखकर प्रधानाध्यापिका बिना तिवारी को सूचना दी। घटना की जानकारी होने पर वह तत्काल विद्यालय पहुंची और विद्यालय कमरों के अंदर जाकर देखा तो सारे सामान बिखरे पड़े थे । उन्होंने इसकी सूचना स्थानी चौकी मजनू को दी सूचना पर पहुंची पुलिस निरीक्षण कर प्रधानाध्यापिका बिना तिवारी की तहरीर पर पुलिस अज्ञात चोरो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई।

  • समावेशी शिक्षा पर हुई पैनल चर्चा

    समावेशी शिक्षा पर हुई पैनल चर्चा

    विशेष बच्चों की स्वीकृति और कौशल विकास पर जोर।

    गोरखपुर। गोरखपुर में समावेशी शिक्षा को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पैनल चर्चा का आयोजन किया गया। जिसका संचालन श्रीमती शिखा तिवारी और डॉ. मनीषा तेवतिया द्वारा किया गया। इस चर्चा में विशेष शिक्षकों, परामर्शदाताओं, मनोवैज्ञानिकों, प्रशासनिक अधिकारियों और अभिभावकों ने भाग लिया।

    कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. संजय कुमार, मनोवैज्ञानिक और विभागाध्यक्ष, सीसीएस विश्वविद्यालय मेरठ तथा अध्यक्ष, मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता भारत; डॉ. रीना तोमर, मनोवैज्ञानिक, एससीईआरटी, और प्रतिभा मैडम, विशेष शिक्षिका, एपीएस गोरखपुर उपस्थित रहीं। सभी विशेषज्ञों ने समावेशी शिक्षा के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन, सरकारी नीतियों की कमियों और विशेष बच्चों की समाज में स्वीकृति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार साझा किए।
    पैनल ने विशेष रूप से यह रेखांकित किया कि समाज में जागरूकता की कमी और संसाधनों का अभाव समावेशी शिक्षा के मार्ग में बड़ी बाधा है। वक्ताओं ने सुझाव दिया कि विशेष बच्चों के लिए कौशल प्रशिक्षण, सहायक शिक्षकों की उपलब्धता और अभिभावकों की भागीदारी को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। सभी प्रतिभागियों ने मिलकर संकल्प लिया कि शिक्षा व्यवस्था को अधिक संवेदनशील और समावेशी बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

  • नए कानूनों के प्रति जगरूकता अभियान -2023 के  तहत सहजनवां थाने की पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

    नए कानूनों के प्रति जगरूकता अभियान -2023 के  तहत सहजनवां थाने की पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

    छात्रों को बताए गए अधिकार, जिम्मेदारियां और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधान।

    संवाददाता– एस.पी. सिंह
    सहजनवां, (गोरखपुर)।

    मुरारी इंटर कॉलेज में शुक्रवार को सहजनवां थाने की पुलिस टीम ने नए आपराधिक कानूनों के प्रति जागरूकता अभियान -2023 के तहत अभियान चलाया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने छात्रों को नए  कानूनो की जानकारी दी और बताया कि नागरिकों को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग रहना चाहिए।

    थाने से पहुंचे सब इंस्पेक्टर विशाल कुमार सिंह और सुमित कुमार ने भारतीय न्याय संहिता (बी.एन.एस), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बी.एन.एस.एस) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (बी.एस.ए) के मुख्य प्रावधानों को सरल भाषा में समझाया। उन्होंने बताया कि नए कानूनों का उद्देश्य न्याय प्रक्रिया को तेज, पारदर्शी और नागरिक हित में अधिक प्रभावी बनाना है।

    वही थाने से आए कांस्टेबल दिनेश यादव, संदीप कुशवाहा ने छात्रों से अपील की, कि वे समाज में जागरूक नागरिक बनकर कानून का पालन करें और किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

    कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य मेजर साकेत जी ने पुलिस विभाग के इस जनजागरूकता प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम छात्रों को जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं।

    इस दौरान विद्यालय के अध्यापकों सहित सैकड़ों छात्र कार्यक्रम में मौजूद रहे।

     

  • श्रद्धालुओं के स्वागत को सज कर तैयार छठ घाट, अधिकारियों के साथ विधायक ने परखी व्यवस्था

    श्रद्धालुओं के स्वागत को सज कर तैयार छठ घाट, अधिकारियों के साथ विधायक ने परखी व्यवस्था

    ब्यूरो प्रभारी — विनय तिवारी

    बड़हलगंज/गोरखपुर(निष्पक्ष टुडे)। नगर पंचायत बड़हलगंज सीमा क्षेत्र में सरयू तट पर बने छठ घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा व सेवा व्यवस्था का चिल्लूपार विधायक राजेश त्रिपाठी ने प्रशासनिक अधिकारियों के जायजा लिया।

    रविवार को विधायक राजेश त्रिपाठी, एसडीएम गोला अमित कुमार जायसवाल, नायब तहसीलदार जयप्रकाश के साथ सरयू तट पर पहुंचे और छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान मौजूद चेयरमैन प्रतिनिधि महेश उमर ने घाट पर नगर पंचायत द्वारा की गई व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए बताया कि नगर पंचायत द्वारा घाटों पर बेरिंगकेटिंग, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिये टेंट, कुर्सी, मार्गदर्शन व निगरानी के लिए ध्वनि विस्तारक यंत्रों के साथ सीसी टीवी कैमरा और एलईडी टीवी की व्यवस्था कराई गई है। उन्होंने बताया श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 28 तारीख की सुबह अर्घ्य हेतु गौ दुग्ध और चाय/काढ़ा की व्यवस्था कराई गई है।

    इस अवसर पर जनसेवा संस्था के महामंत्री सन्तोष जायसवाल, सभासद रवि निषाद, दीपक शर्मा, जीतेन्द्र पासी, सुदीप वर्मा, वरिष्ठ लिपिक सुनील कुमार, विधायक प्रतिनिधि आचार्य वेद प्रकाश त्रिपाठी, भाजपा मंडल अध्यक्ष दुर्गेश मिश्र, बृजेश उमर, मानस त्रिपाठी, सुरेश उमर, मोहन यादव, अभिषेक त्रिपाठी, अमरनाथ उमर, पवन यादव, महेश पटेल, हिमांशु गौड़, अमलेश कुमार, विपुल निषाद, रविन्द्र कुमार, कृष्ण कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे।